खबर

443 मीटर ऊंचाई पर प्रपोज, फिर लगी हथकड़ी! कौन हैं एंजेला और इवान जिन पर बन चुकी है नेटफ्लिक्स मूवी | Proposed at 443 meters, handcuffed by police! know Russian couple Angela and Ivan


प्यार में लोग क्या-क्या नहीं करते. कोई घुटनों पर बैठकर, कोई आसमान में उड़ते विमान में तो कोई पैराशूट जंपिंग के दौरान प्रपोज करता है. लेकिन एक रूसी कपल ने ऐसा कारनामा कर दिया जिसकी चर्चा पूरी दुनिया में हो रही है. उनके इस हैरतअंगेज पर जोखिम भरे कारनामे के बाद उन्हें गिरफ्तार भी कर लिया गया.

रूस के ये मशहूर ‘रूफटॉपर्स’ एंजेला निकोलाउ और इवान बीरकुस हैं, जिन्होंने न्यूयॉर्क की 1,454 फीट (करीब 443 मीटर) ऊंची एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की खतरनाक ऊंचाई पर चढ़कर सगाई कर ली. इसके वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रखे हैं, लेकिन जैसे ही दोनों नीचे उतरे न्यूयॉर्क पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया.

अब सोशल मीडिया पर लोग ये सवाल पूछ रहे हैं- क्या यह दुनिया का सबसे रोमांटिक प्रपोजल था या सबसे खतरनाक?

आखिर हुआ क्या था?

1 जुलाई 2026 को काले कपड़े और मास्क पहने एंजेला और इवान बिना किसी सुरक्षा उपकरण के एम्पायर स्टेट बिल्डिंग की 103वीं मंजिल से ऊपर सबसे ऊपरी शिखर तक पहुंच गए. दोनों ने वहां एक बड़ा बैनर खोला, जिस पर लिखा था- When the power of love beats the love of power, the world knows peace.

यानी, जब प्यार की ताकत सत्ता के प्यार पर भारी पड़ जाएगी, तब दुनिया में शांति आएगी.

इसके बाद 32 वर्षीय इवान घुटनों के बल बैठे और 33 वर्षीय एंजेला को अंगूठी पहनाकर शादी के लिए प्रपोज किया.

एंजेला ने मुस्कुराते हुए ‘हां’ कहा. दोनों ने एकदूसरे को गले लगाया, किस किया और फिर नीचे उतरने लगे.

लेकिन नीचे उनका इंतजार न्यूयॉर्क पुलिस कर रही थी.

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: New York Police

पुलिस ने क्यों किया गिरफ्तार?

न्यूयॉर्क पुलिस के मुताबिक दोनों बिना अनुमति इमारत के प्रतिबंधित हिस्से में घुस गए थे.

जांच में सामने आया कि दोनों कथित तौर पर 102वीं मंजिल के ऊपर लगे सुरक्षा गेट को पार कर 103वीं मंजिल और फिर वहां से स्पायर तक पहुंच गए.

नीचे उतरते ही पुलिस ने दोनों को हिरासत में ले लिया.

उन पर आपराधिक अतिक्रमण, लापरवाही से दूसरों की जान खतरे में डालने, आपराधिक शरारत और गंभीर चोरी जैसे आरोप लगाए गए हैं. हालांकि इस घटना में कोई घायल नहीं हुआ.

Empire State Building

Photo Credit: AFP

एम्पायर स्टेट बिल्डिंग प्रबंधन ने क्या कहा?

बिल्डिंग प्रबंधन का कहना है कि पूरी घटना के दौरान ऑब्जर्वेशन डेक पर मौजूद पर्यटकों या कर्मचारियों को कोई खतरा नहीं हुआ.

प्रबंधन ने यह भी कहा कि अगर कोई यादगार शादी का प्रस्ताव देना चाहता है तो इसके लिए बिल्डिंग का ऑब्जर्वेशन डेक पहले से मौजूद है. ऐसे खतरनाक तरीके अपनाने की जरूरत नहीं है.

Angela Nikolau and Ivan Beerkus Instagram

एंजेला और इवान
Photo Credit: Instagram

कौन हैं एंजेला निकोलाउ और इवान बीरकुस?

अगर आपको लगता है कि यह उनका पहला कारनामा था, तो ऐसा बिल्कुल नहीं है.

एंजेला और इवान दुनिया के सबसे मशहूर ‘रूफटॉपर्स’ में गिने जाते हैं.

रूफटॉपर्स वे लोग होते हैं जो बिना सुरक्षा उपकरणों के ऊंची-ऊंची इमारतों, पुलों और टावरों पर चढ़ते हैं और वहां फोटो या वीडियो बनाते हैं.

दोनों मूल रूप से रूस के रहने वाले हैं और अब न्यू जर्सी में रहते हैं.

उनकी खतरनाक जिंदगी पर 2024 में नेटफ्लिक्स की चर्चित डॉक्यूमेंट्री ‘स्काइवॉकर्सः ए लव स्टोरी’ भी बनी थी.

बाद में उनके वीडियो इंस्टाग्राम और टिकटॉक पर भी वायरल हुए.

दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची इमारत पर भी चढ़ चुके

एंजेला और इवान पहले भी कई खतरनाक इमारतों पर चढ़ चुके हैं. इनमें मलेशिया की दुनिया की दूसरी सबसे ऊंची इमारत मर्डेका 118, चीन की अधूरी गगनचुंबी इमारत गोल्डिन फाइनैंस 117 और दुनिया के कई मशहूर टावर शामिल हैं. दोनों का कहना है कि ऊंचाइयों पर चढ़ना उनके लिए सिर्फ रोमांच नहीं बल्कि एक कला है.

इवान ने एक इंटरव्यू में कहा था, “रूफटॉपिंग मुझे जीने की प्रेरणा देती है.”

वहीं एंजेला कहती हैं, “मेरे लिए रूफटॉपिंग ही मेरी कला है.”

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Instagram

पहले भी हो चुकी है गिरफ्तारी

दोनों यह भी स्वीकार कर चुके हैं कि उन्हें पहले भी कई देशों में ऐसे स्टंट के दौरान गिरफ्तार किया जा चुका है.

एंजेला का कहना है, “जब बाकी लोग नियमों का पालन करते हैं, तब हम सिस्टम के ऊपर होते हैं… सचमुच ऊपर. वहीं जाकर हमें एहसास होता है कि हम वास्तव में कौन हैं.”

Latest and Breaking News on NDTV

Photo Credit: Instagram

सोशल मीडिया पर वायरल हो गया वीडियो

एंजेला ने सगाई की तस्वीरें और वीडियो अपने इंस्टाग्राम पर साझा किए. एक तस्वीर में इवान घुटनों के बल दिखाई देते हैं, जबकि दूसरी तस्वीर में एंजेला अपनी सगाई की अंगूठी दिखाती नजर आती हैं. कुछ ही घंटों में ये तस्वीरें पूरी दुनिया में वायरल हो गईं.

इस घटना के बाद सोशल मीडिया दो हिस्सों में बंट गया. कुछ लोगों ने इसे दुनिया का सबसे रोमांटिक प्रपोजल बताया. वहीं कई लोगों ने कहा कि यह प्यार नहीं बल्कि बेहद खतरनाक और गैर-जिम्मेदाराना स्टंट था, जिससे बचावकर्मियों और पुलिस की जान भी खतरे में पड़ सकती थी.

Empire State Building

Photo Credit: AFP

क्या पहले भी किसी ने एम्पायर स्टेट बिल्डिंग पर चढ़ाई की है?

ऐसी घटनाएं बेहद कम हुई हैं.

1994 में फ्रांस के मशहूर पर्वतारोही एलेन रॉबर्ट ने अनुमति के साथ इस इमारत पर चढ़ाई की थी.

2023 में हॉलीवुड एक्टर और सिंगर जेरेड लेटो ने अपने बैंड थर्टी सेकेंड टू मार्स के वर्ल्ड टूर के प्रमोशन के लिए आधिकारिक अनुमति लेकर एम्पायर स्टेट बिल्डिंग के ऊपरी हिस्से तक चढ़ाई की थी. फिर उन्होंने वहां से बैंड का एक गाना गाया.

लेकिन एंजेला और इवान की तरह बिना अनुमति स्पायर तक पहुंचना दुर्लभ है.

अब सवाल ये है कि इस वायरल स्टंट को प्यार की मिसाल के तौर पर याद किया जाएगा या कानून और सुरक्षा नियमों को चुनौती देने वाली घटना के रूप में याद रखा जाएगा?






Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button