
मध्य प्रदेश के सागर जिले की गोपालगंज थाना पुलिस ने एक शातिर और फरार बदमाश को पकड़ने के लिए फिल्मी अंदाज में अनोखी कार्रवाई की है. कई संगीन मामलों में फरार चल रहे आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की टीम हाथ ठेला लेकर उसके इलाके में पहुंची और नाटक कर रहे बदमाश का पर्दाफाश करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया.
पुलिस संकरी गलियों में से उसे हाथ ठेला पर बैठाकर थाने लेकर आई. पुलिस की यह कार्रवाई अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है. बता दें कि शातिर बदमाश खुद को बीमार बताकर पुलिस को चकमा दे रहा था, लेकिन पुलिस ने आखिरकार आरोपी को दबोच लिया.
बीमारी का नाटक कर बच रहा था आरोपी
मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के शनिचरी इलाके का है. पुलिस को लंबे समय से मारपीट और लूट जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी अंकित उर्फ मगरा की तलाश थी. गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी खुद को घायल बताकर बीमारी का नाटक कर रहा था. इतना ही नहीं, वह पुलिस को चकमा देने के लिए नाम बदल-बदल कर अलग-अलग जगहों पर अपना इलाज भी करवा रहा था.
कटर मारकर लूट करने का है मामला
गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम मगरा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 11 फरवरी को पीड़ित भास्कर श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अंकित उर्फ मगरा ने उनके साथ कटर मारकर मारपीट की और लूट की वारदात को अंजाम दिया था. इस घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था.” थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी अंकित बेहद शातिर है और उस पर पहले से ही चार गंभीर मामले दर्ज हैं.
अयोध्या विवाद का असर! महाकाल से ओंकारेश्वर तक बदलेगी दान व्यवस्था, MP सरकार लाएगी डिजिटल सिस्टम
सूचना मिलते ही पुलिस ने बदला भेष
आज पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि आरोपी अंकित अपने घर पर ही छिपा हुआ है. आरोपी दोबारा भाग न पाए और उसे पुलिस की मौजूदगी का शक न हो, इसलिए टीम ने अपनी रणनीति बदली. पुलिसकर्मी हाथ ठेला लेकर आम लोगों की तरह उसके इलाके में दाखिल हुए. जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, उसका बीमारी का नाटक धरा का धरा रह गया. पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा.
होगी जिला बदर की कार्रवाई
लंबे समय से आतंक का पर्याय बने इस बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उस पर शिकंजा और कसने की तैयारी में है. थाना प्रभारी ने साफ किया है कि इस शातिर अपराधी के खिलाफ जिला बदर जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे.
कांग्रेस का CM मोहन यादव-परिवार पर आरोप, उज्जैन में जहां खरीदी जमीनें, वहीं से निकली परियोजनाएं