खबर

मोहन भागवत ने भारत के हिंदू समाज को क्या दिया टारगेट? | Mohan Bhagwat Calls For A Self Reliant Hindu Society To Lead India And The World Towards Peace


राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत ने हिंदू समाज के सामने एक बड़ा लक्ष्य रखते हुए कहा है कि ऐसा संगठित, सद्गुण-संपन्न और आत्मनिर्भर समाज खड़ा किया जाना चाहिए, जो न केवल भारत को मजबूत बनाए बल्कि पूरी दुनिया को सुख-शांति का नया मार्ग भी दिखाए. उन्होंने कहा कि समाज को जल्दी से जल्दी इस भूमिका के लिए तैयार करना होगा और इसके लिए निरंतर तपस्या, संपर्क और संगठन का काम जारी रखना होगा.

दिल्ली के रोहिणी स्थित समरसता स्थल में रविवार को आयोजित ‘राष्ट्र वंदनम्’ कार्यक्रम में स्वयंसेवकों और आम नागरिकों को संबोधित करते हुए मोहन भागवत ने कहा कि हिंदू समाज को ऐसा बनाना है, जहां स्वतंत्रता हो, अधिकतम समता हो, किसी तरह का भेदभाव न हो, सबका सम्मान और स्वीकार हो तथा सभी को न्याय मिले. उनके मुताबिक ऐसा समाज अपने भाग्य का निर्माण खुद करेगा और अपनी व्यवस्थाओं को अपने नियंत्रण में सुचारू रूप से चला सकेगा.

इस कार्यक्रम में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण और कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान भी शामिल थे. इसके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय नितिन नवीन भी शामिल थे.

Latest and Breaking News on NDTV

हिंदू समाज से दुनिया को उम्मीद

मोहन भागवत ने कहा कि बदलते समय, विज्ञान और नई तकनीकों के बीच भी समाज को अपने सनातन मूल्यों और सत्य के आधार को मजबूती से पकड़कर आगे बढ़ना होगा. उन्होंने कहा कि ऐसा समाज दुनिया में सीना तानकर चलेगा, किसी को नुकसान नहीं पहुंचाएगा बल्कि अपने व्यवहार और सद्भाव से दुनिया में अमन और सुकून बढ़ाएगा.

उन्होंने कहा कि आधुनिक दौर में पूरी दुनिया भारत और हिंदू समाज से इसी तरह की भूमिका की अपेक्षा कर रही है. इसलिए स्वयंसेवकों का दायित्व है कि वे खुद को और समाज को जल्द से जल्द इस जिम्मेदारी के लिए तैयार करें.

‘अनुकूलता का लाभ लेने नहीं, तपस्या करने आए हैं’

संघ प्रमुख ने स्वयंसेवकों को याद दिलाया कि संगठन का काम किसी राजनीतिक या व्यक्तिगत लाभ के लिए नहीं है. उन्होंने कहा कि परिस्थितियां अनुकूल हुई हैं, लेकिन स्वयंसेवकों का मकसद उसका लाभ उठाना नहीं, बल्कि समाज के लिए लगातार तपस्या करना है.

इस दौरान उन्होंने समुद्र मंथन और भगवान शिव के प्रसंग का जिक्र करते हुए कहा कि शिव ने अमृत मंथन से निकली लक्ष्मी, कौस्तुभ, पारिजात या अन्य रत्नों को स्वीकार नहीं किया, बल्कि दुनिया के कल्याण के लिए हलाहल विष पिया. भागवत ने कहा कि स्वयंसेवकों को भी उसी त्याग, सजगता और निरासक्ति के भाव से काम करना चाहिए.

‘सज्जन शक्ति मौन न रहे, खुलकर बोले’

मोहन भागवत ने कहा कि समाज में अच्छाई का माहौल बनना चाहिए और लोगों को अब मौन नहीं रहना चाहिए. उन्हें खुलकर बोलना होगा और समाज को सही दिशा देने में अपनी भूमिका निभानी होगी. उनके अनुसार सात्विक शक्ति के आधार पर समाज की व्यवस्थाओं को मार्गदर्शन मिलेगा और एक सकारात्मक दिशा तय होगी.

उन्होंने कहा कि समाज के भीतर मौजूद सभी सकारात्मक और सात्विक शक्तियों को जोड़ना होगा. संपर्क और संवाद के जरिए उन्हें इस अभियान का भागीदार बनाना होगा ताकि देश को आगे बढ़ाने का साझा प्रयास खड़ा हो सके.

Latest and Breaking News on NDTV

‘यह संघ का नहीं, पूरे देश का काम’

अपने संबोधन के अंत में भागवत ने साफ कहा कि यह कोई ऐसा अभियान नहीं है जो सिर्फ संघ के लिए चल रहा हो. उन्होंने कार्यक्रम में मौजूद लोगों से कहा कि यह पूरे देश का काम है. समाज के सहयोग, स्नेह और आशीर्वाद से ही यह प्रयास आगे बढ़ सकता है.

उन्होंने कहा कि लक्ष्य ऐसा भारत बनाना है जो विश्व में सिरमौर के रूप में खड़ा हो और पूरी मानवता को सुख-शांति देने वाली नई व्यवस्था का रास्ता दिखा सके. इसेक साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए सौ साल इंतजार नहीं करना चाहिए, बल्कि अपने कर्तृत्व और प्रयासों से इसे जल्द से जल्द साकार करने की दिशा में काम करना चाहिए.

यह भी पढ़ें: राहुल-स्टालिन गले मिले, लेकिन परिसीमन पर दिल नहीं मिला; चेन्नई में नाकाम, अब शरद को मनाने चले कांग्रेस नेता





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button