खबर

Bhuvan Bam के खिलाफ FIR, अश्लील टिप्पणी को लेकर मामला दर्ज, NDTV के पास FIR की एक्सक्लूसिव कॉपी | Gujarat Police Registers FIR Against Bhuvan Bam For Alleged Obscene Remarks At Vadodara University Comedy Show



गुजरात के वडोदरा के परुल यूनिवर्सिटी कैंपस में हुए एक कॉमेडी शो का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मशहूर यूट्यूबर और कॉमेडियन भुवन बाम के खिलाफ गुजरात पुलिस ने FIR दर्ज कर ली है. NDTV के पास मौजूद एक्सक्लूसिव FIR कॉपी के मुताबिक, उन पर मंच से कथित अश्लील टिप्पणी करने और आपत्तिजनक हरकत करने का आरोप है.

गुजरात पुलिस ने कॉमेडियन और यूट्यूबर भुवन बाम के खिलाफ FIR दर्ज की है. NDTV को मिली एक्सक्लूसिव FIR कॉपी के अनुसार, यह मामला वडोदरा ग्रामीण जिले के वाघोडिया पुलिस स्टेशन में दर्ज किया गया है. पुलिस ने उनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296 के तहत सार्वजनिक स्थान पर अश्लील कृत्य और अश्लील टिप्पणियों से जुड़ा मामला दर्ज किया है.

वडोदरा ग्रामीण के एसपी सुशील अग्रवाल ने NDTV से बातचीत में FIR दर्ज होने की पुष्टि की. उन्होंने कहा, “वाघोडिया पुलिस स्टेशन में भुवन बाम की टिप्पणियों को लेकर FIR दर्ज की गई है.”

FIR के अनुसार, जिस कार्यक्रम में यह कथित घटना हुई, उसमें मनन देसाई, चिराग मिस्त्री, दीप वैद्य, भुवन बाम और संजीदा शेख समेत कई कलाकार मौजूद थे.

वायरल वीडियो में क्या दिखा?

सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में मंच पर मौजूद एक महिला भुवन बाम से कहती दिखाई देती है कि उसका मन करता है कि वह किसी वाहन के नीचे आ जाए ताकि उसे दो-तीन महीने तक कोई परेशान न करे. आरोप है कि इसके जवाब में भुवन बाम ने महिला को लेकर अभद्र टिप्पणी की. 

वीडियो में आगे कथित तौर पर उन्होंने अपने ही वीडियोज के एक किरदार ‘टिटू मामा’ का जिक्र करते हुए बाथरूम से जुड़ी टिप्पणी की और अश्लील इशारे भी किए. वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली और बड़ी संख्या में लोगों ने इसे विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों के सामने किया गया अभद्र व्यवहार बताया.

यूनिवर्सिटी के सुरक्षा प्रमुख की शिकायत पर मामला दर्ज

FIR के मुताबिक, शिकायत 58 वर्षीय महेंद्र प्रताप सिंह ने दर्ज कराई है. वह पिछले पांच साल से परुल यूनिवर्सिटी में सुरक्षा प्रमुख के तौर पर कार्यरत हैं. शिकायत उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से अधिकृत किए जाने के बाद दर्ज कराई.

शिकायत में कहा गया है कि 25 नवंबर की शाम करीब 5:30 बजे से 7:30 बजे के बीच वडोदरा के लिमडा गांव स्थित परुल यूनिवर्सिटी परिसर के खुले मैदान में ‘द लावरी शो’ का आयोजन किया गया था. यह कार्यक्रम द कॉमेडी फैक्ट्री इवेंट ग्रुप की ओर से आयोजित किया गया था. इसमें बड़ी संख्या में विश्वविद्यालय के छात्र मौजूद थे.

‘क्लीन कॉमेडी’ की अनुमति दी गई थी: यूनिवर्सिटी

FIR में दर्ज शिकायत के अनुसार, विश्वविद्यालय ने कार्यक्रम के लिए अनुमति देते समय आयोजकों को स्पष्ट रूप से निर्देश दिया था कि शो का कंटेट ऐसा हो जिससे शैक्षणिक संस्थान की गरिमा, प्रतिष्ठा और अनुशासन पर कोई आंच न आए. 

विश्वविद्यालय का कहना है कि कार्यक्रम के दौरान हुई कथित टिप्पणियों और हरकतों के बारे में उसे पहले से कोई जानकारी नहीं थी और न ही ऐसी किसी प्रस्तुति के लिए उसकी सहमति ली गई थी.

यूनिवर्सिटी का कहना है कि वायरल वीडियो सामने आने और विवाद बढ़ने के बाद प्रशासन ने मामले में कानूनी कार्रवाई की अनुमति दी.

सोशल मीडिया पर उठा था विरोध

कार्यक्रम की क्लिप्स वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर कई लोगों ने गुजरात पुलिस, मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल और उपमुख्यमंत्री हर्ष संघवी को टैग करते हुए कार्रवाई की मांग की थी.

इससे पहले गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता हेमांग महीपतराम रावल ने भी परुल यूनिवर्सिटी के देवांशु जे. पटेल को खुला पत्र लिखकर शो पर आपत्ति जताई थी. उन्होंने विश्वविद्यालय की भूमिका पर सवाल उठाते हुए जवाबदेही तय करने और कानूनी कदम उठाने की मांग की थी.

यह भी पढ़ें: परिसीमन बिल पर तैयारियां तेज, लोकसभा में सोमवार को कब क्या होगा; आया पूरा एजेंडा




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button