
SBI PO Recruitment 2026: बैंक में नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए अच्छी खबर है. स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) ने प्रोबेशनरी ऑफिसर यानी PO के 1500 पदों पर भर्ती का नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इसके साथ ही ऑनलाइन फॉर्म भरने की प्रक्रिया भी 18 जून 2026 से शुरू हो गई है. बैंकिंग सेक्टर में करियर बनाने की सोच रहे युवाओं के लिए ये बड़ा मौका माना जा रहा है. किसी भी सब्जेक्ट से ग्रेजुएशन कर चुके युवा इस भर्ती में फॉर्म भर सकते हैं. वहीं फाइनल ईयर के स्टूडेंट्स को भी अप्लाई करने का मौका दिया गया है. भर्ती से जुड़ी कई जरूरी जानकारियां भी सामने आ गई हैं.
किस कैटेगरी में कितनी सीटें
इस भर्ती के तहत कुल 1500 सीटों पर भर्ती की जाएगी. इनमें 588 सीटें जनरल कैटेगरी के लिए रखी गई हैं. इसके अलावा ओबीसी कैटेगरी के लिए 390 सीटें, एससी के लिए 234 सीटें, एसटी के लिए 144 सीटें और EWS कैटेगरी के लिए 144 सीटें तय की गई हैं. ऐसे में अलग-अलग कैटेगरी के युवाओं के लिए अच्छी संख्या में मौके दिये जा रहे हैं.
कौन भर सकता है फॉर्म
इस भर्ती में किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन कर चुके युवा फॉर्म भर सकते हैं. अगर कोई स्टूडेंट अभी फाइनल ईयर या फाइनल सेमेस्टर में पढ़ाई कर रहा है तो वो भी अप्लाई कर सकता है. हालांकि बाद में उसे अपनी डिग्री पूरी होने का सबूत देना होगा. यानी पढ़ाई पूरी करने वाले और पढ़ाई के आखिरी दौर में पहुंच चुके दोनों तरह के युवाओं को मौका मिलेगा.
उम्र और फीस की जानकारी
फॉर्म भरने वाले युवाओं की उम्र कम से कम 21 साल और ज्यादा से ज्यादा 30 साल होनी चाहिए. उम्र का कैलकुलेशन 1 अप्रैल 2026 के आधार पर किया जाएगा. ओबीसी, एससी और एसटी कैटेगरी के युवाओं को उम्र सीमा में छूट भी मिलेगी. वहीं फीस की बात करें तो जनरल, ओबीसी और EWS कैटेगरी के लिए 750 रुपये फीस रखी गई है. एससी, एसटी और दिव्यांग युवाओं को कोई फीस नहीं देनी होगी.
तीन स्टेज में होगा सिलेक्शन
- SBI PO भर्ती में सिलेक्शन तीन स्टेज में होगा.
- सबसे पहले प्रीलिम्स एग्जाम लिया जाएगा.
- इसके बाद सफल युवाओं को मेन्स एग्जाम के लिए बुलाया जाएगा.
- आखिरी स्टेज में साइकोमेट्रिक टेस्ट, ग्रुप एक्सरसाइज और इंटरव्यू होगा.
- प्रीलिम्स और मेन्स दोनों एग्जाम में गलत जवाब देने पर नेगेटिव मार्किंग भी लागू रहेगी. इसलिए तैयारी के साथ-साथ सावधानी भी जरूरी होगी.
सैलरी और जरूरी तारीखें
सिलेक्ट होने वाले युवाओं को शुरुआती बेसिक सैलरी 48,480 रुपये मिलेगी. दूसरी सुविधाएं और भत्ते जोड़ने के बाद ईयरली पैकेज करीब 21.97 लाख रुपये तक पहुंच सकता है. जॉइनिंग के समय 2 लाख रुपये का सर्विस बॉन्ड भी भरना होगा. ऑनलाइन फॉर्म भरने की आखिरी तारीख 8 जुलाई 2026 है. फीस जमा करने और फॉर्म में बदलाव करने की आखिरी तारीख भी 8 जुलाई 2026 तय की गई है.
यह भी पढ़ें- सिस्टम में नहीं बल्कि मानवीय चूक से गलती हुई, 1 महीने बाद COEMPT ने CBSE OSM विवाद पर दी सफाई
लेखक के बारे में
सुभाषिनी त्रिपाठी
सीनियर सब एडिटर
और पढ़ें





