खबर

400 संपत्तियों की कुर्की का आदेश एक अफसर ने कैसे दिया? ED की संपत्ति कुर्की पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला | Supreme Court major ruling on ED attachment of assets mandates presence of judicial member on the bench issuing such orders



दिल्ली:

सुप्रीम कोर्ट ने ED की संपत्ति कुर्की पर बड़ा फैसला देते हुए कहा है कि PMLA के तहत की गई संपत्ति की अस्थायी कुर्की की पुष्टि अब बिना न्यायिक सदस्य वाली बेंच नहीं कर सकेगी.सुनवाई और अंतिम फैसला देने वाली बेंच में न्यायिक सदस्य होने अनिवार्य हैं. अदालत ने ये फैसला मनी लॉन्ड्रिंग रोकथाम कानून (PMLA) के तहत ED की ओर से संपत्तियों की अस्थायी कुर्की की पुष्टि करने वाली फैसला प्राधिकरण की  संरचना को लेकर सुनाया.

फैसला प्राधिकरण की बेंच में न्यायिक सदस्य होना जरूरी

सीजेआई सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की बेंच ने स्पष्ट किया कि संपत्ति की कुर्की की पुष्टि करने और अंतिम निर्णय लेने वाली फैसला प्राधिकरण की बेंच में न्यायिक सदस्य का होना जरूरी है. कोर्ट ने कहा कि एक सदस्यीय बेंच भी मामलों की सुनवाई कर सकती है, लेकिन उसका सदस्य न्यायिक सदस्य होना चाहिए.

न्यायिक सदस्य की मौजूदगी क्यों जरूरी?

सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि ED की ओर से संपत्ति कुर्क किए जाने के बाद Adjudicating Authority का फैसला संबंधित व्यक्ति के नागरिक और संवैधानिक अधिकारों पर गंभीर असर डालता है.फैसला प्राधिकरण  के प्रशासनिक और वित्तीय सदस्यों के पास अपने-अपने क्षेत्रों का व्यापक अनुभव हो सकता है, लेकिन निष्पक्ष और कानूनसम्मत न्यायिक निर्णय के लिए न्यायिक समझ और प्रशिक्षण जरूरी है.

कोर्ट ने कहा कि निर्धारण या PMLA की धारा 8(3) के तहत आदेश जारी करने के लिए  फैसला प्राधिकरण की बेंच में कानून के क्षेत्र से जुड़े सदस्य का होना आवश्यक है.हालांकि शो-कॉज नोटिस जारी करने के लिए न्यायिक सदस्य जरूरी नहीं हैं. इसके साथ ही अदालत ने फैसला प्राधिकरणके कामकाज के दो अलग-अलग चरणों के बीच अंतर स्पष्ट किया.

1. धारा 8(1): शो-कॉज नोटिस जारी करने के लिए न्यायिक सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य नहीं होगी 

2.धारा 8(2) और 8(3): सुनवाई, साक्ष्यों पर विचार और संपत्ति की कुर्की की पुष्टि करने का अंतिम निर्णय केवल ऐसी बेंच लेगी जिसमें न्यायिक सदस्य शामिल हो.

चेयरपर्सन को आवश्यक सर्कुलर जारी करने का निर्देश

कोर्ट ने फैसला प्राधिकरण के चेयरपर्सन को निर्देश दिया कि वे PMLA की धारा 6 के तहत अपनी प्रशासनिक शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए आवश्यक सर्कुलर जारी करें, ताकि धारा 8(3) के तहत आदेश पारित करने वाली प्रत्येक बेंच में न्यायिक सदस्य शामिल हो. 

चेयरपर्सन का न्यायिक सदस्य होना जरूरी नहीं

सुप्रीम कोर्ट ने यह दलील भी खारिज कर दी कि फैसला प्राधिकरण का चेयरपर्सन अनिवार्य रूप से न्यायिक सदस्य होना चाहिए. कोर्ट ने कहा कि कानून की मौजूदा व्यवस्था के तहत ऐसी शर्त नहीं लगाई जा सकती. साथ ही PMLA की धारा 6(5)(b) और धारा 6(7) की वैधता भी बरकरार रखी गई. इन प्रावधानों के तहत एक या दो सदस्यों वाली बेंच गठित की जा सकती है. धारा 8(2) और 8(3) के तहत न्यायिक कार्यवाही के लिए अब न्यायिक सदस्य की मौजूदगी अनिवार्य होगी.

सुनवाई में ED की कार्यप्रणाली पर उठे थे सवाल

सुप्रीम कोर्ट में याचिकाकर्ताओं की ओर से दलील दी गई थी कि ED की संपत्ति कुर्क करने की शक्तियों के खिलाफ स्वतंत्र न्यायिक समीक्षा एक महत्वपूर्ण सुरक्षा कवच है. सीनियर एडवोकेट गोपाल शंकरनारायणन ने दलील दी थी कि न्यायिक कार्य करने वाली संस्थाओं को कार्यपालिका के प्रभाव से स्वतंत्र रहना चाहिए.ED की ओर से पेश एडिशनल सॉलिसिटर जनरल अनिल कौशिक ने एक सदस्यीय बेंच की व्यवस्था का बचाव किया था.

400 संपत्तियों की कुर्की का आदेश कैसे दिया?

सीनियर एडवोकेट जोहेब हुसैन ने कोर्ट को बताया था कि एक साल में लगभग 400 संपत्तियों की कुर्की हुई है. इस पर सुप्रीम कोर्ट ने सवाल उठाया था कि आखिर एक अधिकारी इतनी बड़ी संख्या में संपत्ति कुर्की के मामलों का फैसला कैसे कर सकता है.

जनवरी 2018 में दिल्ली हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने कहा था कि एक सदस्यीय बेंच में न्यायिक सदस्य का होना अनिवार्य नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने जुलाई 2018 में इस फैसले पर रोक लगा दी थी. मार्च 2023 में तेलंगाना हाईकोर्ट की एकल पीठ ने कहा था कि अर्ध-न्यायिक कार्य करने वाली फैसला प्राधिकरणमें कानूनी योग्यता वाले सदस्य होने चाहिए. हालांकि, फरवरी 2024 में डिवीजन बेंच ने एक मामले में इस फैसले को पलट दिया था.सुप्रीम कोर्ट ने इस कानूनी सवाल पर 15 सितंबर को फैसला सुरक्षित रख लिया था.

ये वीडियो भी देखें-

ये भी पढ़ें-संविधान दिवस पर चीफ जस्टिस ने किसे दी नसीहत, कहा- अपने दायरे में रहें

 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button