

अमेरिका द्वारा प्रस्तावित नए टैरिफ को लेकर भारत ने अपना जवाब दिया है. USTR की धारा 301 जांच को लेकर वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा है कि वह USTR की ओर से जारी ‘नोटिस ऑफ डिटरमिनेशन’ और ‘रिक्वेस्ट फॉर कमेंट्स’ का अध्ययन कर रहा है.
बातचीत से समाधान पर जोर
भारत ने दोहराया कि व्यापार से जुड़े किसी भी मुद्दे या चिंता का समाधान बातचीत के जरिए होना चाहिए. सरकार के मुताबिक, भारत और अमेरिका के बीच द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर चर्चा जारी है और यही मंच व्यापारिक मतभेदों के समाधान के लिए सबसे उपयुक्त है.
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने कहा कि भारत सरकार 2 फरवरी 2026 की घोषणा और 7 फरवरी 2026 के संयुक्त बयान के अनुरूप भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते को जल्द अंतिम रूप देने के लिए अमेरिका के साथ मिलकर काम करने के लिए प्रतिबद्ध है.
यह जांच भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं के विनिर्माण क्षेत्रों में कथित स्ट्रैक्चुअल एक्सेस कैपिसिटी और उत्पादन से जुड़ी नीतियों और प्रक्रियाओं की समीक्षा से संबंधित है.
सरकार ने कहा कि इस पूरी जांच प्रक्रिया के दौरान भारत ने सहयोग किया है. वाणिज्य विभाग ने जांच शुरू होने के समय और बाद की कार्यवाही में स्पष्ट रूप से अमेरिका को बताया था कि भारत के किसी भी विनिर्माण क्षेत्र में स्ट्रैक्चुअल एक्सेस कैपिसिटी मौजूद नहीं है.
क्या है मामला?
अमेरिका ने बुधवार को भारत के साथ व्यापार समझौता नहीं होने की स्थिति में भारतीय वस्तुओं पर 25 प्रतिशत टैरिफ लगाने का प्रस्ताव किया. उसने भारत में जरूरत से ज्यादा औद्योगिक क्षमता, बाजार तक पहुंच में लगातार बनी बाधाओं और श्रमिकों को अपर्याप्त संरक्षण को इसकी वजह बताते हुए कहा कि इनसे अमेरिकी कंपनियों के हितों को नुकसान पहुंचता है.
इसके साथ ही यूएसटीआर ने कहा कि भारत के साथ व्यापार समझौता होने की स्थिति में भारतीय उत्पादों पर शुल्क की दर 17 प्रतिशत होगी.
यह प्रस्ताव यूएसटीआर की ओर से मार्च में 16 देशों एवं आर्थिक क्षेत्रों के खिलाफ धारा 301 के तहत शुरू की गई जांच का हिस्सा है. अमेरिका ने अन्य लक्षित अर्थव्यवस्थाओं पर 20 से 35 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का प्रस्ताव किया है. हालांकि, व्यापार समझौते वाले देशों के लिए कम दरें प्रस्तावित हैं.
यूरोपीय संघ, जापान, दक्षिण कोरिया, ताइवान और स्विट्जरलैंड के लिए आयात शुल्क सहित 15 प्रतिशत की दर प्रस्तावित है. वहीं, वियतनाम के साथ व्यापार समझौता अंतिम रूप लेने पर वहां से आयातित वस्तुओं पर 20 प्रतिशत शुल्क लगाने का प्रस्ताव है.
यह भी पढ़ें | अमेरिका का नया टैरिफ बम, भारत पर 25% तक टैक्स का प्रस्ताव, चीन पर सबसे बड़ा प्रहार





