

उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक युवती के साथ कथित दुष्कर्म, मारपीट और बंधक बनाकर रखने का मामला सामने आया है. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने मामले में दुष्कर्म के प्रयास और अनुसूचित जाति-जनजाति (एससी-एसटी) अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है.
होटल से भागकर लगाई मदद की गुहार
पुलिस के अनुसार मंगलवार को आबूलेन स्थित एक होटल से एक युवती ‘बचाओ-बचाओ’ चिल्लाते हुए बाहर निकली थी. आरोप है कि उसके पीछे आया एक युवक उसे पकड़कर दोबारा होटल के भीतर खींचने की कोशिश करने लगा. युवती का शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए. भीड़ जुटते देख आरोपी होटल की छत पर चढ़ गया और वहां से कूदकर फरार हो गया. घटना की पूरी तस्वीर होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई. बाद में इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल गया.
पीड़िता ने लगाए गंभीर आरोप
वीडियो सामने आने के बाद पीड़िता ने सदर बाजार थाने में शिकायत दर्ज कराई. महिला का आरोप है कि सलमान नामक युवक ने उसके साथ मारपीट की, दुष्कर्म किया और उसे बंधक बनाकर रखा. शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी.
मुठभेड़ के बाद आरोपी गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बीबीजीटीएस मूर्ति के अनुसार आरोपी की पहचान 29 वर्षीय सलमान निवासी शाहपुर जैननगर, थाना रोहटा के रूप में हुई है. पुलिस ने बुधवार को मुठभेड़ के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया. कार्रवाई के दौरान आरोपी घायल हो गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का एक तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस भी बरामद किया है.
होटल सील, प्रबंधन से पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने घटना से जुड़े होटल को सील कर अपने कब्जे में ले लिया है. जांच अधिकारियों का कहना है कि साक्ष्यों से छेड़छाड़ रोकने के लिए यह कदम उठाया गया है.
होटल प्रबंधक समेत कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. साथ ही होटल में कथित तौर पर चल रही अनैतिक गतिविधियों की भी जांच की जा रही है. पुलिस ने होटल को स्थायी रूप से सील कराने के लिए जिला प्रशासन, मेरठ विकास प्राधिकरण और छावनी परिषद को भी पत्र भेजा है.
चार टीमें कर रहीं जांच
एसएसपी ने बताया कि मामले की जांच के लिए पुलिस अधीक्षक नगर के नेतृत्व में चार टीमों का गठन किया गया है. उन्होंने कहा कि जांच के दौरान यदि किसी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है.
यह भी पढ़ें | ‘किसी और से शादी की तो मार दूंगा’, युवती को होटल में रातभर बंधक बना कर रखा, भागी तो बाल पकड़कर सड़क पर घसीटा





