खबर

सूरत में शराबबंदी में BJP नेता का ही खेल? वार्ड महामंत्री के घर से मिली शराब की 645 बोतलें, बेटा फरार | surat-bjp-leader-vijay-modi-liquor-raid-645-bottles-seized


सूरत:

गुजरात के सूरत में शराबबंदी के बीच भाजपा के एक पदाधिकारी के ही शराब के अवैध कारोबार में शामिल होने का मामला सामने आया है. लालगेट थाना क्षेत्र के खांड बाजार इलाके में पुलिस ने छापेमारी कर शराब का बड़ा जखीरा बरामद किया है. 

इस कार्रवाई में भाजपा के वार्ड नंबर-12 के महामंत्री बताए जा रहे 62 साल के विजय रतीलाल मोदी और करण पानवाला को गिरफ्तार किया गया है, जबकि विजय मोदी का बेटा राज मोदी फरार हो गया है. इस कार्रवाई के बाद शहर की राजनीतिक लॉबी में भी हलचल मच गई है.

मुखबिर की सूचना पर छापा

पुलिस के मुताबिक, लालगेट पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि खांड बाजार में SMC पार्किंग के पीछे स्थित लक्ष्मीभवन की पहली मंजिल पर रहने वाले विजय मोदी और उनका बेटा राज मोदी अपने मकान में विदेशी शराब का स्टॉक रखकर बिक्री कर रहे हैं.

सूचना के आधार पर पुलिस इंस्पेक्टर एच.जे. सोलंकी के मार्गदर्शन में PSI एस.ए. असारी और सर्विलांस टीम ने मौके पर छापा मारा. पुलिस की कार्रवाई के दौरान मकान से अलग-अलग ब्रांड की भारतीय निर्मित विदेशी शराब की छोटी-बड़ी कुल 645 बोतलें बरामद हुईं.

Latest and Breaking News on NDTV

3 लाख से ज्यादा का माल जब्त

पुलिस ने मौके से 2.65 लाख रुपये से अधिक कीमत की शराब और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं. दोनों मोबाइल की कीमत करीब 35 हजार रुपये बताई गई है. इस तरह पुलिस ने कुल 3,00,519 रुपये का माल जब्त किया है.

कार्रवाई के दौरान विजय रतीलाल मोदी (62) और करण राकेशभाई पानवाला (29) को गिरफ्तार किया गया. पुलिस के अनुसार, करण पानवाला शराब की पैकिंग और बिक्री के काम में शामिल था.

बेटा राज मोदी वांटेड, पहले भी कई केस

इस मामले में विजय मोदी के बेटे राज विजय मोदी को वांटेड घोषित किया गया है. पुलिस के मुताबिक, राज के खिलाफ पहले भी शराबबंदी कानून के तहत कई मामले दर्ज हो चुके हैं. उसके खिलाफ PASA के तहत भी कार्रवाई की जा चुकी है. 

पुलिस ने तीनों के खिलाफ गुजरात निषेध अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है.




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button