खबर

15 दिसंबर से पहले संसद सत्र के संकेत, PM मोदी ने मंत्रियों से कहा- विदेश यात्रा टालें, तैयारी पूरी रखें | PM Modi Signals Parliament Session Before 15 December Asks Ministers to Avoid Foreign Travel and Stay Prepared



प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने मंत्रिमंडल के सहयोगियों को 15 दिसंबर से पहले संसद के अगले सत्र की तैयारियां पूरी करने का सुझाव दिया है. उन्होंने मंत्रियों को सत्र से पहले विदेश यात्रा नहीं करने की सलाह भी दी है. इससे संकेत मिलता है कि सरकार चाहती है कि मंत्री इस दौरान उपलब्ध रहें. 

कैबिनेट मीटिंग में उठा संसद सत्र का मुद्दा

सूत्रों ने बताया कि बुधवार को मोदी की अध्यक्षता में हुई केंद्रीय मंत्रिमंडल की बैठक में संसद के अगले सत्र का मुद्दा भी उठा. सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री ने 15 दिसंबर से पहले संसद का सत्र बुलाने का संकेत दिया. उन्होंने कहा कि संसदीय मामलों की मंत्रिमंडलीय समिति सत्र शुरू होने की तारीख और उसकी अवधि को अंतिम रूप देगी. मोदी ने सत्र की तैयारियों की जरूरत पर जोर देते हुए मंत्रियों से अपने-अपने मंत्रालयों को आगामी सत्र के लिए तैयार रखने को कहा.

बुधवार रात तक संसद का मानसून सत्रावसान नहीं हुआ है. दोनों सदनों की बैठक 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के 103 दिन बाद भी सत्रावसान की घोषणा नहीं की गई है.

विपक्ष लगातार उठा रहा सवाल

संसद का शीतकालीन सत्र बुलाने में देरी को लेकर विपक्ष के लगातार सवालों के बीच इन घटनाक्रमों को महत्वपूर्ण माना जा रहा है. विपक्षी दलों ने कहा है कि मानसून सत्र स्थगित हुए 100 से अधिक दिन बीत चुके हैं, लेकिन अब तक सदन का सत्रावसान नहीं किया गया है. इस देरी से संसद का विशेष सत्र बुलाए जाने की अटकलें तेज हो गई हैं. यह चर्चा खास तौर पर लोकसभा और विधानसभा क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन के संदर्भ में हो रही है.

संसद का अगला सत्र 15 दिसंबर से पहले होने की संभावना के बीच सबकी नजर इस बात पर है कि क्या सरकार परिसीमन से जुड़े महिला आरक्षण विधेयक को पेश करेगी. हालांकि, इस महत्वपूर्ण संविधान संशोधन विधेयक को पारित कराने के लिए जरूरी संख्या जुटाना सरकार के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकता है.

क्या है सदन में संख्याबल का गणित?

वर्तमान 543 सदस्यीय लोकसभा में इस विधेयक को पारित कराने के लिए दो-तिहाई बहुमत यानी 361 सदस्यों के समर्थन की आवश्यकता होगी. तीन सीट रिक्त होने के कारण लोकसभा में फिलहाल 540 सदस्य हैं. NDA के पास 320 सदस्य हैं और दो-तिहाई बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए उसे विपक्षी दलों के समर्थन की जरूरत होगी. अप्रैल में लोकसभा में विधेयक के गिर जाने के बाद से राजनीतिक समीकरण बदल गए हैं और 26 सांसद विपक्षी खेमे से अलग हो गए हैं.

तृणमूल कांग्रेस के 20 बागी सांसदों ने पार्टी से अलग होकर नेशनलिस्ट सिटीजन्स पार्टी ऑफ इंडिया (NCPI) में विलय कर लिया और NDA को समर्थन देने का भरोसा दिया. वहीं, शिवसेना (UBT) के छह सांसद एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल हो गए. इन घटनाक्रमों से सरकार की स्थिति मजबूत हुई है, लेकिन इसके बावजूद उसे अतिरिक्त समर्थन की जरूरत होगी. लोकसभा में 22 सदस्यों वाली DMK और आठ सदस्यों वाली NCP (शरदचंद्र पवार) बदलते राजनीतिक समीकरणों में अहम भूमिका निभा सकती हैं.

राजनीतिक चुनौती केवल संख्या जुटाने तक सीमित नहीं है. विपक्षी दलों ने एसआईआर के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की है. ऐसे में विपक्षी दल संसद में भी अपना विरोध जारी रख सकते हैं, जिससे आगामी सत्र में फिर हंगामे के आसार हैं.

सत्तारूढ़ गठबंधन के एक सांसद ने कहा कि जब तक सदन सुचारू रूप से नहीं चलेगा, तब तक संविधान संशोधन विधेयक पर चर्चा और मतदान संभव नहीं होगा. मौजूदा सत्र को आगे बढ़ाने के लिए कम से कम दो दिन पहले सूचना देना जरूरी है, जबकि नया सत्र बुलाने के लिए कम से कम 14 दिन पहले सूचना देनी होती है.

सरकार ऐसे एक फार्मूले पर विचार कर रही है, जिसके तहत परिसीमन के प्रभावों को लेकर, खासकर दक्षिणी राज्यों की चिंताओं को दूर करने के लिए, सभी राज्यों में लोकसभा सीट की संख्या 50 प्रतिशत बढ़ाई जाएगी.

प्रस्तावित रूपरेखा में 1971 की जनगणना के आधार पर राज्यों के बीच सीट का मौजूदा अनुपात भी बरकरार रखने की बात है, हालांकि इस पर अभी कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया गया है. प्रस्तावित विधेयक -संविधान (131वां संशोधन) विधेयक, 2026- को 17 अप्रैल को संसद के विशेष सत्र में आवश्यक समर्थन नहीं मिल पाया था। ऐसे में शीतकालीन सत्र में इस विधेयक का भविष्य सरकार के लिए एक अहम राजनीतिक और विधायी परीक्षा होगा.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button