

पाकिस्तान में एक बार फिर प्रांतीय पहचान और सत्ता के केंद्रीकरण का मुद्दा गर्मा गया है. सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से जुड़ी उस कथित योजना के खिलाफ कराची में हजारों लोग सड़कों पर उतर आए, जिसमें सिंध समेत पाकिस्तान के चार बड़े प्रांतों की सीमाओं में बदलाव और नए प्रशासनिक यूनिट बनाने की बात कही जा रही है. प्रदर्शनकारियों ने साफ कहा कि सिंध की सरज़मीन, तहजीब और पहचान किसी भी कीमत पर कुर्बान नहीं की जाएगी.
कराची में इस सप्ताह सिंध के हजारों लोगों ने पारंपरिक अजरक और सिंधी टोपियां पहनकर विशाल रैली निकाली. यह प्रदर्शन जेये सिंध रहबर कमेटी की ओर से आयोजित किया गया था. रैली में राष्ट्रवादी नेताओं, राजनीतिक कार्यकर्ताओं, वकीलों और सिविल सोसाइटी के सदस्यों ने हिस्सा लिया.
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने सिंध की मौजूदा सीमाओं में किसी भी तरह के बदलाव का खुलकर विरोध किया. उनका कहना था कि सिंध की भौगोलिक और प्रशासनिक स्थिति से जुड़ा कोई भी फैसला वहां के लोगों की मर्जी के बिना नहीं लिया जा सकता. उन्होंने दो टूक कहा कि सिंध की क्षेत्रीय अखंडता पर कोई समझौता नहीं होगा.
‘सिर्फ प्रशासनिक मामला नहीं है सिंध’
रैली को संबोधित करते हुए नेताओं ने कहा कि सिंध केवल एक प्रशासनिक इकाई नहीं, बल्कि सदियों पुरानी सभ्यता, इतिहास और संस्कृति का प्रतीक है. इसलिए इसे सिर्फ प्रशासनिक सुविधा के नाम पर बांटने की कोशिश स्वीकार नहीं की जा सकती.
वक्ताओं ने नए प्रांतों या प्रशासनिक इकाइयों के गठन के लिए जनमत संग्रह कराने के विचार का भी विरोध किया. उनका कहना था कि ऐसी किसी भी कवायद से पहले संवैधानिक प्रक्रिया और जनता की राय सबसे अहम होनी चाहिए.
केंद्र सरकार को दी चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की सरकार और संबंधित संस्थाओं से अपील की कि ऐसे फैसलों से बचा जाए जो प्रांत के भीतर राजनीतिक तनाव और तफरका बढ़ा सकते हैं.
उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जनता की रजामंदी के बिना कोई प्रशासनिक बदलाव थोपने की कोशिश की गई तो उसका विरोध संवैधानिक, कानूनी और लोकतांत्रिक तरीकों से किया जाएगा. जरूरत पड़ने पर पूरे सिंध में बड़े पैमाने पर आंदोलन भी चलाया जाएगा.
क्या है आसिम मुनीर की योजना?
पाकिस्तान में हाल के महीनों से ऐसी चर्चा चल रही है कि देश के चार प्रमुख प्रांतों – पंजाब, सिंध, ख़ैबर पख्तूनख्वा और बलूचिस्तान को तोड़कर एक दर्जन या उससे अधिक प्रशासनिक इकाइयों में बदला जा सकता है. इस प्रस्ताव को सेना प्रमुख फील्ड मार्शल आसिम मुनीर से जोड़कर देखा जा रहा है. हालांकि अब तक उनकी ओर से समर्थन प्राप्त कोई आधिकारिक ब्लूप्रिंट सार्वजनिक नहीं किया गया है.
समर्थकों का तर्क है कि इससे प्रशासन अधिक प्रभावी होगा, शासन व्यवस्था विकेंद्रीकृत होगी और सरकारी सेवाएं लोगों तक बेहतर ढंग से पहुंच सकेंगी. लेकिन आलोचकों और कई विशेषज्ञों का मानना है कि ऐसा कदम पाकिस्तान के संघीय ढांचे को बुनियादी रूप से बदल सकता है.
ब्रिटिश पत्रिका द इकॉनॉमिस्ट ने 8 अक्टूबर के अपने संपादकीय में इस पहल को राजनीतिक विपक्ष को कमजोर करने और सैन्य नेतृत्व की पकड़ मजबूत करने की कोशिश के रूप में देखा था.
बिलावल भुट्टो की सख्त चेतावनी
इस मुद्दे पर पाकिस्तान पीपुल्स पार्टी (PPP) के अध्यक्ष बिलावल भुट्टो जरदारी भी खुलकर सामने आ गए हैं. 17 नवंबर को कराची प्रेस क्लब में आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने कहा कि यदि सिंध को जबरन बांटने की कोशिश की गई तो इसके गंभीर परिणाम हो सकते हैं.
बिलावल ने चेतावनी देते हुए कहा कि अगर किसी प्रांत को ताकत के दम पर विभाजित किया गया तो समाज में दुश्मनी बढ़ेगी, आम लोग हथियार उठा सकते हैं और हालात हिंसा तक पहुंच सकते हैं.
हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि उनकी पार्टी जनता की इच्छा, संविधान और कानून के मुताबिक नए प्रांतों के गठन के खिलाफ नहीं है. उनका विरोध केवल “जबरदस्ती और दबाव” के जरिए किए जाने वाले किसी भी विभाजन से है.
बिलावल ने कहा कि नए प्रांतों के गठन के लिए पाकिस्तान के संविधान में पहले से प्रक्रिया मौजूद है. ऐसे में जनमत संग्रह की बात करना एक गैर-संवैधानिक रास्ता तलाशने जैसा है. उन्होंने याद दिलाया कि पाकिस्तान के इतिहास में पहले भी जनमत संग्रह का इस्तेमाल विवादास्पद और अलोकतांत्रिक उद्देश्यों के लिए किया जा चुका है.
यह भी पढ़ें: ईरानी सुप्रीम लीडर मोजतबा खामेनेई की अपील- जल्दी शादी करें युवा और आबादी बढ़ाएं, दुश्मन इससे ही डरेगा





