

नई दिल्ली:
भारत में ‘मार्वल एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एडवांस बुकिंग शुरू हुए एक हफ्ता हो चुका है और इस फिल्म ने मार्केट में एंट्री लेते ही साबित कर दिया है कि बॉक्स ऑफिस पर नोटों की बरसात होने जा रही है. इस फिल्म ने टिकट खिड़की पर धूम मचा दी है. रिलीज में अभी भी तीन हफ्ते से ज्यादा का समय है लेकिन मार्वल की इस बड़ी फिल्म ने भारत में प्री-सेल्स के जरिए 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है. अभी तक इस फिल्म के 8 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. बुकिंग इस रफ्तार से बढ़ रही है यह हॉलीवुड फिल्म बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्मों, जैसे ‘रामायण’ और ‘धुरंधर: द रिवेंज’ को भी टक्कर दे रही है.
‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एडवांस बुकिंग
मार्वल स्टूडियोज ने भारत में 17 नवंबर की आधी रात को ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ के लिए टिकट बुकिंग शुरू की. यह भी तब शुरू हुई जब भारत में फैन्स से सोशल मीडिया पर #OpenDoomsdayBookings को X पर ट्रेंड कराया दिया. फिल्म की जबरदस्त मांग का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि देश के कई हिस्सों में इसके 24 घंटे शो रखे गए हैं. रिलीज के दिन के कई मिडनाइट शो तो कुछ ही घंटों में हाउस फुल हो गए.
एडवांस बुकिंग शुरू होने के एक हफ्ते बाद मंगलवार (24 नवंबर) सुबह तक सैकनिल्क के मुताबिक भारत में ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की प्री-सेल्स से 50 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई हो चुकी है. इसमें अकेले पहले दिन (Day 1) की 22 करोड़ रुपये की कमाई शामिल है. भारत में बहुत कम फिल्में ऐसी होती हैं जो रिलीज से तीन हफ्ते पहले ही 50 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हासिल कर पाती हैं. इससे साफ पता चलता है कि ‘डूम्सडे’ को लेकर लोगों में कितना क्रेज है.
फिलहाल यह फिल्म भारत में किसी हॉलीवुड फिल्म के लिए एडवांस बुकिंग का अब तक का रिकॉर्ड तोड़ने की राह पर है. इस साल की शुरुआत में ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ ने अपने पहले दिन के लिए प्री-सेल्स में 25 करोड़ रुपये कमाए थे. ‘डूम्सडे’ लगभग उस आंकड़े तक पहुंच चुकी है, जबकि सिनेमाघरों में रिलीज होने में अभी भी 23 दिन बाकी हैं.
‘रामायण’ और ‘धुरंधर’ से आगे निकली ‘डूम्सडे’
भारत में ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ की एडवांस बुकिंग की रफ्तार किसी हॉलीवुड फिल्म के लिए जबरदस्त है, जो कुछ महीने पहले ‘स्पाइडर-मैन: ब्रांड न्यू डे’ के गए रिकॉर्ड को भी पीछे छोड़ चुकी है. असल में मार्वल की यह फिल्म ‘रामायण’ और ‘धुरंधर 2’ जैसी अब तक की सबसे बड़ी हिंदी फिल्मों को भी पीछे छोड़ रही है.
यह भी पढ़ें: पाकिस्तानी नेटफ्लिक्स शो भारत में नहीं हो पाएगा रिलीज! AICWA ने पीएम मोदी को चिट्ठी लिख की बैन करने की मांग
‘रामायण’ और ‘धुरंधर 2’ दोनों ने अपनी रिलीज से एक हफ्ते से भी कम समय पहले एडवांस बुकिंग में 50 करोड़ का आंकड़ा पार कर लिया था, जबकि ‘एवेंजर्स: डूम्सडे’ ने रिलीज में 23 दिन बाकी रहते ही यह आंकड़ा पार कर लिया है. ‘डूम्सडे’ ने अकेले पिछले पांच दिनों में 20 करोड़ की कमाई की है, जिसका मतलब है कि एडवांस बुकिंग का लंबा टाइम इसकी रफ्तार पर कोई बुरा असर नहीं पड़ा है. अभी भी तीन हफ्ते से ज्यादा का समय बाकी है, इसलिए यह बताना मुश्किल है कि यह फिल्म आगे कहां तक जाएगी. 2024 में ‘पुष्पा 2: द रूल’ के नाम भारत में पहले दिन की एडवांस बुकिंग से 91 करोड़ की कमाई करने का रिकॉर्ड दर्ज है.





