

बिहार में एक बार फिर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार को लेकर बड़ी चर्चा छिड़ गई है. जनता दल (यूनाइटेड) के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा ने ऐसा बयान दिया है, जिसे पार्टी के अंदर भविष्य के नेतृत्व को लेकर अहम संकेत माना जा रहा है. संजय झा ने कहा कि अब जेडीयू को निशांत कुमार के नेतृत्व में आगे बढ़ाना है और पार्टी के सभी नेता उनके नेतृत्व में काम करेंगे. एक कार्यक्रम के दौरान संजय झा ने कहा कि उन्हें निशांत कुमार से बहुत उम्मीदें हैं, बल्कि ‘नीतीश कुमार से भी ज्यादा अपेक्षा निशांत कुमार से है.’
उन्होंने कहा कि निशांत कुमार का आकलन हमेशा उनके पिता और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कामकाज के आधार पर होगा. इसलिए उनके सामने बड़ी जिम्मेदारी और बड़ी चुनौती दोनों हैं.
‘जेडीयू को निशांत के नेतृत्व में चलना है’
संजय झा ने कहा कि लोगों को यह नहीं देखना चाहिए कि कौन मंत्री है, कौन उपमुख्यमंत्री है या कौन किस विभाग का जिम्मा संभाल रहा है. उन्होंने जोर देकर कहा कि पार्टी के लिए इस समय सबसे महत्वपूर्ण चेहरा निशांत कुमार हैं और आगे जेडीयू को उनके नेतृत्व में ही चलना है.
जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष ने कहा, “पार्टी अब निशांत कुमार को चलानी है. इन्हीं के नेतृत्व में हम लोगों को काम करना है. मंत्री हैं, उपमुख्यमंत्री हैं, कौन किस विभाग में है, यह सब मत देखिए. यही सब कुछ हैं, पार्टी को इन्हीं के नेतृत्व में चलाना है.”
यह भी पढ़ें: क्यों फिर एक-दूजे के हुए भाजपा और अकाली दल, पंजाब चुनाव में कितना असर; अमित शाह ने दिया ‘बड़े भाई’ वाला जवाब





