खबर

पंजाब में अकाली दल-बीजेपी गठबंधन का ऐलान, अमित शाह बोले- सुखबीर बादल ही होंगे CM का चेहरा | bjp and akali dal alliance announced today for punjab vidhan sabha chunav 2027 amit shah and sukhbir badal


नई दिल्ली:

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) ने आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अपने गठबंधन का ऐलान कर दिया है. केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन और अकाली दल अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने भाजपा मुख्यालय में एनडीए में शिरोमणि अकाली दल के फिर से एनडीए में शामिल होने की घोषणा की. अगले साल होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए दोनों दलों के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत चल रही है.

घोषणा के दौरान गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, “सभी को गुरु पर्व की बधाई. हमारे राष्ट्रीय साहब के नेतृत्व में आज अभी-अभी एक बैठक हुई है और उसमें अकाली दल और भाजपा के प्रमुख नेताओं ने बैठकर एक फैसला लिया है कि अगला पंजाब विधानसभा का चुनाव भाजपा और अकाली दल दोनों मिलकर लड़ेंगे और आज से अकाली दल NDA के साथी के रूप में राजनीति में काम करेंगे.”

अमित शाह ने कहा कि पंजाब में कई प्रमुख चीजों की घोषणा पत्र में हम ऐलान करेंगे, मगर एक चीज मैं बहुत स्पष्ट कर देना चाहता हूं कि पंजाब से नशा, भ्रष्टाचार का उन्मूलन हमारा प्रमुख लक्ष्य होगा. साथ ही पंजाब में राष्ट्रवादी शक्तियों को मजबूत करना भी हमारी प्राथमिकता होगी. उन्होंने कहा कि अरविंद केजरीवाल ये वादा करके आए थे कि 3 महीने में वो नशे को खत्म कर देंगे. वहां नशा खत्म नहीं हुआ बल्कि बढ़ा. वहीं 2017 में राहुल गांधी ये वादा करके आए थे कि इस कार्यकाल में हम नशे को खत्म कर देंगे, मगर उनकी पार्टी ने भी नशे के लिए कुछ नहीं किया.

शाह ने कहा कि एक वादा जो वहां मैं करके आया हूं, उसे दोहराना चाहता हूं कि 31 दिसंबर 2029 तक हम पंजाब को पूरी तरह से नशे से मुक्त कर देंगे. किसानों की समस्या, पंजाब की आर्थिक विकास की चिंता और पंजाब के युवा की रोजगार की चिंता, इसके बारे में नितिन नवीन और सुखबीर सिंह बादल के बीच 3 महीने तक लंबी चर्चा होने के बाद एक रोडमैप बना है और इस रोडमैप पर हमारी NDA की बनने वाली सरकार आगे बढ़ेगी.

Latest and Breaking News on NDTV

गृह मंत्री ने कहा, “वहां जो AAP पार्टी की सरकार चल रही है, वो एक तरह से वादाखिलाफी वाली सरकार है. इन्होंने अपना कोई वादा पूरा नहीं किया है और पंजाब की जनता तय करके बैठी है कि जिन्होंने गुरुओं का अपमान किया है, वो सरकार और वो व्यक्ति, दोनों को हम सहन नहीं करेंगे. आज जब भाजपा और अकाली दल साथ में आ रहे हैं तो मुझे विश्वास है कि पंजाब की जनता का यह फैसला और मजबूत होगा और परिवर्तन होगा. मुझे भरोसा है कि पंजाब की जनता, मोदी जी के नेतृत्व में NDA को भारी बहुमत देगी, पंजाब को नशा मुक्त बनाने का जो दोनों पार्टियों का फैसला है, उसको आशीर्वाद देगी. पंजाब के किसानों की समस्या को समाप्त करने का हमारा जो संकल्प है, उसे पंजाब की जनता का साथ मिलेगा और हिंदू-सिख भाईचारे को भी पंजाब की जनता का आशीर्वाद मिलेगा.”

वहीं भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने कहा, “आज कार्तिक पूर्णिमा भी है और गुरु पर्व की भी आपको बहुत-बहुत बधाई देता हूं. आज बहुत पावन दिन है और आज पंजाब हित में बहुत बड़ा निर्णय हो रहा है. मैं सुखबीर सिंह बादल जी को और उनकी पार्टी के सदस्यों को बहुत-बहुत शुमकामनाएं देता हूं. आपका NDA गठबंधन में शामिल होना, हम सबकी ताकत को बढ़ाएगा.”

यह सिर्फ एक गठबंधन नहीं, बल्कि भावनात्मक जुड़ाव- सुखबीर सिंह बादल

शिरोमणि अकाली दल (SAD) के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल ने कहा, “यह सिर्फ एक राजनीतिक गठबंधन नहीं है, बल्कि एक भावनात्मक जुड़ाव है. जैसा कि मेरे स्वर्गीय पिता कहा करते थे, अकाली दल और BJP का रिश्ता अटूट है, जो बहुत गहराई से जुड़ा हुआ है. यह गठबंधन पंजाब के हित में, देश के हित में और सिख समुदाय के हित में है. आपने देखा ही होगा कि यह गठबंधन कितने लंबे समय तक चला और इसके दौरान कितनी सरकारें बनीं; पंजाब तरक्की कर रहा है. पंजाब में शांति रही है और भाईचारा कायम रहा है. शिरोमणि अकाली दल कोई नई पार्टी नहीं है,  यह भारत के इतिहास की दूसरी सबसे पुरानी पार्टी है. देश की आज़ादी में शिरोमणि अकाली दल के नेतृत्व और कार्यकर्ताओं का सबसे बड़ा योगदान रहा है. आज़ादी के बाद भी चाहे गरीबों का मुद्दा हो, पंजाब का मुद्दा हो, मज़दूरों का मुद्दा हो या फिर देश का मुद्दा—शिरोमणि अकाली दल ने हमेशा संघर्ष किया है.”

सत्ता के लिए साथ आए हैं बीजेपी-अकाली दल- केजरीवाल

पंजाब में बीजेपी-अकाली के गठबंधन के ऐलान पर आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल ने भी प्रतिक्रिया दी है. पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि हम लोगों का अलायंस पंजाब की मावां-धीयां के साथ है. हमारा गठबंधन पंजाब के एससी समाज, किसान और व्यापारियों के साथ है. उन्होंने कहा कि ये लोग सत्ता के लिए कभी एक साथ आ जाते हैं, कभी अलग हो जाते हैं, कभी एक साथ आ जाते हैं. हम लोग पंजाब के विकास के लिए काम कर रहे हैं और पूरा पंजाब देख रहा है कि किस तरह से पिछले पांच साल में भगवंत मान मेहनत करके पंजाब को फिर से जो उन्होंने बर्बाद किया था पिछले 70-75 साल में, उसको ठीक करने की कोशिश की है.

गौरतलब है कि अकाली दल ने अब समाप्त हो चुके तीन विवादास्पद कृषि कानूनों को लेकर सितंबर 2020 में भाजपा से अपना 24 साल पुराना नाता तोड़ लिया था. इससे पहले अकाली दल सांसद हरसिमरत कौर बादल मोदी सरकार में कैबिनेट मंत्री रहीं.

अमित शाह ने पिछले महीने दिल्ली में दोनों दलों के बीच गठबंधन का संकेत दिया था. गत एक नवंबर को अपनी चंडीगढ़ यात्रा के दौरान उन्होंने एक बार फिर कहा था कि पंजाब में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) की सरकार बनेगी.

इसे भी पढ़ें: पंजाब में अकाली के साथ बीजेपी 40+ सीटों पर लड़ सकती है चुनाव, गठबंधन का हुआ ऐलान




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button