

अब एक क्लिक में निकलेगा PF का पैसा!
नई दिल्ली. अगर आप नौकरीपेशा है और प्रोविडेंट फंड (PF) कटता है तो आपके लिए खुशखबरी है. अब पीएफ का पैसा निकालने के लिए लंबे प्रोसेस से नहीं गुजरना पड़ेगा. दरअसल, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (EPFO) के करोड़ों मेंबर्स जल्द ही अपने पीएफ का पैसा भीम-यूपीआई के जरिए भी निकाल सकेंगे. इसके लिए तैयारी अंतिम चरण में है. श्रम मंत्रालय के अधिकारियों ने NDTV को बताया कि इस सुविधा को शुरू करने से पहले फाइनल स्टेज की टेस्टिंग चल रही है, ताकि तकनीकी गड़बड़ी की कोई आशंका न रहे.
अधिकारियों के मुताबिक, यह प्रोजेक्ट तय समय के अनुसार आगे बढ़ रहा है. हालांकि, अभी सुविधा शुरू करने की कोई निश्चित तारीख तय नहीं हुई है. जल्द ही इसकी लॉन्चिंग की तारीख का ऐलान किया जाएगा. इस सुविधा के शुरू होने से पीएफ का पैसा निकालना पहले के मुकाबले आसान और तेज हो सकता है.
EPFO के लिए होगा बड़ा बदलाव
भीम यूपीआई के जरिए पीएफ का पैसा निकालने की सुविधा ईपीएफओ के बड़े रिफॉर्म्स में से एक होगी. अधिकारियों के मुताबिक, EPFO 2.0 के बाद यह संगठन का दूसरा बड़ा रिफॉर्म होगा. इसका मकसद पीएफ से जुड़ी सेवाओं को ज्यादा आसान और डिजिटल बनाना है.
UPI से मिलेगा रिटायरमेंट फंड निकालने का ऑप्शन
ईपीएफओ अपने मेंबर्स के लिए एक और बड़ी सुविधा पर काम कर रहा है. हाल ही में हाल ही में ईपीएफओ के सेंट्रल बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज (CBT) ने रिटायर हो चुके मेंबर्स के लिए सिस्टमैटिक विदड्रॉल प्लान (SWP) शुरू करने के प्रपोजल को मंजूरी दी है. इस योजना के तहत रिटायरमेंट के बाद सदस्य अपने पीएफ के पूरे पैसे को एक साथ निकालने के बजाय तय अंतराल पर किस्तों में हासिल कर सकेंगे. इसके लिए यूपीआई के जरिए विड्रॉल का ऑप्शन जोड़ने की भी तैयारी है. इससे रिटायरमेंट के बाद पीएफ के पैसे से नियमित आमदनी पाने में मदद मिल सकती है.
पूरी स्टोरी पढ़ें





