खबर

हिमाचल में आए गुब्बारों पर बैठ गई थी जांच, अब पाकिस्तान के महिला कॉलेज से आया ‘प्यार’ वाला संदेश | himachal Pradesh ballon investigation reached Pakistan womens college then came a love message



शनिवार को हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के अर्की उपमंडल में एक घर की छत पर कुछ गुब्बारे मिले. इसमें एक बैनर बंधा था. इस बैनर पर पाकिस्तान के लाहौर स्थित एक महिला कॉलेज का नाम लिखा था. यह देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई. अर्की के पास ढडोगी गांव के रहने वाले जय प्रकाश के घर की छत पर, लोहे की रेलिंग में गुब्बारों का एक गुच्छा फंसा हुआ मिला. यह देखकर हैरान रह गए जय प्रकाश ने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुलिस करने लगी जांच

उनकी शिकायत पर 21 नवंबर को अर्की पुलिस स्टेशन में एक डेली डायरी रिपोर्ट दर्ज की गई. पुलिस ने गुब्बारों और बैनर को अपने कब्जे में ले लिया और मामले की जांच शुरू कर दी. सोलन के पुलिस अधीक्षक साईं दत्तात्रेय वर्मा ने बताया कि साइबर क्राइम सेल की शुरुआती जांच से पता चला है कि ये गुब्बारे 19 नवंबर को उस संस्थान द्वारा अपने वार्षिक खेल आयोजन (एनुअल स्पोर्ट्स मीट) के दौरान छोड़े गए थे. एसपी ने बताया कि साइबर सेल के कर्मियों ने ऐसे वीडियो का पता लगाया है, जिनमें लाहौर के कॉलेज में एक कार्यक्रम के दौरान इसी तरह के गुब्बारे छोड़े जाते हुए दिख रहे हैं.

कॉलेज की वार्षिक खेल प्रतियोगिता में पाकिस्तान मुस्लिम लीग-नवाज़ (PML-N) की पाकिस्तानी नेता साजिदा फारूक तरार को मुख्य अतिथि के रूप में दिखाया गया था. SP ने बताया कि यह संस्थान काफी पुराना है. राज्य के अलग-अलग हिस्सों में पाकिस्तानी बैनर लगे गुब्बारों के मिलने जैसी घटनाएं सामने आईं हैं. ये खबर सोशल मीडिया से लेकर मीडिया में भी छपी. बात पाकिस्तान के उस महिला कॉलेज तक भी पहुंची. तब उसी महिला कॉलेज ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट किया. 

फिर आया प्यार का संदेश

फेसबुक पोस्ट में लिखा था, “एक सुखद आश्चर्य! खेल दिलों को करीब लाते हैं; हमारा उद्घाटन बैनर सीमाओं के पार प्यार फैलाता है. जैसे कहा जाता है कि ‘आसमान ही सीमा है’, वैसे ही हमारा बैनर भी दूर तक पहुंच गया. एक दिलचस्प संयोग से, हमारे कॉलेज का बैनर भारत के किसी हिस्से में जा गिरा. बैनर और गुब्बारे बिल्कुल सही-सलामत देखे जा सकते हैं. लाहौर के टाउनशिप स्थित ‘गवर्नमेंट ग्रेजुएट कॉलेज फॉर विमेन’ का वार्षिक खेल दिवस गुरुवार, 19 नवंबर 2026 को आयोजित किया गया था. इसका उद्घाटन बैनर हिमाचल प्रदेश जा पहुंचा—जो पड़ोसियों के बीच प्यार, शांति, खेल भावना और भाईचारे का संदेशवाहक बन गया. ये वे लोग हैं जो एक ही हवा में सांस लेते हैं, एक ही आसमान के नीचे रहते हैं और एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं.”

यह भी पढ़ें | पाकिस्तान: ईशनिंदा मामले में मौत की सजा मिलने के बाद महिला अपने बच्चों से अलग




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button