खबर

अजरबैजान से झगड़े की जड़ ही मिटाने में जुटे आर्मेनिया के PM, विवादित काराबाख पर छोड़ रहे दावा | Armenia PM is working to root out the very cause of the conflict with Azerbaijan relinquishing claims over the disputed region of Karabakh



आर्मेनिया के प्रधानमंत्री निकोल पशिनयान ने सोमवार को एक नए प्रस्तावित संविधान का मसौदा पेश किया. इसमें 1990 की स्वतंत्रता संबंधी धारा को हटा दिया गया है और विवादित काराबाख क्षेत्र पर अपना दावा भी छोड़ दिया गया है. पशिनयान का कहना है कि अजरबैजान के साथ शांति समझौता करने का यही एकमात्र रास्ता है.

सोवियत संघ के पतन के बाद से ही, काकेशस क्षेत्र के ये दोनों विरोधी देश इस पहाड़ी इलाके को लेकर क्षेत्रीय विवाद में उलझे हुए हैं. 2023 में एक सैन्य अभियान के दौरान, बाकू (अजरबैजान) ने आर्मेनियाई आबादी वाले इस क्षेत्र पर फिर से कब्जा कर लिया, जिसके कारण वहां से बड़ी संख्या में लोगों को पलायन करना पड़ा. तब से, अजरबैजान ने मांग की है कि शांति समझौता संभव बनाने के लिए आर्मेनिया को अपना संविधान बदलना होगा.

पशिनयान ने आर्मेनिया की जनता को संबोधित करते हुए वादा किया कि अगर देशवासी जनमत संग्रह में इस नए संविधान का समर्थन करते हैं, तो अज़रबैजान के साथ शांति समझौता किया जाएगा. उन्होंने यह भी कहा कि अगर इस नए संविधान को खारिज कर दिया जाता है, तो वे अपने पद से इस्तीफा दे देंगे.

पशिनयान ने कहा कि यह नया संविधान “23 अगस्त 1990 की स्वतंत्रता घोषणा के तर्क यानी संघर्ष के तर्क को खारिज करता है.” उन्होंने कहा कि इस नए संविधान का मुख्य उद्देश्य “शांति सुनिश्चित करना” है. इस मसौदे से 1990 की प्रस्तावना को हटा दिया गया है. इस प्रस्तावना में नागोर्नो-काराबाख क्षेत्र के साथ फिर से जुड़ने का प्रावधान था, और इसमें ओटोमन साम्राज्य द्वारा अर्मेनियाई लोगों के नरसंहार को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता देने की मांग की गई थी.

अर्मेनिया के विपक्ष ने पशिनयान पर आरोप लगाया है कि वे दबाव में आकर अजरबैजान की मांगों के आगे झुक गए हैं. विपक्ष ने इसे अजरबैजान के नेता इल्हाम अलीयेव के नाम पर “अलीयेव का संविधान” करार दिया है. लेकिन पशिनयान ने अर्मेनियाई लोगों से कहा कि वे इस बात पर यकीन न करें कि “हम बाहरी दबाव में आकर किसी और के लिए ऐसा कर रहे हैं”.

पशिनयान की पार्टी के पास संसद में संवैधानिक बहुमत के लिए जरूरी सीटों से कुछ सीटें कम हैं. उन्होंने विपक्ष से अपील की कि वे जनमत संग्रह (रेफरेंडम) में बाधा न डालें. उन्होंने कहा, “अगर लोग संविधान के खिलाफ वोट देते हैं, तो मैं इस्तीफा दे दूंगा.” उन्होंने आगे कहा, “अगर वे इसके पक्ष में वोट देते हैं, तो मैं अगले चुनाव में प्रधानमंत्री पद के लिए नहीं लड़ूंगा.”

2018 में बड़े पैमाने पर हुए विरोध प्रदर्शनों के बाद सत्ता में आए पशिनयान का कहना है कि अर्मेनिया का मौजूदा संविधान पिछली तानाशाही सत्ताओं के “कुलीन तंत्र” (ओलिगार्की) से जुड़ा हुआ है.

यह भी पढ़ें | रूस के युद्धपोत को यूक्रेन ने लीबिया में मार गिराया, जेलेंस्की ने वीडियो भी जारी किया




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button