

गुजरात के अहमदाबाद में खुद को पुलिस अधिकारी बताकर वरिष्ठ नागरिकों से लूटपाट करने वाले 32 वर्षीय आरोपी को क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया है. आरोपी की पहचान मोहम्मद शाहरुख अंसारी के रूप में हुई है. उसे शाहरकोटदा इलाके में दो बुजुर्गों से 9 हजार रुपये लूटने के मामले में पकड़ा गया है. पुलिस के मुताबिक उसका साथी सरफराज उर्फ बड़ी मलाई मिर्जा अभी फरार है.
यह घटना 7 नवंबर की रात करीब 12:30 बजे की है. 60 वर्षीय मनीष कुमार जानी अपने दोस्त महेंद्रभाई पोमाला के साथ महावीर एंड संस दुकान के बाहर बने चबूतरे पर बैठे थे. इसी दौरान शाहरुख और सरफराज ऑटो रिक्शा से वहां पहुंचे. दोनों ने खुद को पुलिसकर्मी बताया और बुजुर्गों को डराकर उनकी जेब से 9 हजार रुपये छीन लिए. इसके बाद दोनों मौके से फरार हो गए.
डाकघर के पास से आरोपी गिरफ्तार
पीड़ितों की शिकायत पर शाहरकोटदा पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया था. इसके बाद अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने आरोपियों की तलाश शुरू की. 19 नवंबर को मिली सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने बापुनगर डाकघर के पास से शाहरुख को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से नकदी और मोबाइल फोन बरामद किया गया. वारदात में इस्तेमाल ऑटो रिक्शा भी जब्त किया गया है. आरोपी और बरामद सामान को आगे की जांच के लिए शाहरकोटदा पुलिस को सौंपा जा रहा है.
जेल से छूटने के बाद पांच और वारदातों में शामिल
पूछताछ में शाहरुख ने अहमदाबाद के अलग-अलग इलाकों में पांच अन्य घटनाओं में शामिल होने की बात स्वीकार की. पुलिस के मुताबिक वह 21 अक्टूबर को जेल से छूटने के बाद अपने साथियों के साथ इन वारदातों को अंजाम दे रहा था. इनमें ओधव इलाके में दुकान के बाहर से पुराने बर्तनों से भरा बैग चोरी करना और उन्हें बेचकर पैसे बांटना शामिल है.
इसके अलावा मणिनगर रेलवे क्रॉसिंग के पास से एक यात्री को ऑटो में बैठाकर गोमतीपुर ले जाने और करीब 1 हजार रुपये लूटने की बात सामने आई है. एक अन्य घटना में सिविल अस्पताल के बाहर से एक व्यक्ति को ले जाकर राजस्थान अस्पताल के पीछे करीब 6 हजार रुपये छीने गए. आरोपियों ने नरोदा पाटिया के पास खड़े ऑटो से स्पीकर और हॉर्न चोरी करने की बात भी कबूल की. पांचवीं घटना में सोनी नी चाली के पास एक व्यक्ति से करीब 2 हजार रुपये लूटे गए.
कई थानों में दर्ज हैं आपराधिक मामले
क्राइम ब्रांच के अनुसार शाहरुख के खिलाफ मणिनगर, ओधव और नरोदा थानों में पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं. कालूपुर थाने में दर्ज यात्री से लूट के मामले में भी उसे गिरफ्तार किया गया था. पूछताछ में उसने सरफराज, सिकंदर और रफीक उर्फ रफीक लंगड़ो के नाम भी बताए हैं. पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है.
यह भी पढ़ें | पठानकोट में बंदूक की नोक पर XUV500 लूटने वाले चारों आरोपी गिरफ्तार, गुजरात से पकड़ा गया मास्टरमाइंड





