खबर

दर्द, विरह और बिछड़न से जन्मा था ये सुपरहिट गीत, कैलाश खेर ने मरते हुए पिता को देख था लिखा, रिलीज हुआ तो बन गया शादी-ब्याह की खुशियों का गाना | this song was born out of pain longing separation kailash kher wrote seeing dying father when released became wedding happy song



गायक कैलाश खेर की आवाज में एक अलग तरह की भावनाएं होती हैं. उनका मशहूर गाना ‘पिया घर आवेंगे’ भी ऐसा ही एक गीत है, जिसे सुनकर लोग प्रेम भाव में डूब जाते हैं. इस गाने के पीछे की कहानी भी काफी इमोशनल है. आईएएनएस से बात करते हुए कैलाश खेर ने बताया है कि इस गाने की प्रेरणा उन्हें अपने पिता के आखिरी पलों से मिली थी. पिता जब इस दुनिया को छोड़कर जा रहे थे, तब उनके चेहरे और मन की शांति ने उनके दिल में इस गीत के बोल पैदा किए. दिल्ली में मेहर रंगत फेस्टिवल के सातवें संस्करण के दौरान उन्होंने न सिर्फ लोक कला और संगीत को बढ़ावा देने की बात की, बल्कि अपने पिता से जुड़ी इस खास याद को भी साझा किया.

आईएएनएस से बात करते हुए कैलाश खेर ने कहा, ”मेहर रंगत फेस्टिवल की शुरुआत लोक संगीत और लोक कला के अलग-अलग रूपों को बढ़ावा देने के मकसद से की गई थी. यह इसका सातवां संस्करण है और हर साल दर्शकों से इसे प्यार मिलता है. इस फेस्टिवल में ऐसे कई कलाकार अपनी कला दिखाते हैं, जो भारतीय लोक संस्कृति की खूबसूरती को सामने लाते हैं.”

उन्होंने कहा, ”भारतीय दर्शकों ने अपनी पारंपरिक कला और लोक संगीत को काफी याद किया है. यहां ऐसे लोक गायक भी अपनी प्रस्तुति देते हैं, जिनके मजेदार गाने लोगों को हंसने पर मजबूर कर देते हैं. इन सभी प्रस्तुतियों के जरिए भारतीय लोक कला को एक ऐसा मंच मिलता है, जहां लोग अपनी जड़ों और परंपराओं से जुड़ सकते हैं.”

कैलाश खेर ने बताया कि मेहर रंगत फेस्टिवल में आयोजित होने वाला पूरा कार्यक्रम उनके पिता को समर्पित है. उन्होंने कहा, ”हम मेहर रंगत फेस्टिवल में यह पूरा कॉन्सर्ट अपने पिता के लिए करते हैं और यहां होने वाली सभी लोक प्रस्तुतियां उन्हें समर्पित हैं.”

‘आज मेरे पिया घर आवेंगे’ गाने को लेकर कैलाश ने बताया कि उनके पिता के निधन के समय उनके मन में जो भाव आए थे, उसी से इस गाने की प्रेरणा मिली थी. उनके पिता जब इस दुनिया से विदा हो रहे थे, तब वह एक अलग ही आनंद की स्थिति में थे. उन्हें ऐसा महसूस हुआ जैसे उनकी आत्मा परमात्मा से मिलने जा रही हो. इसी भाव को उन्होंने इस गीत के जरिए शब्दों में उतारा.

कैलाश खेर ने गाने को लेकर सोशल मीडिया पर फैलने वाली एक गलत जानकारी पर भी बात की. कुछ सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया था कि यह गाना उनकी मां के निधन के समय की भावनाओं से प्रेरित था. इस पर कैलाश ने कहा, ”जब मेरे पिता का निधन हुआ था, तब मेरी मां जीवित थीं. मां का निधन 2012 में हुआ था, जबकि पिता 2008 में दुनिया से विदा हुए थे.”

कैलाश ने आगे कहा, ”मेरे पिता जब अपना शरीर छोड़ रहे थे, तब उनकी आत्मा और परमात्मा के मिलन जैसी स्थिति ने मुझे इस गीत को लिखने की प्रेरणा दी. आमतौर पर किसी व्यक्ति के आखिरी समय में दर्द और तकलीफ देखने को मिलती है, लेकिन मेरे पिता बेहद आनंद और शांति के साथ इस दुनिया से विदा हुए थे. ऐसा लग रहा था जैसे वह खुशी-खुशी परमात्मा से मिलने जा रहे हों. इसी अनुभव ने ‘पिया घर आवेंगे’ को जन्म दिया.”

ये भी पढ़ें: 47 साल पुराना मिथुन चक्रवर्ती का वो सुपरहिट गाना, इमरान हाशमी की फिल्म में फिर बजा डंका, लौटा तो गूंज उठी बप्पी दा की आवाज
 




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button