
‘Human’ क्यों बना Word of the Year?
NDTV
हर साल दुनिया भर के भाषाविद और शब्दकोशकार ‘वर्ड ऑफ द ईयर’ की तलाश करते हैं. अमूमन यह कोई नया शब्द होता है जिसमें कई बार हम अपनी भाषिक परंपरा में आ रहे विचलन को पहचान पाते हैं. जाहिर है, यह विचलन इसलिए आता है कि हमारा अनुभव संसार बदल रहा है और उसको व्यक्त करने वाला कोई शब्द नहीं मिलता तो नए शब्द गढ़े जाते हैं.
लेकिन इस साल कैंब्रिज ने जिसे ‘वर्ड ऑफ द ईयर’ घोषित किया है, वह ऐसा कोई नया शब्द नहीं है. वह संभवतः भाषा के सबसे पुराने शब्दों में है, सभ्यता की सबसे प्रारंभिक अभिव्यक्तियों में है. यह शब्द है ‘ह्यूमन’ यानी मानव, मनुष्य या इंसान. विशेषण के रूप में यही मानवीय, मनुष्योचित या इंसानी हो जाता है. कैंब्रिज के शब्दकोशकारों के मुताबिक ‘मानव’ शब्द का संदर्भ इन दिनों बदला हुआ है. शब्दकोशों में संज्ञा के रूप में मानव का मुख्यतया जो अर्थ है उसके मुताबिक वह स्तनधारियों में होमोसेपियन्स मूल का है, और देवताओं और पशुओं से अलग है- बाक़ी अर्थ विशेषण वाले हैं.
लेकिन कैंब्रिज का कहना है कि अब मानव शब्द का इस्तेमाल कृत्रिम मेधा या कृमे या एआई के संदर्भ में हो रहा है. एआई ने मानवीय मेधा और प्रयत्न को जैसे पुनर्संयोजित और पुनर्परिभाषित करने की चुनौती दे डाली है. वैसे तो मशीनें हमेशा मानवीय क्षमता का विस्तार करती रही हैं- रफ़्तार का मामला हो, वजन उठाने की बात हो या उत्पादन की प्रक्रिया को अकल्पनीय गति देने की कोशिश हो, लेकिन वे अंततः मशीनें हैं जो इंसान से मुकाबला नहीं कर सकतीं. इंसान इन मशीनों को कभी भी रोक सकता है, बदल सकता है. ये मशीनें इंसान की दी हुई तरकीब से गुना-भाग कर सकती हैं, मगर अपना दिमाग नहीं लगा सकतीं, क्योंकि उनके पास यह दिमाग नहीं है.
मगर एआई तो बिल्कुल दूसरा मनुष्य हुआ जा रहा है. वह सबकुछ याद रख सकता है, सारी भाषाएं सीख सकता है, उन्हें अपने ढंग से व्यक्त कर सकता है, संगीत बजा सकता है, नई धुनें तैयार कर सकता है, चित्र बना सकता है, वीडियो बना सकता है, कविता लिख सकता है- यानी जिन्हें विश्लेषण और परिकल्पना के क्षेत्र कहते हैं, जिन्हें सृजन माना जाता है, वहां भी एआई पहुंचा हुआ है और इंसानों को पीछे छोड़ रहा है, और तो और, अब यह दिख रहा है कि एआई इंसानों की तरह मुंहदेखी बात भी कर सकता है, जरूरत पड़ने पर झूठ भी बोल सकता है, नियमों और कानूनों की अनदेखी कर सकता है और बेईमानी तक कर सकता है.
यानी कल तक जिन्हें हम इंसानी खूबियां या कमजोरियां कहते थे, वे अब एआई में भी आ चुकी हैं. मनुष्य के रूप में वह हमसे ताकतवर हुआ जा रहा है, हमसे ज्यादा कल्पनाशील और हमसे ज्यादा कमजोरियां से भरा और इसलिए खतरनाक भी. कई लोग यह कहने लगे है कि कहीं एआई इंसान का बनाया हुआ आखिरी आविष्कार तो साबित नहीं होगा? यहां आकर कैंब्रिज द्वारा वर्ष के सबसे महत्वपूर्ण शब्द के रूप में मानव के चुनाव का अर्थ समझ में आता है. इसे बीते साल कैंब्रिज द्वारा ही चुने गए शब्द ‘पैरासोशल’ शब्द से जोड़ कर देखें तो ‘ह्यूमन’ या मानवीय शब्द का एक और संकट समझ में आता है।.पैरासोशल शब्द उन लोगों के लिए प्रयुक्त होता है जो किसी मशहूर हस्ती या किसी काल्पनिक चरित्र या फिर एआई के ही प्रेम में इकतरफा ढंग से पड़ जाते हैं.
वैसे हाल के वर्षों में अलग-अलग शब्दकोशों द्वारा चुने जा रहे साल के महत्वपूर्ण शब्दों को देखें तो हम पाते हैं कि उनके चुनाव में बड़ी तेजी से बदल रही दुनिया का, उस पर पड़ रहे दबाव का या इंसान के रूप में हमारे बचे रहने की चुनौती का असर है. 2023 में एआई को कोलिन्स शब्दकोश ने साल का शब्द माना था. उसी साल कैंब्रिज ने ‘हैल्युसिनेट’ को यह खिताब दिया था. Halluninate वैसे तो विभ्रम में डालने के अर्थ में आता है- सम्मोहन पैदा करने के अर्थ में- लेकिन यहां भी कैंब्रिज ने इसे एआई के संदर्भ में चुना था जो झूठी सूचनाएं और विभ्रम फैला रहा था.
वैसे इस साल अन्य शब्दकोशो ने जो शब्द चुने हैं, उन्हें देखना दिलचस्प होगा. वे नए ‘स्लैंग’ हैं जो भाषा में दाखिल हो रहे हैं. मसलन कोलिंस ने इस साल ‘मैगिंग’- magging- शब्द चुना है जिसका मतलब दूसरों को पीछे छोड़ना है. डिक्शनरी डॉट कॉम ने ‘मैक्सिंग” शब्द को साल का सबसे अहम शब्द माना है. मैक्सिंग या Maxxing का मतलब है किसी कोशिश को उसकी अधिकतम सीमा तक ले जाना- यह दरअसल मैक्सिमाइजिंग का संक्षिप्त रूप है.
कैंब्रिज के अलावा दूसरे प्रतिष्ठित शब्दकोश ऑक्सफोर्ड में साल 2026 के सबसे अहम शब्द के चुनाव के लिए अभी वोटिंग की प्रक्रिया जारी है जो 26 नवंबर तक चलेगी. लेकिन यहां भी जो शब्द दौड़ में आगे दिख रहे हैं, उनका सबका वास्ता हमारे समय की बदलती सच्चाइयों से है. Doomerism या डूमरिज्म इस दौड़ में सबसे आगे माना जा रहा है जिसका मतलब यह बहुत गहरा निराशावाद है- यह मान्यता है कि धरती जल्द ही नष्ट हो जाएगी, वजह चाहे पर्यावरण संकट हो या एआई. माइक्रोड्रामा, पोस्ट लिटरेट और स्लॉपेगैंडा वे दूसरे शब्द हैं जिनके लिए मतदान जारी है. माइक्रोड्रामा स्मार्टफोन के लिए बनाए जाने वाले बेहद छोटे एपिसोड हैं जिनमें कहानी की रफ्तार बहुत तेज होती है. पोस्ट लिटरेट वह समय है जिसमें लिखे हुए शब्दों की अहमियत बहुत तेजी से ख्त्म हो रही है और स्लॉपैगैंडा एआई या डीप फेक की मार्फत किया जाने वाला वह घटिया प्रचार है जो ऑनलाइन वायरल किया जाता है. बीते साल ऑक्सफ़ोर्ड ने रेज बेट (Rage Bait) को 2025 का सबसे महत्वपूर्ण शब्द घोषित किया था जिसका मतलब है गुस्सा या उन्माद पैदा करने के मकसद से तैयार की गई ऑनलाइन सामग्री.
तो शब्दों की यह नई दुनिया है जो असली दुनिया के बदलते व्यवहार से हमारा परिचय करा रही है. याद कर सकते हैं कि इसी दुनिया में संबंधों की जटिलता को व्यक्त करने वाला एक शब्द ‘सिचुएशनशिप’ प्रचलित हो चला है. हालांकि शब्दों के ये इशारे वास्तविक दुनिया के बिल्कुल ठोस मूल्यांकन की इकलौती कसौटी नहीं हो सकते, लेकिन इसमें संदेह नहीं कि हमारी भाषा भी बदल रही है और हमारा संसार भी. यह संकट दिखाई पड़ता है कि इस दुनिया में संबंध और संवाद घटे हैं- और ये वे दो कसौटियां हैं जिन पर हम अपने ह्यमून- या मानवीय- होने को परखते रहे हैं. कैंब्रिज ने याद दिलाया है कि इस शब्द से जुड़े नए अर्थों और संकटों को भी हम समझें.





