

मुंबई के वडाला जंक्शन स्थित भक्ति पार्क ट्रैफिक सिग्नल के पास रविवार रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें पांच लोग घायल हो गए. इनमें दो लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है. हादसा रात करीब 9 बजे उस समय हुआ जब एक तेज रफ्तार प्राइवेट बस ने सिग्नल पर खड़ी गाड़ियों को पीछे से टक्कर मार दी. हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए. बेस्ट बस से भयानक टक्कर के बाद कार को जेसीबी की मदद से हटाया गया. तस्वीर में देखा जा सकता है टक्कर की वजह से कार सिमट गई है और शीशे और पूरा स्ट्रक्चर बर्बाद हो गया है.
जानकारी के अनुसार, रूट नंबर 6/2 लिमिटेड की एक BEST बस कोलाबा डिपो से गवनगांव की ओर जा रही थी. ट्रैफिक सिग्नल पर बस रुकी हुई थी और उसके पीछे दो कारें खड़ी थीं. तभी पीछे से आ रही एक प्राइवेट ‘चलो’ बस ने सबसे पीछे खड़ी कार को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों कारें आगे जाकर आपस में और फिर BEST बस से टकरा गईं. इस दौरान एक कार BEST बस के पिछले हिस्से के नीचे फंस गई.
हादसे में दोनों कारों में सवार लोग अपने वाहनों के अंदर फंस गए. सूचना मिलने पर पुलिस और बचाव दल मौके पर पहुंचे. क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाया गया और घायलों को बाहर निकाला गया. सभी घायलों को उपचार के लिए सायन अस्पताल भेजा गया. घायलों में 63 वर्षीय शिवानी पाल और 33 वर्षीय हसन शेख के सिर में गंभीर चोटें आई हैं. इसके अलावा गणेश इंद्रपाल, मधु पाल और बालाजी पांडुरंग भी घायल हुए हैं. हादसे में एक पालतू कुत्ता भी जख्मी हो गया.
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. परिवहन प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को भी मौके पर भेजा गया, जिन्होंने हादसे की परिस्थितियों की जांच शुरू कर दी है. फिलहाल दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाया जा रहा है.
ये भी पढे़ं : महाराष्ट्र में क्यों सड़कों पर उतरे हजारों लोग, एक सहकारी समिति के चुनाव पर कैसे छिड़ा विवाद





