खबर

दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं, घर के बाहर पटाखे चला रहे 27 वर्षीय युवक की गोली मारकर हत्या | Kapoorthala Youth Shot Dead During Diwali Celebrations In Mehtabgarh Locality



दिवाली की रात मोहल्ला मेहताबगढ़ में उस समय दहशत फैल गई, जब अपने घर के बाहर दिवाली के पटाखे चला रहे 27 वर्षीय युवक की कुछ युवकों ने गोली मारकर हत्या कर दी. गोली लगने से युवक लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा. परिजन आनन-फानन में उसे कपूरथला के सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां ड्यूटी पर तैनात डॉक्टर ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. इस वारदात के बाद इलाके में दहशत का माहौल है, वहीं परिवार की दीवाली की खुशियां मातम में बदल गईं. 

मृतक की पहचान 27 वर्षीय मनी उर्फ पहलवान पुत्र बग्गा निवासी मोहल्ला मेहताबगढ़, कपूरथला के रूप में हुई है. घटना सोमवार रात करीब साढ़े सात बजे की बताई जा रही है. 

‘किसी के साथ नहीं था कोई बैर’

मृतक के पिता बग्गा ने सिविल अस्पताल में बताया कि उनका बेटा पहलवानी करता था और किसी के साथ उसका कोई लड़ाई-झगड़ा नहीं था. सोमवार रात वह घर के बाहर दिवाली के पटाखे चला रहा था. इसी दौरान कुछ युवक वहां पहुंचे और उनके बेटे को गोली मार दी. गोली लगते ही मनी जमीन पर गिर पड़ा. परिवार के सदस्य उसे तुरंत सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

अपने जवान बेटे की मौत से पिता बग्गा का रो-रोकर बुरा हाल था. अस्पताल में वह बार-बार अपने बेटे को याद कर बिलख रहे थे. परिवार के अन्य सदस्यों और रिश्तेदारों का भी रो-रोकर बुरा हाल था. मृतक के रिश्तेदार हरजिंदर कौर ने बताया कि मनी का विवाह कुछ महीने पहले ही बेगोवाल निवासी एक युवती के साथ हुआ था. उसकी चार बहनें हैं. परिवार को इस बात का बिल्कुल अंदाजा नहीं था कि दिवाली की रात उनके घर में खुशियों की जगह मातम छा जाएगा.

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी शीतल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. उन्होंने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि मोहल्ला मेहताबगढ़ में एक युवक को गोली मार दी गई है. 

पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की तो गोली लगने से युवक की मौत हो चुकी थी. डीएसपी ने बताया कि मृतक के परिजनों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं और उनके बयानों के आधार पर अगली कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

दिवाली की रात हुई इस हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और गोली मारने के पीछे के कारणों का पता लगाया जा रहा है.

यह भी पढ़ें: नागपुर: शिक्षक दंपति ने की आत्महत्या, अगस्त में हुई थी दूसरी शादी; लक्ष्मी पूजन के दिन फंदे से लटके मिले दोनों





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button