खबर

‘रील्स बनानी हैं तो थिएटर जॉइन कर लें’, सोशल मीडिया को लेकर बिहार में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को दी चेतावनी | Bihar Education Minister issues warning to teachers regarding social media


'रील्स बनानी हैं तो थिएटर जॉइन कर लें', सोशल मीडिया को लेकर बिहार में शिक्षा मंत्री ने शिक्षकों को दी चेतावनी

बिहार के शिक्षा मंत्री ने रील बनाने को लेकर सख्त चेतावनी दी है.

बिहार में शिक्षकों के सोशल मीडिया पर रील्स और वीडियो बनाने को लेकर शिक्षा मंत्री मिथिलेश कुमार ने सख्त रुख अपनाया है. उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि स्कूल शिक्षा का केंद्र है और वहां शिक्षकों का मुख्य काम बच्चों को पढ़ाना है. यदि किसी को रील्स या सिनेमा बनाने में अधिक रुचि है तो उसके लिए दूसरे मंच उपलब्ध हैं. मंत्री का कहना है कि शिक्षक के कंधों पर बच्चों के भविष्य को संवारने की जिम्मेदारी होती है. ऐसे में स्कूल परिसर या पढ़ाई के समय मनोरंजन से जुड़ी गतिविधियां उचित नहीं मानी जा सकतीं.

‘रील्स बनानी हैं तो थिएटर जॉइन कर लें’

शिक्षा मंत्री ने कहा कि जो शिक्षक पढ़ाने के बजाय सोशल मीडिया कंटेंट बनाने में ज्यादा दिलचस्पी दिखा रहे हैं उन्हें अपनी प्राथमिकताएं तय करनी चाहिए. उन्होंने दोटूक कहा कि अगर किसी को रील्स और सिनेमा ही बनाना है तो थिएटर जॉइन कर लेना चाहिए. स्कूल मनोरंजन का मंच नहीं बल्कि शिक्षा का स्थान है. उन्होंने यह भी संकेत दिया कि ऐसे मामलों में सरकार सख्त कार्रवाई करने से पीछे नहीं हटेगी.

शिक्षक बच्चों के लिए होते हैं आदर्श

मंत्री ने कहा कि शिक्षक केवल पढ़ाने का काम नहीं करते बल्कि बच्चों के लिए आदर्श भी होते हैं. उनके व्यवहार और कार्यशैली का सीधा असर छात्रों पर पड़ता है. इसलिए शिक्षकों से अपेक्षा की जाती है कि वे अनुशासन और जिम्मेदारी का उदाहरण पेश करें. उनके अनुसार यदि शिक्षक अपनी जिम्मेदारियों से भटकते हैं तो इसका सीधा प्रभाव छात्रों की पढ़ाई और स्कूल के माहौल पर पड़ सकता है.

सोशल मीडिया पर पहले भी उठते रहे हैं सवाल

हाल के वर्षों में सरकारी स्कूलों के कई शिक्षकों के रील्स और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होते रहे हैं. कई मामलों में स्कूल परिसर के भीतर वीडियो शूट करने और पढ़ाई के समय सोशल मीडिया गतिविधियों में शामिल होने को लेकर सवाल उठे हैं. इससे यह बहस भी तेज हुई है कि सोशल मीडिया की लोकप्रियता के लिए कहीं शिक्षकों की पेशेवर जिम्मेदारियां प्रभावित तो नहीं हो रही हैं.

यह भी पढ़ें | अब पैसों की तंगी से नहीं छूटेगी पढ़ाई, शिक्षा मंत्रालय ने नेशनल मीन्स-कम-मेरिट स्कॉलरशिप की बढ़ाई डेट, जानिए




पूरी स्टोरी पढ़ें







Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button