मध्य प्रदेश

किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने के लिए किए जा रहे प्रयास : मुख्यमंत्री डॉ. यादव


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि खेती को अधिक लाभकारी बनाने के लिए कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन जैसी गतिविधियों को भी बढ़ावा देना जरूरी है. किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों से जोड़ने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहित करने और कृषि आधारित उद्योगों के माध्यम से ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत मंगलवार को कृषि उपज मंडी परिसर जबलपुर में बलराम कृषि महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव वर्चुअली शामिल हुए. उन्होंने जबलपुर की कृषि विशेषताओं का उल्लेख करते हुए मटर, सिंघाड़ा और अन्य कृषि उत्पादों की संभावनाओं पर जोर दिया. उन्होंने किसानों की आय बढ़ाने के लिए पशुपालन, दुग्ध उत्पादन और कृषि उत्पादों के प्रसंस्करण को भी महत्वपूर्ण बताया.

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार किसान कल्याण वर्ष के अंतर्गत कृषि के साथ उद्यानिकी, मत्स्य पालन और पशुपालन को भी प्रोत्साहित कर रही है. उन्होंने पशुपालन के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि किसानों को अच्छी नस्ल की गाय उपलब्ध कराने और उन्हें गौपालन के लिए प्रेरित करने के प्रयास किए जाएंगे. किसानों के घरों में शुद्ध दूध और दही उपलब्ध हो तथा प्राकृतिक खेती एवं जैविक उत्पादों को बढ़ावा मिले, इस दिशा में भी सहभागिता आवश्यक है. मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने जबलपुर में फूड पार्क और औद्योगिक गतिविधियों के विकास की संभावनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि कृषि और उद्योग के बीच बेहतर समन्वय से किसानों को अपने उत्पादों के लिए व्यापक बाजार मिल सकता है. उन्होंने प्रगतिशील किसानों को प्रोत्साहित करने तथा किसानों को आधुनिक कृषि यंत्रों और नई तकनीकों की जानकारी उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया.

अहम है यह महोत्सव
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह ने भी किसानों को वर्चुअली संबोधित करते हुए कहा कि बलराम कृषि महोत्सव किसानों को शासन की योजनाओं और आधुनिक कृषि पद्धतियों से जोड़ने का महत्वपूर्ण माध्यम है. किसानों को बेहतर बाजार, सुविधायुक्त मंडियां और अपने उत्पादों को व्यापक बाजार तक पहुंचाने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं. उन्होंने प्राकृतिक खेती को बढ़ावा देने और प्राकृतिक उत्पादों के लिए बाजार उपलब्ध कराने की आवश्यकता बताई.

किसानों की समस्याओं को समझने का अवसर
राज्यसभा सांसद सुमित्रा वाल्मीकि ने कहा कि मुख्यमंत्री का किसानों से सीधा संवाद उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं को समझने का अवसर है. किसानों को शासन की योजनाओं का लाभ मिले और उनकी जरूरतों के अनुरूप प्रयास किए जाएं, यह आवश्यक है. अपेक्स बैंक के प्रशासक महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि किसानों को शून्य प्रतिशत ब्याज पर फसल ऋण उपलब्ध कराने सहित विभिन्न माध्यमों से सहायता देने के प्रयास किए जा रहे हैं. कृषि के साथ पशुपालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहित करने से किसानों की आय में वृद्धि हो सकती है. उन्होंने उन्नत देशी नस्ल की दुधारू गायों के पालन को प्रोत्साहित करने और पशुपालकों को पुरस्कार योजनाओं के माध्यम से सम्मानित करने की जानकारी दी.

किसानों को किया सम्मानित
कार्यक्रम में प्रगतिशील किसान रुक्मणी पटेल, वीरेंद्र सिंह, रामदीन पटेल, रामेश्वर, कैलाश यादव, सीमा कुशवाहा, अनिल पटेल तथा सविता विश्वकर्मा को सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों ने सहभागिता की. इस अवसर पर संबंधित विभागों द्वारा जीवंत मॉडलों का प्रदर्शन भी किया गया एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए.



Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button