

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि (PM-Kisan) योजना के तहत देश के करोड़ों किसानों को 2000 रुपये के किस्त का इंतजार है. केंद्र सरकार आगामी 30 अक्टूबर 2026 को पात्र किसानों के बैंक खातों में किसान योजना की 24वीं किस्त के ट्रांसफर की जा सकती है. हाल ही में किसान योजना की 24वीं किस्त को लेकर ऐलान किया गया था कि 30 अक्टूबर को जारी किया जाएगा. किसान योजना की किस्त हमेशा से किसी आयोजन पर जारी किया जाता है. ऐसे में माना जा रहा है कि पीएम मोदी 30 अक्टूबर को खुद किसानों की राशि जारी करेंगे. क्योंकि पीएम मोदी 30 अक्टूबर को गुजरात का दौरा करने वाले हैं.
गुजरात के बनासकांठा से जारी होगी 2000 रुपये की किस्त
मीडिया रिपोर्ट्स और जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 30 और 31 अक्टूबर 2026 को गुजरात के दो दिवसीय दौरे पर रहेंगे. अपने दौरे के पहले दिन 30 अक्टूबर को वे बनासकांठा जिले के भीलडी पहुंचेंगे. प्रस्तावित कार्यक्रम के तहत, प्रधानमंत्री सुबह लगभग 10:00 बजे बनासकांठा में आयोजित पीएम किसान उत्सव के मंच से डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से देश भर के लाभार्थी किसानों के खातों में 24वीं किस्त 2000 रुपये की राशि जारी कर सकते हैं.
हालांकि सुबह 10 बजे किस्त जारी होने का अर्थ यह नहीं है कि सभी किसानों के खातों में ठीक उसी समय पैसे दिखने लगेंगे. बैंकों की आन्तरिक प्रक्रिया और सिस्टम अपडेट होने के कारण अलग-अलग किसानों के मोबाइल पर मैसेज और खातों में राशि पहुंचने में थोड़ा समय लग सकता है.
बनासकांठा दौरे पर मिलेंगे ये अन्य बड़े तोहफे
प्रधानमंत्री के इस बनासकांठा दौरे के दौरान केवल किसानों को वित्तीय मदद ही नहीं, बल्कि डेयरी व पशुपालन क्षेत्र और रेल बुनियादी ढांचे से जुड़ी कई अन्य बड़ी सौगातें भी मिलेंगी. पीएम मोदी लगभग 325 करोड़ रुपये की लागत से बने इस आधुनिक पशु प्रजनन अनुसंधान केंद्र का उद्घाटन करेंगे. इसका मुख्य उद्देश्य देसी गाय और भैंसों की नस्लों में सुधार करना और पशुपालन को बढ़ावा देना है.
इसके अलावा बनास डेयरी से जुड़ी कई अन्य महत्वाकांक्षी विकास योजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास किया जाएगा. इस यात्रा के दौरान भुज-बरौनी अमृत भारत एक्सप्रेस ट्रेन को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किए जाने की संभावना है.
यह भी पढ़ें | पीएम किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के पहले तुरंत निपटा लें ये 4 काम, कहीं अटक न जाए 2000 रुपये





