
जब भी फल खाने की बात आती है, तो हमारे घरों में सेब, अमरूद और पपीता सबसे ज्यादा पसंद किए जाते हैं. अक्सर कहा जाता है कि रोज एक सेब खाओ और डॉक्टर से दूर रहो. वहीं अमरूद को पेट के लिए रामबाण माना जाता है और पपीते को पाचन दुरुस्त रखने का सबसे मुफीद फल कहा गया है. लेकिन अगर पोषण और फायदों की सीधी तुलना करें, तो इन तीनों में से सबसे ज्यादा ताकतवर कौन है? आइए समझते हैं कि किस फल में शरीर के लिए क्या खास छिपा है.
तीनों फलों की पोषण क्षमता
अमरूद (Guava)
अमरूद विटामिन C और फाइबर का अच्छा स्रोत माना जाता है और पोषण के मामले में कई लोकप्रिय फलों के बराबर या उनसे बेहतर प्रदर्शन कर सकता है. एक सामान्य अमरूद में संतरे और सेब से कई गुना ज्यादा विटामिन सी पाया जाता है, जो रोग प्रतिरोधक क्षमता को सीधे मजबूत करता है. इसमें डाइटरी फाइबर इतना भरपूर होता है कि पुरानी से पुरानी कब्ज की समस्या में भी राहत मिलती है.
इसका ग्लाइसेमिक इंडेक्स बहुत कम होता है, इसलिए यह डायबिटीज के मरीजों और वजन घटाने वालों के लिए सबसे सुरक्षित फल है.
Also Read: धरती पर सबसे पहले कौन सा फल उगा था? जानिए सबसे पुराने फल का नाम

सेब खाने वाले भी नहीं जानते, पोषण के मामले में कौन सा फल सब पर पड़ता है भारी
Photo Credit: Pexels
पपीता (Papaya)
पपीता पाचन के लिए फायदेमंद फलों में गिना जाता है, खासकर क्योंकि इसमें पपेन एंजाइम पाया जाता है. इसमें पपेन (Papain) नाम का एक खास एंजाइम होता है, जो खाने के प्रोटीन को बहुत तेजी से पचाने में मदद करता है. साथ ही पपीते में विटामिन ए और बीटा कैरोटीन प्रचुर मात्रा में होते हैं, जो आंखों की रोशनी और त्वचा की चमक बनाए रखने के लिए जरूरी हैं.
यह कुछ लोगों में गैस, भारीपन और ब्लोटिंग जैसी समस्याओं को कम करने में मदद कर सकता है.
सेब (Apple)
सेब दिल और दिमाग की सेहत के लिए बेहतरीन माना जाता है. इसमें पेक्टिन नाम का घुलनशील फाइबर होता है, पेक्टिन जैसे फाइबर कोलेस्ट्रॉल के स्तर को नियंत्रित रखने में मदद कर सकते हैं.. साथ ही सेब में क्वेरसेटिन जैसे ताकतवर एंटीऑक्सीडेंट्स होते हैं, जो शरीर की अंदरूनी सूजन को कम करते हैं और लंबे समय में दिल को सुरक्षित रखते हैं.
यह धीमी गति से एनर्जी देता है, जिससे दिनभर शरीर में सुस्ती महसूस नहीं होती.
Also Read: नवंबर में कौन-कौन से फल खाने चाहिए?
एक्सपर्ट क्या कहते हैं
Deepti Khatuja, Head Clinical Nutritionist, FMRI Gurugram, का कहना है:
“अगर शुद्ध पोषक तत्वों, खासकर विटामिन सी और फाइबर की मात्रा की बात करें, तो अमरूद इन तीनों में सबसे ऊपर बैठता है. एक मध्यम आकार का अमरूद आपको दिनभर की जरूरत से तीन से चार गुना ज्यादा विटामिन सी दे देता है, साथ ही यह शुगर के मरीजों के लिए भी सबसे सुरक्षित विकल्प है. वहीं जिन लोगों का पेट कमजोर रहता है या प्रोटीन पचाने में दिक्कत आती है, उनके लिए पपीता सबसे बेहतरीन काम करता है, क्योंकि इसका पपेन एंजाइम गट हेल्थ को मजबूत करता है. सेब दिल की सेहत और कोलेस्ट्रॉल नियंत्रित रखने के लिए बहुत अच्छा है. इसलिए किसी एक फल पर टिके रहने के बजाय अपनी जरूरत के हिसाब से इन्हें बदल-बदल कर डाइट में शामिल करना सबसे समझदारी भरा कदम है.”

फल खाते समय ध्यान रखने वाली जरूरी बातें
- अमरूद को हमेशा बीज के साथ चबाकर खाएं, लेकिन अगर पेट में अल्सर या पथरी की शिकायत हो तो ज्यादा कड़े बीजों से बचें.
- पपीता हमेशा खाली पेट या नाश्ते के समय खाना सबसे ज्यादा फायदा देता है, इसे कभी भी दूध के तुरंत बाद न खाएं.
- सेब को कभी भी छीलकर न खाएं, क्योंकि इसके छिलके में ही सबसे ज्यादा फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट्स मौजूद होते हैं.




