

बिहार के भागलपुर जिले के नवगछिया पुलिस लाइन में शनिवार सुबह दारोगा युगेश कुमार का शव उनके सरकारी क्वार्टर में फंदे से लटका मिला. घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया. नवगछिया के एसपी वैभव शर्मा समेत कई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की.
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब 6 बजे एक सहकर्मी पुलिस अधिकारी युगेश कुमार के कमरे पर पहुंचे. दरवाजा खुलने पर उनका शव फंदे से लटका मिला. इसके बाद तुरंत वरिष्ठ अधिकारियों को सूचना दी गई.
युगेश कुमार मूल रूप से बांका जिले के बाराहाट क्षेत्र के रहने वाले थे. वह नवगछिया एसपी कार्यालय की अपराध शाखा में तैनात थे और पुलिस लाइन स्थित सरकारी आवास में अकेले रहते थे. हाल ही में उन्हें जमादार से पदोन्नत कर दारोगा बनाया गया था.
घटना की सूचना मिलने पर एसपी वैभव शर्मा, एसडीपीओ सईम रजा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे. साक्ष्यों को सुरक्षित रखने के लिए कमरे को सील कर दिया गया. वहीं, एफएसएल टीम ने घटनास्थल से आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए हैं. फिलहाल मौत के कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है. जांच पूरी होने और तथ्यों की पुष्टि के बाद ही मौत की असली वजह सामने आ सकेगी.
ये भी पढ़ें : दिल्ली में 12वीं की छात्रा ने स्कूल में पेट्रोल डालकर खुद को लगाई आग, 3 सुसाइड नोट मिले





