

आजकल फिटनेस और वजन घटाने के दौर में कई लोग देसी घी से दूरी बना लेते हैं. कुछ लोगों को लगता है कि घी खाने से मोटापा बढ़ता है. वहीं, दूसरी ओर हमारे घरों में आज भी दादी-नानी रोटी पर घी लगने की सलाह देती हैं. ऐसे में सवाल उठता है कि आखिर रोजाना 1 चम्मच देसी घी खाने से शरीर पर क्या असर पड़ता है? दरअसल, देसी घी न सिर्फ खाने का स्वाद बढ़ाता है, बल्कि इसके सेवन से शरीर को कई जरूरी पोषक तत्व मिल सकते हैं. अगर आप इका संतुलित मात्रा में सेवन करते हैं, तो इससे आपके शरीर को कई फायदे हो सकते है.
शरीर को मिलती है एनर्जी
क्या आपने कभी गौर किया है कि गांवों में आज भी लोग दाल, रोटी और खिचड़ी में घी डालकर खाते हैं? इसकी एक बड़ी वजह ये है कि घी शरीर को लंबे समय तक ऊर्जा देने में मदद करता है. सुबह नाश्ते में एक चम्मच घी शामिल करने से आपको देर तक पेट भरा हुआ महसूस होता है बार-बार भूख लगने की समस्या कम होने लगती है.
पाचन तंत्र होता है दुरुस्त
कई लोग कब्ज और पेट साफ न होने की शिकायत करते हैं. ऐसे में सीमित मात्रा में घी का सेवन पाचन को बेहतर बनाने में मदद करता है. आयुर्वेद और पारंपरिक भारतीय खानपान में घी को पेट के लिए लाभकारी माना गया है. यही वजह है कि कई घरों में दाल या रोटी पर घी डालकर खाने की परंपरा आज भी कायम है.
स्किन और बाल रहते हैं हेल्दी
अगर शरीर को पर्याप्त मात्रा में हेल्दी फैट नहीं मिलता, तो इसका असर स्किन और बालों पर भी दिखाई देता है. देसी घी में मौजूद अच्छे फैट्स त्वचा की नमी बनाए रखने और बालों को पोषण देने में मदद करते हैं. इसलिए कई लोग इसे नेचुरल ग्लो फूड भी कहते हैं.
हड्डियों को मिलती है मजबूती
देसी घी के फैट में घुलनशील विटामिन पाए जाते हैं, जो शरीर को पोषण देने में मदद करते हैं. हेल्थ एक्सपर्ट का कहना है कि सीमित मात्रा में घी का सेवन स्वस्थ खानपान का हिस्सा बन सकता है और शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता को सपोर्ट मिलती है.
क्या ज्यादा घी खाना है सही?
ये भी समझना जरूरी है कि घी फायदेमंद है, लेकिन इसकी मात्रा पर ध्यान देना बेहद जरूरी है. जरूरत से ज्यादा घी खाने पर कैलोरी बढ़ती है. इससे वजन बढ़ने का खतरा रहता है. जिन लोगों को हार्ट डिजीज, हाई कोलेस्ट्रॉल या मोटापे की समस्या है, उन्हें डॉक्टर या डाइटिशियन की सलाह लेकर ही इसका सेवन करना चाहिए.
ये भी पढ़ें – एक्ट्रेस करीना कपूर रात को सोने से क्यों लगाती हैं पैरों में घी, जानें Ghee लगाने के फायदे





