
हिमाचल के पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर चंबा दौरे पर हैं. इस दौरान वह भटियात और चंबा विधानसभा क्षेत्र में आयोजित नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधि सम्मान सम्मेलन में शामिल हुए. उन्होंने सभी नवनिर्वाचित जनप्रतिनिधियों को सम्मानित करते हुए उनके दायित्वों के लिए शुभकामनाएं दी.
इसके साथ ही बीजेपी नेता जयराम ठाकुर ने लोकतंत्र की पहली इकाई को विकास की धारा में आगे बढ़ाने तथा सभी की भलाई के लिए काम करने का अनुरोध किया. उन्होंने इस दौरान कांग्रेस सरकार पर तंज कसा और कहा कि जिस तरह पंचायती राज संस्थाओं और नगर निकायों के चुनाव में कांग्रेस का सूपड़ा पूरी तरह साफ हो गया है, उसी तरह आगामी विधानसभा चुनाव में भी कांग्रेस कहीं नजर नहीं आनी चाहिए.
इसके लिए जरूरी है कि सभी लोग एकजुट होकर पार्टी के हित में काम करें. जयराम ठाकुर ने जनसभा को संबोधित करते हुए सुक्खू सरकार पर जमकर निशाना साधा. उन्होंने पूरे देश में अराजकता फैलाने के लिए राहुल गांधी और कांग्रेस को भी आड़े हाथों लिया.
हिमाचल: अवैध खनन पर लगाम लगाने की तैयारी तेज, अलग निदेशालय का हुआ गठन
नए जिलों के गठन पर सुक्खू सरकार पर निशाना
जयराम ठाकुर ने कहा कि व्यवस्था परिवर्तन के नाम पर सरकार चला रहे मुख्यमंत्री सुक्खू पूर्व सरकार द्वारा चलाई जा रही गृहिणी सुविधा, शगुन, सहारा, हिमकेयर और स्वावलंबन जैसी योजनाओं को बंद कर चुके हैं. सत्ता में आने के बाद से अपनी गारंटियों का नाम नहीं लेते हैं और अपने घोषणा पत्र को पलटकर कभी देखा तक नहीं है. विधानसभा चुनाव सिर पर आ गए हैं तो अब नए जिले बनाने का शिगूफा छोड़ रहे हैं.
‘पंचायत चुनाव में बता दिया जनता का मूड’
जयराम ने कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज और स्थानीय निकायों के चुनाव में प्रदेश के लोगों ने अपना मूड बता दिया है. अब मुख्यमंत्री कुछ भी कर लें, लोगों को बरगलाने के कितने भी प्रयास कर लें, उससे कुछ भी नहीं होने वाला. अब कांग्रेस सरकार की विदाई की शहनाई बज चुकी है. प्रदेश के लोग इस सरकार के जाने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं. पंचायत चुनाव के मामले में वो सही थे. उन्हें पता है कि तालाबंदी के अलावा उन्होंने चार साल में कोई काम नहीं किया, इसलिए प्रदेश के लोग भी कांग्रेस की तालाबंदी करेंगे. इसीलिए उन्होंने पंचायत चुनाव रोकने के लिए हर संभव षड्यंत्र किया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी ने संविधान की रक्षा के लिए सर्वोच्च न्यायालय तक लड़ाई लड़ी और सरकार को चुनाव करवाने के लिए विवश किया.
राहुल गांधी पर भी वार
जनसभा को संबोधित करते हुए जयराम ठाकुर ने राहुल गांधी को भी आड़े हाथों लेते हुए कहा कि 50 से ज्यादा की लॉन्चिंग फेल होने के बाद अब राहुल गांधी देश में अराजकता का माहौल खड़ा करके सत्ता हासिल करना चाहते हैं. उन्हें यह याद रखना चाहिए कि देश की जनता, देश के युवा और देश की जेन-ज़ी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ हैं. देश की जनता जागरूक है. जिन लोगों ने कांग्रेस और उससे पहले की भ्रष्टाचार और अराजकता में आकंठ डूबी सरकारों को देखा नहीं होगा, उन्होंने उनके बारे में पढ़ा और जाना जरूर है.
जयरराम ने आगे कहा कि आज देश का युवा देख रहा है कि मेरा देश बदल रहा है. फ्रैजाइल फाइव से टॉप फोर इकोनॉमी तक का सफर हो या देश का दुनिया के हर क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन, या विश्व में सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था के आंकड़े, सीनियर सिटीजन होने की उम्र में युवा नेता बनकर घूम रहे राहुल गांधी के झूठ में दब नहीं पाएंगे. देश की भावनाएं और देशवासियों का आशीर्वाद प्रधानमंत्री के साथ है, इसलिए कांग्रेस अपनी कुंठा से बाहर निकलकर देश को अराजकता की आग में झोंकने का प्रयास करने से बाज आए.
धर्मशाला में बनेगा इंटरनेशनल लेवल का आइस स्केटिंग रिंक, बदलेगी शहर की तस्वीर
