खबर

OCI कार्डधारकों के लिए बड़ी राहत: पासपोर्ट अपडेट प्रक्रिया के दौरान भी भारत आने-जाने पर नहीं होगी रोक | OCI Card Holders Can Travel To India During Passport Update Process Clarifies Indian Consulate OCI Card new passport rules download


न्यूयॉर्क:

भारत के महावाणिज्य दूतावास (Consulate General of India) न्यूयॉर्क ने ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्डधारकों के लिए एक महत्वपूर्ण सूचना जारी की है. दूतावास ने स्पष्ट किया है कि जिन OCI कार्डधारकों ने नए पासपोर्ट के बाद अपने पासपोर्ट की जानकारी अपडेट कराने के लिए आवेदन किया है, वे आवेदन प्रक्रिया पूरी होने तक भी भारत आने-जाने के लिए स्वतंत्र रहेंगे. इस दौरान उन पर किसी प्रकार का यात्रा प्रतिबंध लागू नहीं होगा. इसके साथ ही OCI कार्ड वालों को नए पासपोर्ट जारी होने के तीन महीने के भीतर अपने रिकॉर्ड अपडेट कराने की सलाह दी गई है.

पासपोर्ट अपडेट के दौरान भी यात्रा की अनुमति

न्यूयॉर्क के भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा जारी सार्वजनिक सूचना में कहा गया है कि OCI कार्ड होल्डर्स को पासपोर्ट विवरण अपडेट कराने की प्रक्रिया के दौरान भारत आने या भारत से बाहर जाने में किसी तरह की बाधा का सामना नहीं करना पड़ेगा. दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया है कि यदि किसी OCI धारक का पासपोर्ट अपडेट आवेदन लंबित है, तब भी वह अपने वैध OCI दस्तावेजों के आधार पर यात्रा कर सकता है.

भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा जारी सूचना

भारतीय महावाणिज्य दूतावास द्वारा जारी सूचना
Photo Credit: India in New York

तीन महीने के भीतर अपडेट करना होगा रिकॉर्ड

पब्लिक नोटिस में OCI कार्डधारकों को सलाह दी गई है कि वे नया पासपोर्ट जारी होने के बाद तीन महीने के भीतर अपने OCI कार्ड और ई-OCI रजिस्ट्रेशन में पासपोर्ट संबंधी जानकारी अपडेट कर लें. दूतावास ने कहा है कि समय पर रिकॉर्ड अपडेट करना भविष्य में किसी भी प्रशासनिक या यात्रा संबंधी परेशानी से बचने के लिए जरूरी है.

OCI कार्डधारकों को क्या फायदे मिलते है?

OCI कार्डधारकों को भारत आने के लिए लाइफटाइम वीजा की सुविधा मिलती है. साथ ही उन्हें विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO/FRO) में पंजीकरण से छूट भी प्राप्त होती है.

इसके अलावा घरेलू हवाई किराए, राष्ट्रीय उद्यानों, वन्यजीव अभयारण्यों, राष्ट्रीय स्मारकों, ऐतिहासिक स्थलों और संग्रहालयों में प्रवेश शुल्क के मामले में भी भारतीय नागरिकों के समान सुविधाएं मिलती हैं.

OCI कार्ड होल्डर को अनिवासी भारतीयों (NRI) के समान कुछ अन्य लाभ भी मिलते हैं. इनमें भारतीय बच्चों को गोद लेने की अनुमति, NEET, JEE Main और JEE Advanced जैसी निर्धारित प्रवेश परीक्षाओं में शामिल होने की पात्रता तथा कृषि भूमि को छोड़कर अन्य अचल संपत्तियों की खरीद-बिक्री शामिल है.

कौन से अधिकार नहीं मिलते हैं?

OCI कार्डधारकों को भारत में मतदान का अधिकार नहीं होता. वे लोकसभा, राज्यसभा, विधानसभा या विधान परिषद के सदस्य नहीं बन सकते. इसके अलावा राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट के न्यायाधीश जैसे संवैधानिक पदों पर नियुक्ति का अधिकार भी उन्हें प्राप्त नहीं है. वे केंद्र या राज्य सरकार की सार्वजनिक सेवाओं में नियुक्ति और कृषि भूमि, फार्म हाउस या प्लांटेशन संपत्ति खरीदने के पात्र भी नहीं होते.

ई-OCI कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया ऐसी है

OCI कार्डधारकों को ई-OCI कार्ड डाउनलोड करने की प्रक्रिया भी बताई है. इसके लिए OCI सेवा पोर्टल पर लॉग-इन कर डैशबोर्ड में उपलब्ध ई-OCI विकल्प चुनकर डिजिटल कार्ड डाउनलोड किया जा सकता है. दूतावास ने यह भी स्पष्ट किया कि डिजिटल ई-OCI कार्ड को इमिग्रेशन चेक पोस्ट और एयरलाइंस के समक्ष वैध दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया जा सकता है. साथ ही मौजूदा भौतिक OCI कार्ड भी पूरी तरह वैध रहेगा. यदि किसी OCI धारक के रिकॉर्ड से जुड़ा ईमेल अब सक्रिय नहीं है, तो उसे पहले OCI Miscellaneous Services के माध्यम से ईमेल आईडी अपडेट करने की सलाह दी गई है.

यह भी पढ़ें : बच्चों के पासपोर्ट को लेकर मोदी सरकार के नए नियम क्या हैं? क्या होगा फायदा




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button