

हॉलीवुड में एक ऐसी एक्ट्रेस हैं जो अपनी अदाकारी के साथ-साथ अपने हिंसक व्यवहार के लिए जानी जाती हैं, आम लोगों से लेकर सेलिब्रिटी तक को दांत काटने के लिए जाती हैं. उन्होंने फिर से वही काम किया है. अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि लॉस एंजिल्स से न्यूयॉर्क शहर जाने वाली एक फ्लाइट में हुई झड़प के बाद अमेरिकी एक्ट्रेस सेल्मा ब्लेयर को गिरफ्तार कर लिया गया. इस घटना में केबिन क्रू के कम से कम दो मेंबर घायल हो गए हैं. अमेरिकी मीडिया ने बताया कि ब्लेयर ने एक फ्लाइट अटेंडेंट को मुक्का मारा और दूसरे को काट लिया.
‘लीगली ब्लॉन्ड’ और ‘क्रूअल इंटेंशन्स’ जैसी फिल्मों की स्टार ब्लेयर को रविवार देर रात जॉन एफ कैनेडी एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया. उनकी डेल्टा एयरलाइंस की फ्लाइट के उतरने के बाद पुलिस को एक पैसेंजर के हिंसक व्यवहार की सूचना मिली थी. हॉस्पिटल ले जाते समय भी 54 साल की ब्लेयर ने कथित तौर पर एक पुलिस अधिकारी और नर्स के साथ भी मारपीट की.
क्या आरोप लगा?
एक फेडरल न्यायिक सूत्र के अनुसार, FBI ने ब्लेयर को फ्लाइट में मारपीट का आरोपी ठहराते हुए समन जारी किया. सोमवार रात ब्लेयर पर सेकंड-डिग्री मारपीट के दो आरोप लगाए गए और उन्हें जमानत पर रिहा कर दिया गया. इस मामले में अगली सुनवाई 19 जनवरी, 2027 को तय की गई है. वहीं डेल्टा के प्रवक्ता ने कहा कि एयरलाइन “बदतमीजी या गैर-कानूनी व्यवहार को लेकर जीरो टॉलरेंस रखती है, क्योंकि हमारे पैसेंजर्स और क्रू की सुरक्षा हमेशा सबसे पहले आती है.”
यह पहला मामला नहीं है
2016 में भी एक फ्लाइट में इसी तरह के व्यवहार के बाद ब्लेयर को स्ट्रेचर पर डालकर प्लेन से उतारा गया था. उस घटना के बाद उन्होंने ‘वैनिटी फेयर’ को बताया था, “मैंने दवा के साथ शराब मिला ली थी, जिससे मैं बेहोश हो गई और मैंने ऐसी बातें कहीं और ऐसे काम किए जिनका मुझे गहरा अफसोस है.”
इसके बाद उन्होंने 2022 में आई अपनी आत्मकथा में यह भी बताया कि उन्होंने कई मशहूर हस्तियों, जैसे केट मॉस, को काटा था. उनके अनुसार ऐसा अक्सर तब हुआ जब उन्होंने शराब पी रखी थी.





