खबर

रात में रेड, गालीगलौज और फिर बड़ा प्रदर्शन, सुल्तानपुर के यूट्यूबर संजय यदुवंशी का पूरा मामला; अब 3 और केस दर्ज | Sultanpur YouTuber Sanjay Yaduvanshi Case Protest UP Police Akhilesh Yadav



सुल्तानपुर:

उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में बीते कुछ दिनों से यूट्यूबर संजय यदुवंशी को लेकर माहौल गरमाया हुआ है. संजय यदुवंशी चर्चित अवधी सिंगर हैं. बीते दिनों संजय यदुवंशी के घर देर रात पुलिस ने छापा मारा था. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया. संजय यदुवंशी के परिवार का दावा है कि उस रात घर पहुंचे पुलिस के जवान गंदी-गंदी गालियां दे रहे थे. गेट बंद होने पर पुलिस के जवान चारदीवारी फांदकर संजय यदुवंशी के घर में घुसे थे. रात की घटना के बाद संजय यदुवंशी अपने सैकड़ों समर्थकों के साथ धरने पर बैठा था. पुलिस का कहना है कि इस दौरान संजय यदुवंशी के समर्थकों ने भारी उत्पात मचाया. भीमराव अंबेडकर की चित्र फाड़ दी. एक शिकायत में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की तस्वीर फाड़कर पैरों तले कुचलने का भी आरोप है.

संजय यदुवंशी के खिलाफ तीन और मामले दर्ज

सोशल मीडिया पर संजय यदुवंशी के मामले को लेकर कई वीडियो वायरल हो रहे हैं. जिसमें उनके घर रात में छापेमारी करने पहुंची पुलिस के साथ-साथ तिकोनिया पार्क में हुए प्रदर्शन के विजुअल भी है. अब संजय यदुवंशी के खिलाफ तीन और मामले दर्ज किए गए हैं. ये तीनों मुकदमे तीन अलग-अलग लोगों की शिकायत पर की गई है. 

करीब 300 लोगों पर पुलिस ने दर्ज की FIR

पहला मुकदमा नगर पालिका कर्मचारी, दूसरा एक स्थानीय व्यक्ति तो तीसरा भारत विकास परिषद के अध्यक्ष की शिकायत पर दर्ज किए गए हैं. एक मामले में संजय यदुवंशी समेत 250 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है. दूसरे में संजय समेत चार नामजद लोगों और तीसरे में संजय समेत 12 नामजद और 25 अज्ञात लोगों को आरोपी बनाया गया है.

पुलिस पर रात में शराब के नशे में घर में घुसने का आरोप

पुलिस का कहना है कि आरोपों की जांच कर साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. दूसरी ओर संजय यदुवंशी के परिवार ने एनकाउंटर की चिंता जताई है.  संजय यदुवंशी के परिवार ने पुलिस पर रात में शराब के नशे में घर में घुसकर छापेमारी करने और महिलाओं के सामने गाली-गलौज और अभ्रदता का आरोप लगाया है. 

दूसरी ओर संजय यदुवंशी ने सोशल मीडिया के माध्यम से पुलिस से गुहार लगाई कि एक सिंगर को अपराधी क्यों बनाया जा रहा है? उसने यह भी कहा कि मुकदमे मुझपर हैं तो मुझे गिरफ्तार करो, मुझे सजा दो, मेरे परिवार को क्यों परेशान किया जा रहा है. 

खान बाबा पर हमले से शुरू हुआ था विवाद

संजय यदुवंशी से जुड़े इस विवाद की शुरुआत सितंबर में कोतवाली नगर क्षेत्र के तुराबखानी निवासी खान बाबा पर हुए जानलेवा हमले से जुड़ी है. इस मामले में संजय यदुवंशी पर मुकदमा दर्ज हुआ था. सोमवार रात धम्मौर पुलिस ने उघड़पुर गांव के अहिरन का पुरवा स्थित संजय यदुवंशी के घर छापेमारी की. इस दौरान पुलिस पर दीवार फांदकर घर में घुसने और परिजनों से गाली-गलौज करने के आरोप लगे. 

मंगलवार को अखिलेश यादव ने संजय यदुवंशी के घर पुलिस के रात में जाने का वीडियो एक्स पर साझा किया, जिसके बाद मामला चर्चा में आ गया.

तिकोनिया पार्क में दिया था समर्थकों संग धरना

बताया गया कि गुरुवार को संजय ने इसी मामले में अंतरिम जमानत ली. इसके बाद शुक्रवार को उसने पुलिस कार्रवाई के विरोध में तिकोनिया पार्क में करीब पांच घंटे प्रदर्शन किया. जिसमें बड़ी संख्या में लोग पहुंचे. प्रदर्शन के दौरान संजय यदुवंशी ने अतिरिक्त मजिस्ट्रेट को चार सूत्रीय मांगपत्र सौंपा. जिसमें ये चार मांगे की गई थी. 

  1. धम्मौर थाना प्रभारी समेत पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जाए.
  2. पहले दर्ज मुकदमे की दोबारा जांच की जाए.
  3. शिकायतकर्ता शबीब रजा के खिलाफ अभद्र टिप्पणी के आरोप में एफआईआर दर्ज हो. 
  4. संजय पर दर्ज पुराने मामलों की निष्पक्ष जांच कराई जाए.

संजय के पिता बोले- बेटों का हो सकता है एनकाउंटर

संजय के पिता ने कहा कि पुलिस मेरे दोनों बेटों का एनकाउंटर कर सकती है. दूसरी ओर सुल्तानपुर एसपी विनीत जायसवाल ने संजय यदुवंशी पर तीनों मुकदमे दर्ज होने की पुष्टि की. उन्होंने बताया कि तहरीर के आधार पर मामले दर्ज कर जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

यह भी पढ़ें – सुल्तानपुर में प‍िता की हैवानियत: मासूम बेटी को बेरहमी से पीटा, नाले में डुबोया; आरोपी गिरफ्तार

इनपुट- दिनकर श्रीवास्तव




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button