
Navratri: सुबह घर में आरती की थाली हाथ में थी. शाम को दोस्तों के साथ गरबा जाने की तैयारी चल रही है. तभी फोन की स्क्रीन पर एक मैसेज आता है, कल शाम मिलें?
यहीं से मन में एक अजीब सी कशमकश शुरू हो जाती है. नवरात्रि के दिन हैं, ऐसे में किसी से मिलने जाना ठीक रहेगा? व्रत रखा है तो क्या घर में ही कैद रहना जरूरी है? और अगर गरबा में रात भर झूमना जायज है, तो दोस्तों के साथ पार्टी करने पर मन में यह अपराधबोध क्यों आ जाता है? असल में परेशानी तब होती है जब हम इन तीनों बातों को एक ही तराजू में तौलने लगते हैं.
गरबा और पार्टी, दोनों अलग है
गरबा सिर्फ लाउड म्यूजिक पर नाचना नहीं है, उसकी जड़ें देवी की आराधना से जुड़ी हैं. गोल घेरे में घूमकर नाचना इस उत्सव और भक्ति का ही एक रूप है. इसलिए पूजा के बाद गरबा जाना कोई पाखंड नहीं है.
दिक्कत तब आती है जब हम हर आयोजन को एक जैसा मान लेते हैं. कई गरबा इवेंट्स अब महज कमर्शियल पार्टी बनकर रह गए हैं, और दूसरी तरफ हर पार्टी भी खराब नहीं होती. अगर दोस्तों के साथ बैठकर सिर्फ गपशप और हल्का-फुल्का संगीत चल रहा है, तो उसमें कोई बुराई नहीं.
लेकिन अगर वहां शराब, देर रात तक हुड़दंग और ऐसा तामसिक माहौल है जो आपके व्रत या संकल्प के खिलाफ जाता है, तो वहां जाने से बचना ही समझदारी है. फैसला इस बात से होना चाहिए कि वहां का माहौल कैसा है, न कि सिर्फ इस बात से कि उसे ‘पार्टी’ कहा जा रहा है या ‘गरबा’.
किसी से मिलना और व्रत टूटने का डर
‘डेटिंग’ शब्द भले ही आज के दौर का हो, लेकिन किसी अपने से मिलना या बातचीत करना कोई नई बात नहीं है. धर्मग्रंथों में ऐसा कहीं नहीं लिखा कि त्योहारों के दौरान आम सामाजिक मेल-मुलाकात पर पाबंदी लगा दी जाए.
फर्क इस बात से पड़ता है कि उस मुलाकात में हो क्या रहा है. किसी कैफे में बैठकर बात करना या साथ टहलना एक बात है और शारीरिक अंतरंगता बिल्कुल दूसरी बात. अगर आपने नवरात्रि में संयम या ब्रह्मचर्य का संकल्प लिया है, तो अपनी सीमाएं पहले ही साफ रखें.
अगर आप फलाहार पर हैं और सामने वाला कहे कि अरे एक निवाले से क्या फर्क पड़ता है, तो वहां मुस्कुराकर अपनी सीमा समझाना जरूरी है. सच्चा साथी वही है जो आपके संकल्प और आस्था की कद्र करे.
गीता का संदेश, जबरदस्ती नहीं, संतुलन
गीता में भी कृष्ण यही समझाते हैं कि जिसका खान-पान, आमोद-प्रमोद, काम और आराम सब कुछ संतुलित है, वही इंसान तनाव और दुखों से दूर रहता है. यह बात आज के जीवन पर भी पूरी तरह लागू होती है.
भक्ति का मतलब यह बिल्कुल नहीं है कि आप दुनिया से कट जाएं, कमरे में बंद हो जाएं और हंसना-बोलना छोड़ दें. इसका सीधा सा मतलब यह है कि आप जो भी करें, होश में रहकर और अपनी मर्यादाओं को संभालते हुए करें. पहले से अपनी सीमा तय कर लेना हर शाम के अनचाहे अपराधबोध से कहीं बेहतर है.
नीयत साफ तो रास्ता साफ
गरबा में जाएं, दोस्तों से मिलें या किसी खास के साथ थोड़ा वक्त बिताएं. असल सवाल यह नहीं है कि आप कहां जा रहे हैं, बल्कि यह है कि वहां जाकर आप अपने संकल्प के प्रति कितने ईमानदार हैं.
अगर आपका मन आपके काबू में है और इरादे साफ हैं, तो आस्था और रोजमर्रा की जिंदगी दोनों बड़े आराम से साथ चल सकती हैं. भक्ति जिंदगी को थामने के लिए नहीं, उसे सही दिशा में जीने के लिए है.
Disclaimer: यहां मुहैया सूचना सिर्फ मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. यहां यह बताना जरूरी है कि ABPLive.com किसी भी तरह की मान्यता, जानकारी की पुष्टि नहीं करता है. किसी भी जानकारी या मान्यता को अमल में लाने से पहले संबंधित विशेषज्ञ से सलाह लें.
