

दुबई:
फ्लाईदुबई (Flydubai) की दुबई-तेल अवीव उड़ान में कथित हमले और विमान को नुकसान पहुंचाने की कोशिश और कैप्टन स्मित मच्छार (Captain Smit Machchhar) पर हमला करने के मामले में आरोपी को-पायलट की पहचान हमाम अलहमामी (Hamam Alhamami) के रूप में होने का दावा किया गया है. अल अराबिया, सीएनएन और अन्य अंतरराष्ट्रीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार उसके कथित चरमपंथी विचारों और पूर्व पृष्ठभूमि की जांच की जा रही है. घटना के दौरान भारतीय कप्तान स्मित मच्छार गंभीर रूप से घायल हुए, लेकिन उन्होंने हमलावर का मुकाबला करते हुए विमान को सुरक्षित बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. विमान ने बाद में सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग की और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकाले गए.
सीरिया में उग्रवादी विचारधारा से प्रभावित हुआ : अल अराबिया की रिपोर्ट में दावा
अल अराबिया इंग्लिश की रिपोर्ट के अनुसार, ओमानी को-पायलट को पहले ओमान में उड़ान भरने से रोक दिया गया था. रिपोर्ट में दावा किया गया है कि उसके कट्टरपंथी विचारों को लेकर चिंताएं थीं, जिनका प्रभाव उसके सीरिया में बिताए गए समय के दौरान पड़ा था. अधिकारियों द्वारा उड़ान भरने से रोके जाने के बाद अलहमामी ओमान छोड़कर चला गया था. उसने अपना अधिकांश समय ओमान के बाहर, विशेष रूप से सीरिया में बिताया, जहां कथित तौर पर वह उग्रवादी विचारधारा से प्रभावित हुआ, जिसके बाद वह संयुक्त अरब अमीरात पहुंचा.
आतंकवाद से संबंधित जांच की जा रही : CNN
सीएनएन की रिपोर्ट में बता गया है कि अलहमामी को पिछले वर्ष ओमान की नेशनल एयरलाइन में उसको हटाया गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, उसके कथित कट्टरपंथी विचारों को लेकर चिंता व्यक्त की गई थी. बाद में उसे एयरलाइन के भीतर दूसरी भूमिका दी गई थी. यह भी कहा गया कि उसका जन्म संयुक्त अरब अमीरात में हुआ था. उसके पिता ओमानी और मां सीरियाई मूल की बताई गई हैं. उसने अपने जीवन का एक बड़ा हिस्सा यूएई में भी बिताया था.
सऊदी अरब से यूएई भेजा गया
सीएनएन की रिपोर्ट के अनुसार, फ्लाइट के सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद संदिग्ध ओमानी पायलट को यूएई ट्रांसफर किया गया है. वहां उसके खिलाफ आतंकवाद संबंधी जांच की जा रही है. जांच एजेंसियां उसके संभावित मकसद और अंतरराष्ट्रीय संपर्कों की भी पड़ताल कर रही हैं.
इजरायल में भी उठे सवाल
इस मामले के बाद इजरायल में यह सवाल उठ रहा है कि ऐसे देश का नागरिक, जिसके इजरायल के साथ औपचारिक राजनयिक संबंध नहीं हैं, तेल अवीव जाने वाली उड़ान में को-पायलट कैसे बना. सीएनएन के अनुसार इजरायल की कई एजेंसियां, जिनमें शिन बेट, मोसाद, सेना और परिवहन मंत्रालय शामिल हैं, इस पहलू की जांच कर रही हैं.
कट्टरपंथी सोच, इजरायल के प्रति विरोध : i24 न्यूज़ रिपोर्ट
i24 न्यूज के अनुसार, पायलट कथित तौर पर कई बार फिलिस्तीन के समर्थन और इजरायल के प्रति विरोध व्यक्त कर चुका था. रिपोर्ट में कहा गया कि उसकी कथित इस्लामी कट्टरपंथी सोच और संभावित आतंकी मकसद की जांच के तहत इन पहलुओं को भी देखा जा रहा है.
रिपोर्ट में यह सवाल भी उठाया गया कि इजरायल के साथ राजनयिक संबंध नहीं रखने वाले देश का नागरिक इस रूट पर उड़ान भरने की मंजूरी कैसे हासिल कर पाया.
30 सितंबर को हुई थी घटना
घटना 30 सितंबर को दुबई से तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान में हुई थी. आरोप है कि ओमानी पायलट ने कॉकपिट के अंदर भारतीय कप्तान स्मित मच्छार पर हमला कर दिया और कथित तौर पर विमान को दुर्घटनाग्रस्त करने की कोशिश की. इस संघर्ष के दौरान विमान लगभग दो मिनट में करीब 16,000 फीट नीचे आ गया, जिसके बाद अपहरण से जुड़ा आपातकालीन संकेत प्रसारित किया गया.
स्मित मच्छार ने दिखाई बहादुरी
गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन स्मित मच्छार ने हमलावर का मुकाबला किया. रिपोर्टों के मुताबिक उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफलता हासिल की, जिसके बाद चालक दल के अन्य सदस्य और कुछ यात्री अंदर पहुंच सके. इसके बाद हमलावर को काबू कर लिया गया और विमान का नियंत्रण दो ऑफ-ड्यूटी एविएटर्स सहित अन्य प्रशिक्षित लोगों ने संभालने में मदद की.
सभी यात्री सुरक्षित निकले
विमान ने अंततः सऊदी अरब के तबुक में आपातकालीन लैंडिंग की. रिपोर्टों के अनुसार विमान में सवार सभी लगभग 180 लोग सुरक्षित बाहर निकल गए. घटना के बाद कैप्टन स्मित मच्छार को एक हीरो के रूप में सराहा जा रहा है.
यह भी पढ़ें : ‘उसने मुझे कई बार मारा’… Flydubai के प्लेन में भारतीय पायलट स्मित की यात्रियों से बातचीत- नया वीडियो





