

पंजाब और उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों से पहले कांग्रेस ने जबरदस्त बदलाव किया है. कांग्रेस ने पंजाब और यूपी, दोनों जगह नए प्रदेश अध्यक्ष की नियुक्ति कर दी है. पंजाब में परगट सिंह तो यूपी में आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया है.
पंजाब में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने शुक्रवार को ही अध्यक्ष पद से अपना इस्तीफा राहुल गांधी को सौंपा था. इसके बाद देर शाम ही परगट सिंह को नया अध्यक्ष नियुक्त कर दिया गया है.
कांग्रेस ने एक प्रेस रिलीज जारी कर बताया, ‘कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब प्रदेश कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है.’
कांग्रेस ने बयान में अमरिंदर सिंह राजा वडिंग के योगदान की तारीफ भी की है. परगट सिंह के अध्यक्ष चुने जाने पर अमरिंदर राजा वडिंग ने उन्हें बधाई दी है.
Congratulations to Sardar @PargatSOfficial ji for being appointed as the President of the Punjab Pradesh Congress Committee @INCPunjab.
My best wishes. pic.twitter.com/sH2UFmhZe6
— Amarinder Singh Raja Warring (@RajaBrar_INC) October 2, 2026
4 साल से प्रदेश अध्यक्ष थे अमरिंदर
लुधियाना के सांसद अमरिंदर सिंह राजा वडिंग चार साल पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष थे. चुनाव से कुछ महीनों पहले उनका इस्तीफा देना अहम घटनाक्रम है.
दरअसल, पंजाब कांग्रेस में आंतरिक मतभेदों की अटकलें भी थीं. अमरिंदर के हटने की एक वजह इसे भी माना जा रहा है. 2027 के चुनाव से पहले कांग्रेस किसी भी तरह का रिस्क नहीं लेना चाहती थी.
अमरिंदर ने गुरुवार को ही इस्तीफे का ऐलान कर दिया था. शुक्रवार को राहुल गांधी से उन्होंने मुलाकात की और अपना इस्तीफा सौंपा.
यूपी में अध्यक्ष समेत कई नियुक्तियां
पंजाब के साथ-साथ कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश में भी बड़ा बदलाव किया है. यूपी में कांग्रेस ने आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया है. उनसे पहले अजय राय के पास ये जिम्मेदारी थी.
इसके अलावा, कांग्रेस आलाकमान ने इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है. साथ ही देविंदर निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है.





