खबर

दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर टूरिस्ट बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग,दो घायल, वीडियो आया सामने | Tourist Bus Comes Under Fire On Delhi-Meerut Expressway In Ghaziabad Video viral



गाजियाबाद से एक हैरान करने वाली घटना सामने आई है. बताया जा रहा है कि यहां के मसूरी थाना क्षेत्र में कुछ लोगों ने दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर टूरिस्ट बस पर ताबड़तोड़ फायरिंग की है. घटना को अंजाम देने से पहले आरोपियों ने पहले बस को रोका. बस का चालक इससे पहले कुछ समझ पाता आरोपियों ने फायरिंग की और मौके से फरार हो गए. पुलिस फिलहाल इस पूरे मामले की जांच कर रही है. पुलिस की अभी तक की जांच में पता चला है कि फायरिंग में बस के कंडक्टर समेत दो लोग घायल हो गए हैं. घटना के बाद पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. वारदात से जुड़ा एक वीडियो भी सामने आया है,जिसमें फायरिंग की घटना में घायल शख्स नजर आ रहा है. पुलिस ने वीडियो के आधार पर आरोपी की पहचान अरसलान के रूप में की है. 

स्कूटी से किया पीछा और फिर कर दी गोलीबारी

पुलिस के मुताबिक, 28 सितंबर की रात करीब 10 बजे दिल्ली पुस्ता से बदायूं के लिए टूरिस्ट बस संख्या UP 15 FT 0038 रवाना हुई थी. पुलिस के अनुसार घटना के समय बस में चालक शरीफुद्दीन, कंडक्टर तालिब और बस मालिक का दोस्त कमरुद्दीन अंसारी मौजूद थे. जांच में पता चला है कि बस जब बेवसिटी से आगे हापुड़ की तरफ बढ़ी तभी आरोप है कि अरसलान अपने एक साथी के साथ लाल कुआं इलाके के पास से एक स्कूटी से बस का पीछा करने लगा और मसूरी थाना क्षेत्र के डासना इलाके में हाईटेक कॉलेज के पास दिल्ली मेरठ एक्सप्रेसवे पर मेरठ की तरफ जाने वाले रास्ते पर स्कूटी सवार आरोपियों द्वारा बस पर कंडक्टर साइड से कई राउंड फायरिंग कर दी. जिससे बस में बैठे कंडक्टर तालिब उम्र 25 वर्ष और बस मालिक के दोस्त कमरुद्दीन उम्र 42 को गोली लग गई.

कई राउंड फायरिंग की

एफआईआर में शिकायतकर्ता और बस मालिक मोहम्मद आरिफ ने आरोप लगाया है कि उनके पास दो टूरिस्ट बसे हैं , जो दिल्ली पुस्ता से बदायूं के लिए चलती है. और गोली चलाने वाले आरोपी अरसलान और उसके साथी उससे बस चलाने के एवज में अवैध वसूली की मांग करते थे. आरोप लगाया गया है कि आरोपी दिल्ली के वासिद गैंग के लिए काम करते हैं. पुलिस ने इन आरोपों को एफआईआर में दर्ज कर जांच में शामिल किया है. मिली जानकारी के अनुसार बताया जा रहा है कि हमलावरों ने कई राउंड फायरिंग की, जिसमें कंडक्टर तालिब और कमरुद्दीन अंसारी को गोली लगी. दोनों घायलों को उपचार के लिए दिल्ली के जीटीबी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

घटना के बाद डीएमई एक्सप्रेसवे जैसी अति सुरक्षित मानी जाने वाली सड़क पर हुई फायरिंग ने सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े किए हैं. पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 109(1) के तहत मुकदमा दर्ज किया है. मामले में नामजद अरसलान और उसके अज्ञात साथी की तलाश की जा रही है. पुलिस घटना के वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है.

यह भी पढ़ें: 15 मिनट में मयूर विहार से सराय काले खां-एम्स तक भरो फर्राटा, बारापूला फ्लाईओवर फेज 3 चालू, दिल्ली रिंग रोड-आश्रम पर घटेगा ट्रैफिक




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button