

एक्ट्रेस नीलम कोठारी 58 साल की उम्र में भी अपने चमकदार बालों और दमकती त्वचा के लिए जानी जाती हैं. 58 साल की उम्र में भी उनकी स्किन चमकदार है. नीलम अपनी स्किन का ख्याल रखने के लिए अक्सर अपनी मां के घरेलू नुस्खों को फॉलो करती हैं. इसके साथ ही नीलम अपने यूट्यूब पर वीडियो शेयर अपने फैंस को अपनी ग्लोइंग स्किन के राज बताती रहती हैं. एक बार फिर नीलम ने एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें उन्होंने बताया कि उनकी स्किन पर मुंहासे यानी एक्ने होने की समस्या रहती है. इसलिए वह एक आसान घरेलू फेस मास्क लगाती हैं, जो चेहरे पर अच्छी चमक लाने में मदद करता है. नीलम घर पर ही फिटकरी से फेस मास्क बनाती हैं. चलिए आपको बताते हैं फिटकरी से फेस मास्क कैसे बनाएं और इसका इस्तेमाल कैसे करें.
फिटकरी का फेस मास्क कैसे बनाएं
नीलम कोठारी ने वीडियो में बताया कि इस फेस पैक को बनाने के लिए वह एक कटोरी दही में थोड़ा सा हल्दी और एक चुटकी फिटकरी मिलाती हैं. नीलम ने कहा कि फिटकरी बहुत कम मात्रा में ही डालनी चाहिए, क्योंकि ज्यादा फिटकरी त्वचा में जलन पैदा कर सकती है. इसके बाद वह इसमें ग्लिसरीन और एलोवेरा जेल मिलाती हैं. इस मास्क की खास बात यह है कि इसमें थोड़ा सा कॉफी पाउडर भी डाला जाता है. नीलम के मुताबिक, कॉफी में मौजूद कैफीन चेहरे की सूजन कम करने और त्वचा को तरोताजा दिखाने में मदद कर सकता है.
कैसे करें इस्तेमाल
इसके बाद नीलत अंत में थोड़ा सा गुलाब जल मिलाकर सभी चीजों को अच्छी तरह मिक्स करती हैं और चेहरे पर लगा लेती हैं. करीब 20 मिनट बाद वह चेहरे को पानी से धो लेती हैं. नीलम का कहना है कि यह फेस पैक चेहरे पर ग्लो लाने, पिगमेंटेशन की समस्या कम करने और त्वचा को ठंडक पहुंचाने में मददगार लगता है.
एक्सपर्ट की क्या है राय?
स्किन एक्सपर्ट डॉ. रूपिका सिंह के अनुसार, फिटकरी त्वचा को कुछ समय के लिए टाइट जरूर महसूस करा सकती है, लेकिन इसके लिए मजबूत वैज्ञानिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं. इसलिए DIY फेस पैक में इसका इस्तेमाल सावधानी से करना चाहिए. उन्होंने बताया कि फिटकरी की प्रकृति त्वचा को रूखा बना सकती है और स्किन बैरियर को नुकसान पहुंचा सकती है. संवेदनशील या एक्ने-प्रोन स्किन वालों में इससे जलन और लालिमा की समस्या भी हो सकती है. अगर, आप इस फेस पैक को आजमाना चाहते हैं, तो फिटकरी की केवल एक छोटी चुटकी ही इस्तेमाल करें और चेहरे पर लगाने से 24 से 48 घंटे पहले पैच टेस्ट जरूर कर लें.
यह भी पढ़ें:- घर पर तेल कैसे बनाएं? नीलम कोठारी ने बताया मां का DIY हेयर ऑयल नुस्खा, बाल रहेंगे घने और हेल्दी
यह भी पढ़ें:- ब्यूटी स्पंज या मेकअप ब्रश? जानिए कौन सा सबसे फ्लॉलेस और नेचुरल बेस देगा




