खबर

नंगे पैर चुनाव प्रचार कर दीपांशु शौकीन ने रचा इतिहास, DUSU चुनाव में निर्दलीय उपाध्यक्ष बनकर तोड़े 2 रिकॉर्ड | Who is deepanshu shokeen wins dusu election 2026 independent vice president record



दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 में दीपांशु शौकीन ने एक नया इतिहास रच दिया है. नंगे पैर चुनाव प्रचार करते हुए दीपांशु ने इस बार दो बड़े रिकॉर्ड अपने नाम किए हैं. पहला ये क‍ि DUSU के इतिहास में पहली बार कोई निर्दलीय उम्मीदवार उपाध्यक्ष पद पर विजयी हुआ है, और दूसरा ये क‍ि उन्होंने रिकॉर्ड मतों के भारी अंतर से जीत हासिल की है. DUSU में इससे पहले कभी भी कोई निर्दलीय प्रत्याशी वाइस प्रेसिडेंट के पद तक नहीं पहुंच पाया था.

दीपांशु शौकीन का इंटरव्‍यू

19 स‍ितंबर 2026 को छात्रसंघ चुनाव पर‍िणाम के बाद एनडीटीवी से खास बातचीत में दीपांशु शौकीन ने बताया कि उन्हें इस बड़ी जीत की पूरी उम्मीद थी. जिस तरह से उन्होंने लगातार छात्रों के हितों के लिए आवाज उठाई और उनका विश्वास जीता, उसी का परिणाम है कि छात्रों का उन्हें भरपूर समर्थन और वोट मिला. इसी के बल पर वे दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 में 20 हजार से अधिक मतों के बड़े अंतर से विजयी हो पाए हैं.

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 में बड़ा उलटफेर करने वाले दीपांशु पिछले तीन-चार महीनों से लगातार चुनाव प्रचार में जुटे हुए थे. सत्य निकेतन में हुए दर्दनाक हादसे के बाद उन्होंने चप्पल और जूते पहनना छोड़ दिया था. पीड़ित छात्रों को न्याय दिलाने का संकल्प लेकर वे पूरे चुनाव प्रचार के दौरान नंगे पांव ही घूमते रहे.

सत्य निकेतन छात्रावास हादसा: इंसाफ की लड़ाई लड़ूंगा-दीपांशु

एनडीटीवी से बातचीत के दौरान दीपांशु ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सत्य निकेतन छात्रावास हादसा सीधे तौर पर प्रशासन की घोर लापरवाही का नतीजा है. इसके लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई होनी चाहिए; सिर्फ निलंबन कर देने से काम नहीं चलेगा. जब तक पीड़ित छात्रों और उनके परिवारों को उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक न्याय अधूरा ही माना जाएगा. वे छात्रों के इंसाफ की यह लड़ाई हर हाल में लड़ेंगे.

कौन हैं दीपांशु शौकीन?

दिल्ली विश्वविद्यालय छात्रसंघ चुनाव 2026 में उपाध्यक्ष पद पर चुने गए दीपांशु शौकीन दिल्ली के पीरागढ़ी इलाके के रहने वाले हैं. उनके पिता बस कंडक्टर हैं और मां आंगनवाड़ी कार्यकर्ता के रूप में कार्यरत हैं. शहीद भगत सिंह कॉलेज से स्नातक करने वाले दीपांशु शुरू से ही छात्र राजनीति में कदम रखना चाहते थे, जबकि उनके पिता की इच्छा थी कि बेटा यूपीएससी की तैयारी करके IAS या IPS अफसर बने.

DUSU चुनाव में दीपांशु ने सबसे पहले कांग्रेस के छात्र संगठन NSUI से टिकट मांगा था. उन्होंने NSUI उम्मीदवार के रूप में अपना नामांकन भी दाखिल कर दिया था, लेकिन बाद में संगठन ने उनसे नामांकन वापस लेने को कह दिया. ऐसी परिस्थिति में दीपांशु पीछे हटने के बजाय निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर मैदान में डटे रहे और अंततः एक ऐतिहासिक जीत हासिल की. 

यह भी पढ़ें- DUSU Election Result 2026 Live Updates: DUSU चुनाव में बाजी मारती दिख रही ABVP, 18वें राउंड के बाद अध्यक्ष सहित तीन पदों पर आगे; NSUI पिछड़ी




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button