खबर

सैयद सुहैल का शो: पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम से हो जाएं सावधान, चेहरा चमकाने के चक्कर में गंवा बैठेंगे किडनी | Pakistani Fairness Creams Gori And Chandni With Mercury Contamination Health Risks



अगर आप भी रातों-रात खूबसूरत दिखने और चेहरे को गोरा बनाने के लिए ब्यूटी प्रोडक्ट्स का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए एक बहुत बड़ी चेतावनी है. बाजार में मिलने वाली फेयरनेस क्रीम का लालच आपको किसी बड़ी मुसीबत में डाल सकता है. भारत में इन दिनों पाकिस्तान से आई ‘गोरी’ और ‘चांदनी’ नाम की दो ब्यूटी क्रीम्स का अवैध काला कारोबार धड़ल्ले से चल रहा है. 1 महीने में चेहरा चमकाने का दावा करने वाली ये क्रीम्स खूबसूरती देने के बजाय शरीर को अंदर से खोखला कर रही हैं. नागपुर में इस क्रीम के इस्तेमाल से 18 महिलाओं की किडनी खराब होने का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है.

त्वचा झुलसी और गुर्दे हुए फेल

महाराष्ट्र के नागपुर में दर्जनों महिलाओं ने चेहरे को बेदाग और चमकदार बनाने के लिए इन पाकिस्तानी क्रीमों को लगाना शुरू किया था. कुछ ही समय में सैकड़ों महिलाओं की त्वचा का रंग सुधरने के बजाय झुलस गया और वे गंभीर रूप से बीमार पड़ने लगीं.

जब मामला स्वास्थ्य विभाग और महाराष्ट्र एफडीए (FDA) तक पहुंचा, तो जांच के दौरान चौंकाने वाली हकीकत सामने आई. एफडीए की लैब टेस्ट रिपोर्ट में दोनों क्रीम्स के अंदर बेहद जानलेवा और जहरीले केमिकल्स का जमावड़ा मिला.

मानक से 752 गुना ज्यादा जहरीला पारा

जांच रिपोर्ट में यह बात साबित हुई है कि ‘गोरी’ और ‘चांदनी’ क्रीम में तय सीमा से 752 गुना ज्यादा मरकरी (पारा) पाया गया है. इसके अलावा क्रीम में खतरनाक स्तर पर लेड (शीशा) भी मौजूद है. जब कोई व्यक्ति अपने चेहरे या त्वचा पर यह क्रीम लगाता है, तो स्किन इसे तेजी से सोख लेती है. क्रीम में मौजूद पारा और शीशा त्वचा के रोमछिद्रों के जरिए सीधे इंसान की नसों में बहने वाले खून में मिल जाता है.

खून में मिलकर किडनी को पूरी तरह से बर्बाद कर रहा जहर

खून में पहुंचते ही ये जहरीले केमिकल्स शरीर के अंदरूनी हिस्सों में घूमना शुरू कर देते हैं. हमारी किडनी का मुख्य काम शरीर और खून से गंदगी को बाहर निकालना (फिल्टर करना) होता है. लेकिन जब पारे से भरा खून किडनी में पहुंचता है, तो वहां जमा होने लगता है.

पारे के अत्यधिक जहर के कारण किडनी के नाजुक फिल्टरों में गहरी चोट लगती है और वहां खतरनाक सूजन आ जाती है. धीरे-धीरे किडनी का प्यूरीफिकेशन सिस्टम काम करना बंद कर देता है, जिससे किडनी फेल्योर और यूरेमिया जैसी जानलेवा स्थिति बन जाती है.

बैन के बावजूद ऑनलाइन और अवैध बाजार में बिक्री जारी

इस जानलेवा खतरे और स्वास्थ्य जोखिमों को देखते हुए भारत सरकार ने इन पाकिस्तानी ब्यूटी क्रीम्स पर पूरी तरह से बैन (प्रतिबंध) लगा रखा है. इसके बावजूद कुछ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म्स, सोशल मीडिया के जरिए और स्थानीय बाजारों में छुपाकर इसे अवैध तरीके से बेचा जा रहा है. चंद रुपयों के मुनाफे के लिए लोगों की जिंदगी से खिलवाड़ किया जा रहा है.

अगर आप या आपके आसपास कोई भी व्यक्ति एक महीने में गोरा बनाने का दावा करने वाली ऐसी लोकल या पाकिस्तानी क्रीम्स का इस्तेमाल कर रहा है, तो तुरंत रुक जाएं. चेहरे की थोड़ी सी चमक पाने की चाहत में अपनी बहुमूल्य सेहत और किडनी को दांव पर न लगाएं.

यह भी पढ़ें: IPS मनीषा नेहरा ने क्यों छोड़ा तेलंगाना कैडर? छठे प्रयास में क्रैक की UPSC, दादा-पिता सैन्‍य अफसर




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button