

देश में सिगरेट की कीमतें फिर से बढ़ गई हैं. 1 फरवरी 2026 से सिगरेट और अन्य तंबाकू उत्पादों पर 40% जीएसटी लागू हुआ था. इसके साथ ही एक नया अतिरिक्त उत्पाद शुल्क भी लगा दिया गया था, जिससे सिगरेट के दाम आए दिन बढ़ते जा रहे हैं.
बाजार में पहुंचा नई कीमतों वाला नया स्टॉक
डीलरों के अनुसार, आईटीसी लिमिटेड ने सिगरेट के चुनिंदा ब्रांड्स के दाम बढ़ा दिए हैं. इनमें ‘गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार’ और ‘क्लासिक कनेक्ट’ की अधिकतम खुदरा कीमतों में बढ़ोतरी की गई है. बाजार में अब नई कीमतों वाला नया स्टॉक आना भी शुरू हो गया है.
क्लासिक कनेक्ट के 20 सिगरेट वाले पैक के बढ़े दाम
बता दें कि क्लासिक कनेक्ट के 20 सिगरेट वाले पैक की कीमत अब 428 रुपये हो गई है, जबकि पहले यह 390 रुपये थी. यानी इसकी कीमत में 9.74% की वृद्धि दर्ज की गई है. विदेशी निवेश बैंक और ब्रोकरेज फर्म नोमुरा ने पहले ही कहा था कि 40 प्रतिशत अतिरिक्त शुल्क लागू होने के बाद सिगरेट के दाम बढ़ना तय है. आईटीसी का मुख्य मकसद जीएसटी के इस बढ़ते बोझ को संतुलित करना है.
पहले भी कई बार बढ़ चुके हैं ब्रांड्स के रेट
उधर, आईटीसी के क्लासिक कनेक्ट की कीमत पहले 300 रुपये से बढ़कर 360 रुपये हुई थी और उसके बाद इसे 390 रुपये कर दिया गया था. वहीं, दूसरी ओर गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार के दामों में 59 रुपये से 70 रुपये तक की बढ़ोतरी देखी गई थी. इसी साल मई में एनडीटीवी प्रॉफिट ने अपनी रिपोर्ट में बताया था कि कंपनी ने गोल्ड फ्लेक सुपर स्टार की कीमत 70 रुपये से बढ़ाकर 79 रुपये कर दी थी.
यह भी पढ़ें- इंडिया से लेकर फिलिस्तीन तक… दुनिया को बांटने वाले UK के सामने अब खुद के बंटवारे का संकट
यह भी पढ़ें- IAS श्रीधन्या सुरेश: मनरेगा मजदूर की बेटी बनीं कलेक्टर, 40 हजार उधार ले UPSC इंटरव्यू देने दिल्ली पहुंचीं





