

भारतीय सिनेमा में कम बजट में बनी फिल्मों का बड़ी कमाई करना कोई नई बात नहीं है, लेकिन ‘हनुमान अंश’ ने अपनी लागत के मुकाबले कारोबार के अनुपात से इस बहस को फिर तेज कर दिया है. नीम करौली बाबा के जीवन और आध्यात्मिक यात्रा से प्रेरित इस भक्ति ड्रामा फिल्म ने बॉक्स ऑफिस पर उम्मीद से कहीं बेहतर प्रदर्शन किया है. फिल्म के निर्देशक विशाल चतुर्वेदी के मुताबिक, ऑडिट के बाद ‘हनुमान अंश’ का वास्तविक बजट 1.70 करोड़ रुपये आया है.
फिल्म की कमाई
वहीं फिल्म भारत में 193 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है, जबकि दुनियाभर में इसका कारोबार 250 करोड़ रुपये से ऊपर बताया जा रहा है. इस लिहाज से भारत की कमाई को आधार मानें तो फिल्म ने अपनी लागत का करीब 114 गुना कारोबार किया है. यानी लागत की तुलना में फिल्म का रिटर्न करीब 11,270 फीसदी बैठता है. हालांकि वास्तविक मुनाफे का आकलन करने के लिए वितरण, प्रचार और अन्य खर्चों को भी अलग से देखना जरूरी है.
ये Video भी देखें: भक्ति Vs भौकाल – ‘हनुमान अंश’ ने कमाए 130 करोड़, ‘मिर्जापुर’ 100 करोड़ के पार
जय संतोषी मां का तोड़ा रिकॉर्ड
कम बजट और बड़ी कमाई के मामले में इसकी तुलना अक्सर ‘जय संतोषी मां’ से की जाती है. 1975 में रिलीज हुई इस फिल्म को करीब 30 लाख रुपये में बनाया गया था और इसने लगभग 5.25 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. यानी फिल्म ने अपनी लागत का करीब 17.5 गुना कारोबार किया. कमाई में से लागत घटाने पर मुनाफा करीब 16.5 गुना बैठता है. लंबे समय तक ‘जय संतोषी मां’ को भारतीय सिनेमा में कम लागत के मुकाबले असाधारण कमाई करने वाली फिल्मों के उदाहरण के तौर पर देखा जाता रहा है.
नीम करौली बाबा की कृपा
‘हनुमान अंश’ की खासियत यह है कि फिल्म ने बड़े सितारों के बिना दर्शकों के बीच अपनी जगह बनाई. आध्यात्मिक विषय और नीम करौली बाबा से जुड़ी आस्था ने फिल्म को अलग दर्शक वर्ग तक पहुंचाया. फिल्म की लगातार बढ़ती कमाई में माउथ पब्लिसिटी की भी अहम भूमिका बताई जा रही है.
इसके बाद कम बजट के मुकाबले बड़ी वैश्विक कमाई करने वाली फिल्मों में आमिर खान की ‘सीक्रेट सुपरस्टार’ का नाम आता है. करीब 15 करोड़ रुपये के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनियाभर में लगभग 900 से 965 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. चीन में मिली जबरदस्त सफलता ने इसके वैश्विक कलेक्शन को कई गुना बढ़ाया. लागत के मुकाबले इसकी कमाई करीब 60 गुना रही.
फिल्म का बजट
इस तरह लागत और बॉक्स ऑफिस कारोबार के अनुपात की बात करें तो ‘हनुमान अंश’ का प्रदर्शन बेहद असाधारण है. हालांकि अलग-अलग दौर की फिल्मों में बजट और कमाई की गणना के तरीके अलग रहे हैं, इसलिए आरओआई की तुलना करते समय वितरण, प्रचार और दूसरे खर्चों को ध्यान में रखना जरूरी है. फिर भी 1.70 करोड़ रुपये के ऑडिटेड बजट के मुकाबले 193 करोड़ रुपये से ज्यादा की भारतीय कमाई ‘हनुमान अंश’ को भारतीय सिनेमा की सबसे असाधारण कम बजट वाली सफल फिल्मों में शामिल करती है.
ये भी पढ़ें: बॉलीवुड के वो पति-पत्नी, जिन्होंने साथ में किया काम, रणवीर सिंह और दीपिका पादुकोण ने तो आज तक नहीं दी फ्लॉप





