

राजस्थान में 309 नगरीय निकायों के चुनाव नतीजे सोमवार यानी 14 सितंबर को घोषित होंगे. उससे पहले भाजपा और कांग्रेस के खेमों में सियासी हलचल तेज हो गई है. जैसे ही मतदान संपन्न हुए तो चुनाव नतीजे आने से पहले पार्षदों के खरीद-फरोख्त की आशंका के चलते दोनों ही प्रमुख दलों में रिसॉर्ट पालिटिक्स शुरू हो गई. भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने पार्षद प्रत्याशियों के साथ निर्दलीयों की कड़ी बाड़ेबंदी शुरू कर दी है. जयपुर के बस्सी में कांग्रेस ने 150 प्रत्याशियों को प्राइवेट बाउंसरों के कड़े पहरे में रिसॉर्ट में उतारा है, तो बांसवाड़ा में भी कांग्रेस उम्मीदवार रिसॉर्ट में डेरा डाले हुए हैं.
अलवर में बाड़ेबंदी के दौरान बवाल
अलवर के रामगढ़ में उस समय बवाल हो गया, जब बाड़ेबंदी के दौरान निर्दलीय प्रत्याशी को लेने पहुंची पुलिस का कांग्रेस कार्यकर्ताओं और सफिया खान ने विरोध कर दिया. रामगढ़ नगर पालिका चुनाव के तहत वार्ड 10 की निर्दलीय उम्मीदवार अंजू शर्मा के परिजनों की शिकायत पर जब पुलिस उन्हें अकबरपुर स्थित धवला रिसॉर्ट से लेने पहुंची, तो मौके पर हंगामा खड़ा हो गया. पूर्व विधायक सफिया खान और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पुलिस कार्रवाई का कड़ा विरोध किया. हालांकि, प्रत्याशी द्वारा अपनी मर्जी से बाड़ेबंदी में रहने की लिखित सहमति देने के बाद पुलिस खाली हाथ लौट गई.
खाटूश्यामजी के पास होटल में जुटे भाजपा प्रत्याशी
वहीं, सीकर जिले की 14 नगर निकायों में हुए मतदान के बाद भाजपा और कांग्रेस दोनों ही पार्टियों ने अपने-अपने प्रत्याशियों की बाड़ाबंदी कर रखी है और संभावित जीतने वाले निर्दलीय प्रत्याशियों से भी लगातार संपर्क किया जा रहा है. सीकर नगर परिषद को लेकर भाजपा प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी धार्मिक नगरी खाटूश्याम जी के आसपास एक निजी होटल में की गई है, जहां से मौज-मस्ती और बाबा श्याम के भजनों पर झूमते हुए वीडियो सामने आया है.
बांसवाड़ा में बाड़ेबंदी पर सियासत
बांसवाड़ा नगर परिषद चुनाव के नतीजों से पहले बाड़ेबंदी की सियासत चर्चा में है. कांग्रेस के 59 पार्षद उम्मीदवारों का कुंभलगढ़ के एक लग्जरी रिसॉर्ट से दो अलग-अलग वीडियो सामने आए हैं. पहले वीडियो में महिला पार्षद उम्मीदवार हरतालिका तीज के मौके पर हाथों में मेहंदी लगाती नजर आ रही हैं. वहीं दूसरे वीडियो में कांग्रेस के पार्षद उम्मीदवार रिसॉर्ट के रेस्तरां में बैठकर चाय-नाश्ते का आनंद लेते दिखाई दे रहे हैं.
जयपुर के रिसॉर्ट में कांग्रेस उम्मीदवारों का जमावड़ा
वहीं, निकाय चुनाव के नतीजे से पहले जयपुर नगर निगम के 150 कांग्रेस पार्षद उम्मीदवारों को बस्सी स्थित एस्थेरिया रिसॉर्ट में ठहराया गया है. पार्टी ने क्रॉस वोटिंग और हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका के चलते सुरक्षा के लिए प्राइवेट बाउंसर तैनात किए हैं. वरिष्ठ नेताओं की सहमति के बाद विधायकों की अगुवाई में प्रत्याशियों और कुछ संभावित निर्दलीयों को एकजुट रखने के लिए रिसॉर्ट पहुंचाया गया है.
उदयपुर नगर निगम के 80 वार्डों की वोटिंग होने का बाद भाजपा ने सभी प्रत्याशियों को शहर के 100 फिट रोड स्थित होटल हिस्टोरिया में बुलाया. जिसके बाद एक के बाद एक सभा प्रत्याशी होटल पहुंचे. होटल में बैठक के बाद देर रात बस द्वारा सभी को अज्ञात स्थान ले जाया गया. उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, ग्रामीण विधायक फूल सिंह मीणा, जिलाध्यक्ष गजपाल सिंह और पूर्व डिप्टी मेयर पारस सिंघवी से बात की तो उन्होंने कहा कि पार्षद बनने के बाद किस प्रकार से सरकार के साथ काम करना है और एक दूसरे से अच्छी जान पहचान हो जाए उसके लिए उन्हें एकत्रित किया है.
यह भी पढ़ें- BJP प्रत्याशियों की ‘बाड़ेबंदी’ में 2 महीने की बेटी लेकर पहुंची पार्षद उम्मीदवार, बोली- ‘पार्टी का आदेश है’





