

मध्य प्रदेश के सागर जिले में बहुचर्चित जहरीली शराब कांड में फरार चल रहे 30 हजार रुपये के इनामी आरोपी शिवांजय राजपूत को सागर पुलिस ने रविवार तड़के मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया. बहरोल थाना क्षेत्र के कठुआ नाला के पास हुई कार्रवाई के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर तीन राउंड फायर किए. जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के पैर में लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया.
घेराबंदी के दौरान आरोपी ने की फायरिंग
पुलिस के अनुसार, मुखबिर से सूचना मिली थी कि छापरी गांव का रहने वाला 21 वर्षीय आरोपी शिवांजय राजपूत धामोनी-बहरोल मार्ग से अपने घर जाने की कोशिश में है. सूचना मिलते ही बांदरी थाना प्रभारी सत्येंद्र सिंह और बहरोल थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह ने पुलिस बल के साथ इलाके की घेराबंदी की.
पुलिस को देखते ही आरोपी ने भागने का प्रयास किया और टीम पर तीन गोलियां चला दीं. पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए दो राउंड फायर किए. इस दौरान गोली आरोपी के पैर में लगी और पुलिस ने उसे मौके से गिरफ्तार कर लिया.
कट्टा, कारतूस, मोबाइल और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का देशी कट्टा, तीन कारतूस, तीन खोखे, एक मोबाइल फोन और एक मोटरसाइकिल बरामद की है. घायल आरोपी को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
जहरीली शराब कांड में शराब सप्लाई का आरोप
पुलिस के अनुसार, शिवांजय राजपूत जहरीली शराब कांड में शामिल प्रमुख आरोपियों में से एक है. उसकी भूमिका अवैध शराब की सप्लाई से जुड़ी बताई जा रही है. घटना के बाद से वह लगातार फरार चल रहा था. आरोपी के खिलाफ पहले से तीन गंभीर आपराधिक मामले दर्ज होने की जानकारी पुलिस ने दी है.
जहरीली शराब कांड के बाद पुलिस ने फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए इनाम घोषित किए थे. शिवांजय राजपूत पर भी 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था. उसकी गिरफ्तारी को मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है.
सागर पुलिस का कहना है कि जहरीली और अवैध शराब के कारोबार में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है. ऐसे आरोपियों के खिलाफ भी सख्त वैधानिक कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ें- सागर शराब कांड: पूरे नेटवर्क में किसकी क्या भूमिका, चंदू ने दी जमीन तो शराब किसने बनाई? जांच में बड़े खुलासे





