

उत्तर प्रदेश के कन्नौज में अवैध संबंधों के शक में एक पति ने हैवानियत की सारी हदें पार कर दी. पत्नी के चरित्र पर शक करने वाले पति ने कथित तौर पर पहले उसे कुर्सी से बांधा और फिर पेट्रोल डालकर आग लगा दी. आग में गंभीर रूप से झुलसने से महिला की मौत हो गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी पति अपने बच्चों को लेकर फरार हो गया. हालांकि, पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया है. दिल दहला देने वाली यह वारदात छिबरामऊ कोतवाली क्षेत्र के जगतपुर गांव की है.
छिबरामऊ कोतवाली की सिकंदरपुर चौकी क्षेत्र के जगतपुर गांव में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक महिला को जिंदा जलाए जाने की सूचना पुलिस को मिली. आरोप है कि पति सुखबीर सिंह उर्फ मोनू ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करते हुए कमरे में उसे कुर्सी से बांध दिया और पेट्रोल डालकर आग लगा दी. सूचना मिलने पर सुबह करीब 7 बजकर 45 मिनट पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची. घटना के बाद आरोपी पति बच्चों को लेकर फरार हो गया था. बताया जा रहा है कि आरोपी ने वर्ष 2015 में महिला के साथ प्रेम विवाह किया था. वह हरियाणा के हिसार में रहकर मजदूरी करता था और घटना से दो दिन पहले ही गांव लौटा था. पुलिस ने आरोपी सुखबीर सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
कन्नौज पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार ने बताया यह घटना जगतपुर गांव, थाना छिबरामऊ क्षेत्र की है. सुखबीर सिंह नामक व्यक्ति ने अपनी पत्नी के चरित्र पर शक करने के कारण उसे कमरे में बंद करके आग लगा दी, जिससे उसकी जलकर मृत्यु हो गई. आरोपी सुखबीर को गिरफ्तार कर लिया गया है और उससे पूछताछ और विस्तृत जानकारी जुटाई जा रही है. पूछताछ में यह पता चला है कि आरोपी ने वर्ष 2015 में अपनी पत्नी के साथ प्रेम विवाह किया था. आरोपी हिसार में रहकर मजदूरी करता था और घटना से महज दो दिन पहले ही घर आया था, जिसके बाद पत्नी के साथ उसका विवाद हुआ और उसने इस घटना को अंजाम दिया. इस घटना की सूचना सुबह करीब 8:45 बजे मिली, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आगे की कार्रवाई की जा रही है.
इसराइल खान की रिपोर्ट
ये भी पढ़ें : ‘गोकुल’ पर सियासी संग्राम: कांग्रेस ने लगाया ‘अमूल को सौंपने की साजिश’ का आरोप, राहुल गांधी भी मैदान में कूदे





