

राजस्थान के 147 शहरी निकायों में दूसरे चरण का मतदान शुरू हो गया है. दूसरे चरण में 4,744 वार्डों के लिए 18,266 उम्मीदवार चुनाव मैदान में हैं. 87 लाख 60 हजार 884 मतदाता वोट डालेंगे. ज्यादातर वार्डों में भाजपा और कांग्रेस के बीच सीधा मुकाबला है. कई जगह निर्दलीय और अन्य दलों के उम्मीदवार भी मजबूत स्थिति में हैं. कई वार्डों में त्रिकोणीय और चतुष्कोणीय मुकाबले हैं.
जयपुर नगर निगम में दूसरे चरण में सबसे ज्यादा 723 उम्मीदवार मैदान में हैं, जबकि धोरीमन्ना नगरपालिका में सबसे कम 41 उम्मीदवार मैदान में हैं. वहीं, झुंझुनूं की मंड्रेला नगरपालिका के वार्ड 13 में सिर्फ 92 मतदाता हैं.
सरकारी और निजी कर्मचारियों की आज छुट्टी है. दूसरे शहर में जाकर वोट डालने वाले कर्मचारियों को भी मतदान के लिए छुट्टी मिली है. मतदान के लिए अवकाश लेने पर कर्मचारियों की सैलरी नहीं कटेगी.
जयपुर के बूथ पर BCU में तकनीकी खराबी
जयपुर के वार्ड नंबर 141 में बूथ नंबर 11 पर मतदान शुरू होने के दौरान बैलेट कंट्रोल यूनिट (BCU) में सॉफ्टवेयर से जुड़ी तकनीकी खराबी सामने आई. इसके चलते यहां मतदान करीब 5 मिनट देरी से शुरू हुआ. प्रशासन ने तत्काल BCU को बदल दिया, जिसके बाद मतदान प्रक्रिया सुचारू रूप से शुरू हो गई.
इस बूथ पर कुल 1,346 मतदाता पंजीकृत हैं. मतदान शुरू होने के बाद बड़ी संख्या में मतदाता वोट डालने पहुंच रहे हैं. खास तौर पर युवा और पहली बार मतदान करने वाले मतदाताओं में उत्साह नजर आया.
पहली बार वोट डालने पहुंचे निधिश
पहली बार वोट डालने पहुंचे निधिश ने कहा कि वह मतदान को लेकर उत्साहित हैं. उन्होंने बताया कि वह शिक्षा व्यवस्था के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए वोट करेंगे. उनके मुताबिक एजुकेशन सिस्टम बेहतर होना चाहिए. साथ ही उनका क्षेत्र हेरिटेज जयपुर में आता है, इसलिए वह अपने क्षेत्र के इंफ्रास्ट्रक्चर को भी मतदान के दौरान प्राथमिकता देंगे.
वहीं, पहली बार मतदान करने पहुंचीं अंजलि ने कहा कि वह सुरक्षा के मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए वोट करेंगी. उन्होंने कहा कि एक महिला के तौर पर समाज में सुरक्षा उनके लिए महत्वपूर्ण मुद्दा है. इसके साथ ही देश के विकास को ध्यान में रखते हुए भी वह अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगी.
यह भी पढ़ें: निकाय चुनाव: पहले चरण की वोटिंग खत्म, बाड़ेबंदी शुरू; पार्षद प्रत्याशियों को होटल में ठहराया





