खबर

डिश स्पंज में पनप सकते हैं खतरनाक बैक्टीरिया, बर्तन धोने के लिए करें इन चीजों का इस्तेमाल | Kitchen Tips Dish sponge alternatives know What is the most hygienic thing to wash dishes with



बर्तन साफ करने के लिए ज्यादातर घरों में स्पंज का इस्तेमाल किया जाता है. लेकिन क्या आप जानते हैं कि ये छोटा सा स्पंज आपकी सेहत के लिए बड़ा खतरा हो सकता है? कई स्टडीज में सामने आया है कि किचन में इस्तेमाल होने वाले स्पंज में बड़ी संख्या में बैक्टीरिया मौजूद हो सकते हैं. जब आप स्पंज से गंदे बर्तन साफ करते हैं, तो समय के साथ इसमें तेल और चिकनाई जमने लगती है. इसके अलावा बर्तन धोते समय खाने के छोटे-छोटे टुकड़े भी इसके अंदर चले जाते हैं. इसके बाद जब स्पंज को पानी से धोया जाता है, तो ये घंटों तक गीला रहता है. ये सब चीजें मिलकर स्पंज को बैक्टीरिया का घर बना देती हैं. 

फूड सेफ्टी एक्सपर्ट्स के मुताबिक, बर्तन साफ करने वाले स्पंज में ई. कोली (E. coli), स्टैफिलोकोकस (Staphylococcus) और साल्मोनेला (Salmonella) जैसे खतरनाक बैक्टीरिया भी पाए जा सकते हैं, जो आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं. ऐसे में आप चाहें, तो बर्तन साफ करने के लिए स्पंज की जगह कुछ और चीजों का इस्तेमाल कर सकते हैं. आइए जानते हैं बर्तन साफ करने के कुछ ऐसे ही सेफ तरीकों के बारे में- 

डिश ब्रश का करें इस्तेमाल

आप अपने बर्तन साफ करने के लिए स्पंज की जगह डिश ब्रश का इस्तेमाल कर सकते हैं. स्पंज के मुकाबले ब्रश में पानी कम रुकता है और ये जल्दी सूख जाता है. इसके अलावा ब्रश में खाने के टुकड़े भी स्पंज की तरह अंदर नहीं फंसते हैं. ब्रश पर अगर गंदगी जमा हो जाए तो उसे आसानी से देखा जा सकता है और साफ भी किया जा सकता है. ऐसे में आप अपने बर्तनों को डिश ब्रश से साफ कर सकते हैं. 

कैसे करें डिश ब्रश की सफाई?

हालांकि, ब्रश को भी साफ रखना जरूरी है. आप बर्तन धोने के बाद रोज थोड़ी देर इसे गर्म पानी में डुबोकर रख सकते हैं. इसके बाद साबुन के पानी से ब्रश को अच्छी तरह धोएं. धोने के बाद ब्रश को ऐसी जगह रखें जहां पानी आसानी से निकल जाए और वह पूरी तरह सूख सके. अगर ब्रश की बालियों के बीच गंदगी जमा होने लगे, बालियां खराब हो जाएं या ब्रश बहुत गंदा दिखने लगे, तो उसे बदल देना बेहतर है.

सिलिकॉन स्पंज का करें इस्तेमाल 

आजकल बाजार में सिलिकॉन से बने स्पंज भी मिलते हैं. आम स्पंज की तुलना में इनमें चिकनाई और गंदगी कम जमा होती है. साथ ही इस तरह के स्पंज में पानी भी ज्यादा देर तक नहीं रहता है. ऐसे में आप चाहें तो बर्तन साफ करने के लिए सिलिकॉन स्पंज का इस्तेमाल कर सकते हैं. इससे बर्तन साफ करने के बाद धोकर अच्छी तरह सुख लें. 

सिंक के लिए कपड़े का इस्तेमाल करें

कई लोग सिंक, किचन काउंटर, गैस के आसपास की जगह को भी स्पंज से साफ करते हैं. इससे पूरी किचन में बैक्टीरिया बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है. ऐसे में इन जगहों को साफ करने के लिए आप साफ कपड़े का इस्तेमाल कर सकते हैं. इसके लिए आप कॉटन, लिनेन या प्लांट सेलुलोज से बना कोई कपड़ा ले सकते हैं. इस्तेमाल करने के बाद कपड़े को अच्छी तरह धोकर गर्म तापमान पर सुखाएं. साथ ही गीले कपड़े को लंबे समय तक मोड़कर या गोल करके न रखें. अगर कपड़ा लगातार गीला रहता है, तो उसमें भी बैक्टीरिया बढ़ सकते हैं.

अगर स्पंज ही इस्तेमाल करना है तो इन बातों का रखें ध्यान

वहीं, अगर आपको स्पंज से ही बर्तन धोना पसंद है और आप इसे छोड़ना नहीं चाहते, तो इसकी सफाई पर खास ध्यान दें. इसके लिए- 

  • स्पंज को इस्तेमाल करने के बाद अच्छी तरह गर्म पानी से धोएं. उसमें फंसे खाने के टुकड़े और तेल को निकालें. इसके बाद स्पंज से जितना हो सके पानी निकाल दें.
  • स्पंज को लंबे समय तक सिंक के अंदर या किसी गीली जगह पर न छोड़ें. उसे ऐसी जगह रखें जहां हवा लगती रहे और वह जल्दी सूख जाए.
  • आप चाहें, तो माइक्रोवेव में रखकर भी स्पंज को सुखा सकते हैं. जब ये गीला हो, तो इसे किसी छोटे बर्तन में रखकर माइक्रोवेव में थोड़ा सुखा लें, लेकिन इसमें सावधानी रखना बहुत जरूरी है.
  • स्पंज को कभी भी सूखा माइक्रोवेव में न रखें. सूखे स्पंज में आग लगने का खतरा हो सकता है. पहले गर्म पानी और साबुन से स्पंज को अच्छी तरह धोएं. इसके बाद इसे केवल कुछ सेकंड के लिए माइक्रोवेव में रखें और फिर धूप में सुखा लें. 

कितने दिनों में बदल देना चाहिए स्पंज?

बर्तन साफ करने वाले किचन स्पंज को हर 7 से 10 दिन में बदल देना चाहिए. इससे अलग- 

  • अगर स्पंज से बदबू आने लगे, उस पर दाग दिखाई देने लगें या वह बहुत घिस जाए, तो उसे बदल दें.
  • अगर स्पंज में ऐसी गंदगी फंस गई है जिसे साफ करना मुश्किल हो रहा है, तब भी नया स्पंज इस्तेमाल करना बेहतर है.
  • इन सब से अलग बहुत पुराने और खराब स्पंज को बार-बार साफ करने की कोशिश करने के बजाय उसे बदल देना ज्यादा सही है. 

इस तरह छोटी-छोटी बातों को ध्यान में रखकर आप साफ-सफाई और अपनी सेहत दोनों को बेहतर बना सकते हैं. 

यह भी पढ़ें- पोछे के पानी में क्या मिलाने से फर्श पर चींटी नहीं आती हैं? मक्खी और कीड़े भी नहीं आएंगे नजर




Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button