

भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने 7 सितंबर को देश के 15 राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से आज भी झमाझम बारिश होने वाली है. बारिश की वजह से बिहार और उत्तर प्रदेश सबसे ज्यादा प्रभावित नजर आ रहा है. बिहार के 18 जिलों में बाढ़ की चपेट में हैं, जबकि यूपी में प्रयागराज, वाराणसी, अयोध्या और कानपुर समेत कई जिलों में भी बाढ़ जैसी स्थिति बनी हुई है. इसी तरह से मध्य प्रदेश में भी भारी बारिश के बाद नदियों का जलस्तर तेजी से बढ़ा है. मौसम विभाग ने सोमवार के दिन भी तेज बारिश का अलर्ट जारी किया है. पहाड़ी राज्यों में भी भारी बारिश की वजह से लैंडस्लाइड की खबरें हैं. दिल्ली-एनसीआर में भी सोमवार को मौसम फिर बदल सकता है, यहां आज भी बारिश की स्थिति बन रही है.
सोमवार को 15 राज्यों में बारिश
भारतीय मौसम विभाग ने सोमवार को 15 राज्यों में भारी बारिश की संभावना जताई है. 7 सितंबर को उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्य प्रदेश, दिल्ली-एनसीआर, पश्चिम बंगाल, झारखंड, ओडिशा, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, राजस्थान में बारिश की संभावना जताई है. मॉनसूनी सिस्टम फिलहाल पश्चिमी भारत को सबसे ज्यादा तरबतर कर रहा है. यहां झमाझम बारिश हो रही है. मौसम विभाग के मुताबिक इस हफ्ते में मॉनसून की अच्छी बारिश होने के चांस बन रहे हैं.
बिहार में 18 जिलों में बाढ़
बिहार में भारी बारिश के बाद 18 जिलों में बाढ़ की स्थिति है. जबकि आज भी दिनभर मौसम विभाग ने भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. बिहार के भागलपुर जिले में गंगा नदी लाल निशान से ऊपर बह रही है. वहीं पटना में भी गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ता जा रहा है, जिससे निचले इलाकों में रहने वाले लोगों के लिए अलर्ट जारी कर दिया गया है. मौसम विशेषज्ञों की माने तो 7 सितंबर के दिन भी पूरे बिहार में भारी बारिश होने की संभावना है. बिहार में पटना समेत छपरा, भागलपुर, पूर्णिया, सीवान, बक्सर, भोजपुर, रोहतास, कैमूर, सुपौल समेत कई जिलों में भारी बारिश होने की संभावना है.
यहां क्लिक करके जानिए अपने राज्य के मौसम का हाल
यूपी में भी तेज बारिश की संभावना
उत्तर प्रदेश में भारी बारिश की वजह से 26 जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है. अयोध्या, प्रयागराज, वाराणसी, कानपुर, मिर्जापुर, सोनभद्र, लखनऊ समेत कई जिलों में सोमवार को अच्छी बारिश हो सकती है. गंगा नदी का जलस्तर लगातार बढ़ने की वजह से बाढ़ का असर भी लगातार बढ़ता जा रहा है. मौसम विभाग का कहना है कि फिलहाल उत्तर प्रदेश में 7 से 10 सितंबर तक अच्छी बारिश होने की संभावना है. बंगाल की खाड़ी में बने सिस्टम की वजह से पश्चिमी भारत में मॉनसूनी सिस्टम सबसे ज्यादा एक्टिव दिख रहा है, जिसकी वजह से यूपी के पूर्वी हिस्से में अच्छी बरसात हो रही है.
मध्य प्रदेश में नर्मदा नदी उफान पर
मध्य प्रदेश में मॉनसूनी सिस्टम एक्टिव है, यहां पश्चिमी हिस्से में सबसे ज्यादा बारिश हो रही है. जिससे कई जिलों में बाढ़ के हालात बने हुए हैं. नर्मदा नदी उफान पर होने की वजह से कई जिलों में बाढ़ जैसी स्थिति है. भोपाल, जबलपुर, सतना, सीधी, चित्रकूट, मैहर, विदिशा, रायसेन, राजगढ़, मंडला, डिंडौरी, ग्वालियर, शिवपुरी, मुरैना समेत कुछ जिलों में अगले कुछ घंटों में अच्छी बारिश होने की स्थिति बन रही है. मौसम विभाग के मुताबिक मध्य प्रदेश में भी इस हफ्ते मॉनसूनी सिस्टम पूरी तरह से एक्टिव रहेगा.
ये वीडियो भी देखिए
दिल्ली-NCR में भी बदलेगा मौसम
दिल्ली-NCR में भी मौसम फिर बदलने वाला है. 7 सितंबर को यहां फिर से बारिश शुरू हो सकती है. मौसम विभाग के मुताबिक 7 से 10 सितंबर तक दिल्ली-NCR में बारिश होने की स्थिति रहेगी. क्योंकि दिल्ली की तरफ आ रही नमी वाली हवाओं से बारिश की स्थिति बन रही है. पिछले कुछ दिनों में अच्छी बारिश होने के बाद दिल्ली में तापमान 32 डिग्री तक आ गया है. जिससे यहां उमस भरी गर्मी का असर भी कम हो गया है.
पहाड़ी राज्यों में भी बारिश
उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश में भी झमाझम बारिश का दौर जारी है. उत्तराखंड में देहरादून, चंपावत, अल्मोड़ा, नैनीताल, बागेश्वर, पोढ़ी गढ़वाल समेत कई जिलों में तेज बारिश होने की स्थिति हैं. उत्तराखंड के कई जिलों में बारिश के चलते स्कूलों और आंगनबाड़ियों को बंद रखने का फैसला किया है. वहीं हिमाचल प्रदेश की बात करें तो यहां भी लैंडस्लाइड की वजह से यातायात प्रभावित है. हिमाचल में शिमला, सोलन, मंडी, बिलासपुर, कुल्लु, मनाली जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है.
कब तक होगी बारिश
भारतीय मौसम विभाग के मुताबिक फिलहाल उत्तर पश्चिमी राज्यों में अभी कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की स्थिति बनी हुई है. क्योंकि मॉनसूनी सिस्टम यहां पूरी तरह से एक्टिव है. जिससे यूपी, बिहार, मध्य प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक झमाझम बारिश हो सकती है. जबकि दिल्ली-एनसीआर समेत आसपास के राज्यों में अभी कुछ दिनों तक मौसम ऐसा ही रहने के चांस हैं, जिससे यहां बारिश हो सकती है.
ये भी पढे़ंः UP, बिहार, MP समेत 9 राज्यों में बाढ़ का अलर्ट, सेंट्रल वॉटर कमीशन ने जारी की चेतावनी





