खबर

नेपाल से NDTV की ग्राउंड रिपोर्ट: कुछ निशानियों में सिमटकर रह गई जिंदगी | NDTV ground report from Nepal Life reduced to a few remnants


नेपाल में आई बाढ़ ने तबाही के ऐसे निशान छोड़ दिए हैं जो शायद कई सालों तक मिटने वाले नहीं हैं. नेपाल का ही देवघाट एक समय काफी खूबसूरत हुआ करता था. लोगों की चहल-पहल रहती थी, बाजार थे, घर थे और कई सपने भी थे. लेकिन आज वही देवघाट सुनसान पड़ा है. तबाही के बाद यह किसी वीरान जगह जैसा दिखाई देता है.

त्रिशूली नदी के उफान ने यहां सब कुछ खत्म कर दिया है. सिर्फ 20 मीटर आगे चलने पर ही देवघाट में बिखरे हुए सपने और जिंदगियों के निशान मिल जाते हैं. बात चाहे कीचड़ में दबी एक चप्पल की हो, किसी टूटे हुए सूटकेस की हो या फिर मिट्टी में पड़े इस गिटार की जो अब किसी भी तरह की धुन नहीं दे सकता.

देवघाट में इस समय कई घर तो पूरी तरह खत्म हो चुके हैं, तो कई की नींव इतनी कमजोर हो चुकी है कि वहां रहना संभव नहीं है.

देवघाट में पहले एक पुल भी हुआ करता था, लेकिन अब वह भी नहीं है. पुल तक जाने वाली सीढ़ियां आज भी दिखाई दे रही हैं, लेकिन अब उनका कोई मतलब नहीं क्योंकि वे सीढ़ियां कहीं जाती ही नहीं हैं.

Latest and Breaking News on NDTV

इस समय लोगों के लिए लाइफलाइन का काम जिपलाइन कर रही है. यहां भी दो तरह की जिंदगियां दिखाई दे रही हैं. जिपलाइन की एक रस्सी उस घर से बाहर निकली एक सरिया से बंधी है, वहीं जिपलाइन का दूसरा सिरा एक पेड़ से बंधा हुआ है.

यानी एक तरफ वह घर है, जो बाढ़ में गुजर गया और दूसरी तरफ वह पेड़ है जो अकेला बच गया.इस जगह पर जब एनडीटीवी पहुंचा तो जिपलाइन के पास कई स्थानीय स्वयंसेवक मौजूद थे जो निस्वार्थ भाव से लोगों की सेवा कर रहे थे.

हमने उनसे पूछा कि जिपलाइन पर खड़े होने पर डर नहीं लगता? तो स्वयंसेवक ने सीधा कहा, “बाढ़ आकर गुजर भी चुकी है. पानी की ताकत ने जब हमें नहीं डराया तो जिपलाइन से गिरने में कैसा डर?”.

एनडीटीवी ने कई उन लोगों से भी बात की, जिनके आशियाने देवघाट में तबाह हो चुके हैं. ऐसे ही एक शख्स हैं दीपक सुनार जो बैंक में काम करते हैं. जब बाढ़ आई, तब वह अपने घर पर मौजूद नहीं थे. गनीमत यह रही कि भूस्खलन के आते ही पूरा परिवार ऊंचाई की तरफ चला गया था. ऐसे में सभी की जान तो बच गई लेकिन घर पूरी तरह बर्बाद हो चुका है.

Latest and Breaking News on NDTV

त्रिशूली नदी से सिर्फ डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर बना है यह घर लेकिन इसका निचला हिस्सा पूरी तरह खत्म हो चुका है. आसपास की जमीन इतनी कमजोर है कि घर कब तक टिका रहेगा, किसी को नहीं पता.

दीपक बताते हैं कि इस समय हालात ऐसे हैं कि पांच-छह महीने तक वे अपने घर वापस नहीं लौट सकते. एक और कहानी सीताराम रेमालची की भी है. वह दीपक के घर से सिर्फ 10 मीटर की दूरी पर रहते हैं. लेकिन सीताराम का घर पूरी तरह बर्बाद हो चुका है.

वह 40 साल से यहां रह रहे थे, लेकिन अब कुछ नहीं बचा है. सिर्फ रसोई का एक छोटा-सा हिस्सा दिखाई दे रहा है. सीताराम बताते हैं, “शुरुआत में सब कुछ ठीक था, लेकिन 25 मिनट के अंदर सब कुछ बर्बाद हो गया.” उनका परिवार भी बाढ़ से किसी तरह बच गया, लेकिन चार दशक पुराना घर खत्म हो चुका है.

अब सीताराम किसी दूसरी जगह पर अपना घर बनाना चाहते हैं. वह नहीं चाहते कि उनके भविष्य की पीढ़ियां भी ऐसी जगह पर रहें, जहां हमेशा उनकी जान पर खतरा बना रहे.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button