

दिल्ली की सड़कों पर सालों से खुलेआम चल रहे अवैध पार्किंग और वसूली के कारोबार पर आखिरकार पुलिस प्रशासन ने सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. NDTV की ग्राउंड रिपोर्ट में इस पूरे नेटवर्क का खुलासा होने के बाद नॉर्थ और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट ट्रैफिक पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए कई इलाकों में कार्रवाई की. पुलिस की इस मुहिम के बाद अवैध पार्किंग चलाने वाले लोगों में हड़कंप मच गया है और कई जगहों से अवैध कब्जे हटाए गए हैं.
NDTV की पड़ताल में सामने आया अवैध वसूली का खेल
मामला तब सुर्खियों में आया जब NDTV ने अपनी ग्राउंड रिपोर्ट में लाल किला, चांदनी चौक और आसपास के इलाकों में चल रही अवैध पार्किंग व्यवस्था की जमीनी हकीकत को सामने रखा. रिपोर्ट में दिखाया गया कि किस तरह सार्वजनिक सड़कों और सरकारी जमीनों पर वाहनों की पार्किंग कराकर लोगों से अवैध रूप से शुल्क वसूला जा रहा था.
(दिल्ली-एनसीआर में आप गाड़ी लेकर कहीं भी जाएं,…मार्केट, कॉमर्शियल बिल्डिंग, ऐतिहासिक स्थल, मंदिर, बड़े पार्क या फिर रेस्टोरेंट, वहां पहुंचते ही सबसे पहले जो व्यक्ति आपसे मुखातिब होता है वो है पार्किंग की पर्ची काटता कर्मचारी. कई जगहों पर ये कर्मचारी नगर निगम या विकास प्राधिकरणों द्वारा अधिकृत भी होते हैं लेकिन राजधानी दिल्ली और उसके आसपास के जिलों की अधिकतर जगहों पर पार्किंग शुल्क के नाम पर पर्ची माफिया काम कर रहा है. ये वो लोग हैं जिन्हें ना तो किसी ने पार्किंग के लिए अधिकृत किया है और ना ही जिस जगह पर ये गाड़ियां पार्क करवाकर पैसे वसूलते हैं वहां पार्किंग का कोई शुल्क तय है. अगर आप इनसे सवाल-जवाब करें या पैसे देने से मना करें तो दबंगई दिखाने को भी ये तैयार रहते हैं. ndtv.in ऐसे ही पार्किंग माफिया के खिलाफ चला रहा है मुहिम. इस सीरीज की चौथी किस्त में पढ़िए, दिल्ली में कैसे चल रहा है अवैध पार्किंग का खेल.)
हाई कोर्ट के आदेशों के बावजूद जारी था कारोबार
दिल्ली हाई कोर्ट द्वारा अवैध पार्किंग पर रोक लगाने के स्पष्ट आदेश दिए जाने के बावजूद यह जारी रहा. आरोप है कि अवैध पार्किंग संचालकों ने अधिकृत पार्किंग स्थलों पर लगे MCD के बोर्डों पर पेंट कर दिया, ताकि वहां निर्धारित शुल्क और आधिकारिक जानकारी दिखाई न दे. इसके बाद भी वाहनों की पार्किंग कराकर मनमाने ढंग से वसूली का सिलसिला चलता रहा.
जामा मस्जिद और कोतवाली क्षेत्र में सामने आई दोहरी व्यवस्था
NDTV की रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि जामा मस्जिद के निकट कोतवाली थाना क्षेत्र में एक ओर एमसीडी की अधिकृत पार्किंग संचालित हो रही थी, जबकि सड़क के दूसरी ओर समानांतर रूप से अवैध पार्किंग का संचालन किया जा रहा था. इस खुलासे के बाद मामले को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए.
वरिष्ठ अधिकारियों ने तैयार किया संयुक्त एक्शन प्लान
सूत्रों के अनुसार, सेंट्रल रेंज के डीसीपी ट्रैफिक के निर्देश पर नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट और सेंट्रल डिस्ट्रिक्ट पुलिस ने संयुक्त रणनीति तैयार की. नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की डीसीपी निहारिका भट्ट, मध्य जिले के डीसीपी रोहित राजबीर और ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों में समन्वित कार्रवाई की योजना बनाई.
लाल किला, कोतवाली और झंडेवालान में चला अभियान
निर्देश मिलते ही पुलिस ने भारी बल के साथ लाल किला, कोतवाली, चांदनी चौक और पहाड़गंज के झंडेवालान समेत कई इलाकों में अभियान चलाया. कार्रवाई के दौरान अवैध पार्किंग स्थलों को हटाया गया और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ कदम उठाए गए. पुलिस की इस अचानक कार्रवाई के बाद अवैध वसूली में शामिल लोगों की गतिविधियां काफी हद तक प्रभावित हुई हैं.
सड़कों से हटे कब्जे, ट्रैफिक व्यवस्था को मिली राहत
नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट डीसीपी निहारिका भट्ट ने बताया कि “उन्होंने NDTV की खबर से मिली जानकारी के आधार पर सख्त कदम उठाये हैं और आगे इसमें कोई समझौता नहीं किया जाएगा.” पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के कारण न केवल यातायात प्रभावित हो रहा था, बल्कि सुरक्षा संबंधी चिंताएं भी बढ़ रही थीं. कई स्थानों पर ई-रिक्शा और अन्य वाहनों की अनियंत्रित पार्किंग से नियमित रूप से जाम की स्थिति बनती थी. अभियान के बाद कई प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था में सुधार देखने को मिला है.
लोडिंग-अनलोडिंग के लिए तय किया गया समय
नॉर्थ डिस्ट्रिक्ट की डीसीपी निहारिका भट्ट के अनुसार, स्थानीय व्यापारिक संगठनों और मार्केट वेलफेयर एसोसिएशनों के साथ बैठकें कर समस्या के समाधान की दिशा में काम किया गया. पुलिस और ट्रैफिक विभाग ने चांदनी चौक, सुभाष मार्ग और एच.सी. सेन मार्ग पर संयुक्त अभियान चलाया, जिसके तहत अतिक्रमण और अवैध पार्किंग हटाई गई.
व्यापारिक गतिविधियों को सुचारु बनाए रखने के लिए एच.सी. सेन मार्ग पर लोडिंग और अनलोडिंग का समय रात 9 बजे से सुबह 9 बजे तक निर्धारित किया गया है. वहीं सार्वजनिक मार्गों में बाधा उत्पन्न करने वालों के खिलाफ बीएनएस की धारा 285 के तहत कार्रवाई भी की जा रही है.
जाम वाले इलाकों पर विशेष फोकस
पुलिस ने यह भी बताया कि आईएसबीटी और हनुमान मंदिर के आसपास मंगलवार और शनिवार को लगने वाले भारी जाम से निपटने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है. अधिकारियों का कहना है कि अभियान केवल एक बार की कार्रवाई नहीं है, बल्कि इसे लगातार जारी रख जाएगा ताकि दोबारा अतिक्रमण और अवैध पार्किंग की समस्या न उभरे.
शिकायतों पर भी रहेगी सख्त नजर
दिल्ली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध पार्किंग और अतिक्रमण के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा. अधिकारियों का कहना है कि नागरिकों से मिलने वाली शिकायतों पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी और सार्वजनिक स्थानों पर अवैध कब्जा या वसूली किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी.
इस सीरीजी के दूसरे भाग यहां पढ़ें-
गाजियाबाद में कलेक्ट्रेट के बाहर तक टूट रहे नियम
लाल किले के सामने से उखड़ा पार्किंग माफिया का साम्राज्य





