खबर

राजगढ़ सड़क हादसे में बेंगलुरु के पुलिस अफसर समेत चार की मौत, 12 लोग घायल; लखनऊ से इंदौर जा रही थी बस | rajgarh bus accident biaora agra mumbai highway bengaluru police officer death lucknow to indore bus crash 


एमपी के राजगढ़ जिले के ब्यावरा के पास आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. लखनऊ से इंदौर जा रही एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पुलिया (ब्रिज) से टकरा गई और पलटकर सीधी खड़ी हो गई. हादसे में बेंगलुरु साइबर सेल के इंस्पेक्टर रवि केवी समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 यात्री घायल हो गए. घायलों में चार की हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए भोपाल रेफर किया है. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.

पुलिया से टकराने के बाद पलटी बस

जानकारी के मुताबिक, निजी यात्री बस लखनऊ से इंदौर की ओर जा रही थी. जब बस राजगढ़ जिले के ब्यावरा क्षेत्र में आगरा-मुंबई हाईवे पर पहुंची, तभी वह अचानक अनियंत्रित हो गई. बस पहले एक ब्रिज से टकराई और फिर पलटकर सड़क पर सीधी खड़ी हो गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में सवार कई यात्री सीटों से उछलकर गिर पड़े और कुछ लोग बस में फंस गए.

हादसे में चार लोगों की गई जान

इस हादसे में चार लोगों की मौके पर या अस्पताल पहुंचने के दौरान मौत हो गई. मृतकों में बेंगलुरु साइबर सेल के इंस्पेक्टर रवि केवी भी शामिल हैं. उनके अलावा बस चालक विकास शुक्ला, बिहार निवासी 23 वर्षीय बेलाल अली और बिजवाड़ निवासी ज्योतिरादित्य सिंह गौड़ की भी जान चली गई. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना दी.

बेंगलुरु साइबर सेल की टीम भी थी बस में सवार

हादसे का एक महत्वपूर्ण पहलू यह है कि बस में बेंगलुरु साइबर पुलिस की टीम भी सफर कर रही थी. टीम के इंस्पेक्टर रवि केवी की मौत हो गई, जबकि सब इंस्पेक्टर रमेश नायक, एएसआई श्रीनिवास और टेक्निकल स्टाफ विश्वनाथ घायल हो गए. सभी लखनऊ से इंदौर जा रहे थे. हादसे के बाद पुलिस विभाग में भी शोक का माहौल है.

Latest and Breaking News on NDTV

अस्पताल में घायलों का इलाज करते डॉक्टर. 

चार गंभीर घायलों को भोपाल किया रेफर

हादसे में घायल हुए यात्रियों को पहले ब्यावरा के अस्पताल पहुंचाया. प्राथमिक उपचार के बाद चार घायलों की हालत गंभीर देखते हुए उन्हें भोपाल रेफर किया. इनमें अमित कुमार प्रताप सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, सुमन शर्मा, श्रीनिवास और केशव शामिल हैं. डॉक्टरों की टीम उनकी लगातार निगरानी कर रही है.

परिवारों में मचा कोहराम

दुर्घटना की सूचना मिलते ही मृतकों और घायलों के परिजनों में चिंता और शोक का माहौल फैल गया. बस में उत्तर प्रदेश, बिहार, कर्नाटक और मध्यप्रदेश के यात्री सवार थे. कई परिवार अपने गंतव्य तक पहुंचने की तैयारी में थे, लेकिन रास्ते में हुई इस दुर्घटना ने उनकी यात्रा को त्रासदी में बदल दिया.

पुलिस ने शुरू की जांच

राजगढ़ पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है. शुरुआती जानकारी में बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, हालांकि दुर्घटना की वास्तविक वजह तकनीकी खराबी, चालक की चूक या अन्य किसी कारण से हुई, इसका पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.

राजगढ़ एसपी अमित तोलानी ने बताया कि आगरा-मुंबई राष्ट्रीय राजमार्ग पर बस दुर्घटनाग्रस्त हुई है. हादसे में चार लोगों की मौत हुई है और 12 यात्री घायल हुए हैं. सभी घायलों का इलाज कराया जा रहा है, जबकि गंभीर रूप से घायल यात्रियों को भोपाल रेफर किया है.





Source link

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button